Breaking News NATO Reports Russia-Ukraine War

रूस नहीं करेगा यूरोप पर अटैक, पुतिन ने कागज पर गारंटी देने की बात कही

रूस-यूक्रेन के बीच न खत्म होते युद्ध में सबसे ज्यादा खौफ में है तो वो है यूरोप. फ्रांस, यूके, स्पेन, पोलैंड, जर्मनी समेत कई देश इस बात की आशंका जता चुके हैं कि अगर रूस को रोका नहीं गया तो अगला निशाना यूरोप का कोई देश है. 

यूरोप में खौफ का आलम ये है कि कई देशों ने रक्षा बजट बढ़ा दिया है तो कई देशों ने बंकर बनाने शुरु कर दिए हैं. वहीं फ्रांसीसी राष्ट्रपति ने तो अपने देश में अग्निवीर जैसे स्वैच्छिक सैन्य सेवा की योजना लॉन्च कर दी है ताकि भविष्य में सैनिकों की कोई कमी न हो.

यूरोपीय देशों में बढ़ते खौफ के बीच रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि रूस के खिलाफ एक प्रोपेगेंडा है. हम कागज पर लिख कर दे सकते हैं कि रूस कभी यूरोप और नाटो पर अटैक नहीं करेगा. 

यूरोप के आरोप हास्यास्पद, हथियार बेचने वालो ने फैलाई अफवाह

किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में कलेक्टिव सिक्योरिटी ट्रीटी ऑर्गेनाइजेशन (सीएसटीओ) शिखर सम्मेलन के दौरान पुतिन ने यूरोप को लेकर बड़ा बयान दिया है. पुतिन ने कहा, रूस का यूरोप पर हमला करने का कोई इरादा नहीं है. 

पुतिन बोले, “हम कागज पर लिखकर दे सकते हैं कि रूस कभी यूरोप या नाटो पर हमला नहीं करेगा. ये सारे आरोप हास्यास्पद और झूठे हैं. 

पुतिन ने कहा, “ये सारी बातें यूरोप अपनी जनता के बीच अफवाह फैलाने के लिए कर रहा है, ऐसी बातें वो कंपनियां और देश फैला रहे हैं, जो अपना हथियार बेचना चाहते हैं.”

पुतिन के पीस प्लान में यूरोप को लेकर की गई गारंटी की बात, पुतिन ने बताया कोरी बकवास

किर्गिस्तान में एक पत्रकार ने पुतिन से ट्रंप के 28 प्वॉइंट पीस प्लान का जिक्र किया था, जिसमें रूस से नो अटैक ऑन यूरोप की लिखित गारंटी मांगी गई है. 

पत्रकार के सवाल के जवाब में पुतिन ने कहा, “यह कहना कि रूस यूरोप पर हमला करने की योजना बना रहा है, बकवास है. हम कभी ऐसा सोचते भी नहीं, लेकिन अगर वे लिखित गारंटी चाहते हैं, तो हम कूटनीतिक भाषा में इसे औपचारिक रूप से दर्ज करने को तैयार हैं.” 

“हम यूरोप के प्रति आक्रामक योजनाओं की कल्पना भी नहीं करते. यह उन धोखेबाजों द्वारा फैलाई गई बात है, जो जनता को डराकर अपनी रेटिंग बढ़ाते हैं और हथियार उद्योग को फायदा पहुंचाना चाहते हैं. शायद यूरोपीय नेता सिर्फ अपनी जनता के लिए एक झूठा वहम पैदा करना चाहते हैं. या फिर ये हथियार बनाने वाली कंपनियों के आगे-पीछे घूम रहे है.”

नाटो का विस्तार बंद हो, दोनेत्स्क और लुहांस्क पर हम नहीं देंगे कोई छूट: पुतिन

पुतिन ने कहा कि “हम यूक्रेन युद्ध में क्रीमिया या पूर्वी क्षेत्रों (दोनेत्स्क और लुहांस्क) पर कोई रियायत नहीं देंगे. हम शांति चाहते हैं, लेकिन नाटो का विस्तार बंद हो और यूक्रेन को हथियार सप्लाई रुके.

अगर यूक्रेन की सेना मोर्चे से पीछे हट जाती है तो हम भी हथियार छोड़ देंगे. लेकिन वह पीछे नहीं हटी तो हम सैन्य तरीके से ही जीत हासिल करेंगे.”

पुतिन ने चेतावनी दी कि “अगर यूक्रेन शांति योजना स्वीकार नहीं करता, तो रूसी सेनाएं सैन्य तरीके से लक्ष्य हासिल करेंगी. पुतिन ने कहा, अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल अगले सप्ताह मॉस्को पहुंचेगा. रूसी पक्ष से राष्ट्रपति सहायक व्लादिमीर मेदिन्स्की और विदेश मंत्रालय के अधिकारी वार्ता करेंगे.”

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Warning: Version warning: Imagick was compiled against ImageMagick version 1692 but version 1693 is loaded. Imagick will run but may behave surprisingly in Unknown on line 0