Breaking News Russia-Ukraine TFA Exclusive War

मारियूपोल थिएटर फिर बनकर तैयार, रूस-यूक्रेन जंग में हुआ था तबाह

रूस-यूक्रेन जंग के शुरूआती हफ्तों में (मार्च 2022) में जिस 19वीं सदी के मारियूपोल थिएटर पर सबसे बड़ा हमला हुआ था, उसे रूस ने एक बार फिर से बनाकर खड़ा कर दिया है. सेंट पीटर्सबर्ग के वास्तुकारों की मदद से रूस ने इस थिएटर को ना केवल फिर से खड़ा किया बल्कि सौंदर्यकरण भी किया है.  यूक्रेन का आरोप था कि इस थिएटर में मारियूपोल के स्थानीय लोगों ने शरण ले रखी थी और रूस की एयर-स्ट्राइक में करीब 300 लोग मारे गए थे. 

यूक्रेनी सेना ने थिएटर को तब्दील किया एम्युनिशन स्टोर में: रशिया

रूस का दावा था कि इस थिएटर में यूक्रेनी सेना ने गोला-बारूद का स्टोर बना रखा था और उसकी देखभाल के लिए यहां यूक्रेनी सैनिक तैनात रहते थे. हमले के महज कुछ दिनों बाद (12 अप्रैल 2022 को) एबीपी न्यूज ने इस मारियूपोल थिएटर के अंदर से रिपोर्टिंग की थी. उस दौरान, चारदीवारी को छोड़कर पूरा थिएटर जमींदोज हो गया था और मलबा ही मलबा दिखाई पड़ रहा था. अंदर की दीवारें तक जलकर राख में तब्दील हो चुकी थी.  

जंग के शुरूआती हफ्ते में मारियूपोल शहर हो गया था पूरा बर्बाद

कभी यूक्रेन का हिस्सा रहा मारियूपोल, डोनबास प्रांत का एक पोर्ट-सिटी है जो रुस-यूक्रेन युद्ध में सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ था. युद्ध के शुरुआती हफ्तों में शहर में दोनों देशों की सेनाओं में जमकर गोलाबारी हुई थी. इसका नतीजा ये हुआ कि शहर का 80-90 प्रतिशत हिस्सा पूरी तरह तबाह हो गया था. बुजुर्ग और असहाय लोगों को छोड़कर पूरी जनता शहर छोड़ गई थी. बड़ी संख्या में लोगों की मौत भी हुई थी.

उस दौरान शहर पूरी तरह रूसी सेना के कब्जे में आ चुका था लेकिन अजोव स्टील प्लांट की जंग जारी थी. शहर में रिपोर्टिंग के दौरान बमबारी की आवाज साफ सुनाई पड़ रही थी. 

मारियूपोल सहित यूक्रेन के डोनबास के 80 प्रतिशत हिस्से पर अब रूस का अधिकार है. ऐसे में रूस ने सेंट पीटसबर्ग के शिल्पकारों और इंटीयर-डेकोरेटर्स की मदद से इस थिएटर की सुंदरता को बरकरार रखा है. 

2024 में पुतिन ने किया था मारियूपोल का दौरा

वर्ष 2024 में खुद रुस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने मारियूपोल शहर का दौरा कर नवीनीकरण की समीक्षा की थी. इस दौरान रुस द्वारा बनाए गए नए अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों से भी पुतिन ने मुलाकात की थी. हालांकि, उस दौरान तस्वीरों के बैकग्राउंड में गोलाबारी और आग से स्याह हो चुकी बर्बाद इमारतें साफ देखी जा सकती थी. बाद में जो तस्वीरें मारियूपोल शहर की जारी की गई हैं, उनमें भी बहुमंजिला रिहायशी बिल्डिंग और पार्क दिखाए गए थे. इन तस्वीरों के जरिए ये बताने की कोशिश की गई थी कि शहर अब सामान्य जिंदगी की तरफ लौट रहा है. 

रूस-यूक्रेन जंग को पूरे चार वर्ष होने जा रहे हैं, लेकिन युद्ध खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है. रविवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर  जेलेंस्की से फ्लोरिडा में मुलाकात के दौरान खुद कहा था कि रूस-यूक्रेन जंग को रूकवाने बहुत मुश्किल है. ट्रंप ने दावा किया था कि पिछले एक वर्ष में अमेरिका ने कुल 08 युद्ध रूकवाए हैं, लेकिन रूस-यूक्रेन जंग अलग है.

[साभार: एबीपी न्यूज]

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.