Alert Breaking News Geopolitics Indian-Subcontinent Reports

शेख हसीना पर शिकंजा, रूसी न्यूक्लियर प्लांट में 42 हजार करोड़ हड़पने का आरोप

भारत से प्रत्यर्पण की मांग के अगले दिन ही बांग्लादेश ने (पूर्व) प्रधानमंत्री शेख हसीना के खिलाफ रूपपुर न्यूक्लियर पावर प्लांट मामले में पांच बिलियन डॉलर (करीब 42 हजार करोड़) के गबन करने के आरोप में आपराधिक मामला दर्ज कर लिया है. शेख हसीना ने इस प्लांट को रूस की मदद से स्थापित किया था.  

बांग्लादेश की यूनुस सरकार ने शेख हसीना के साथ-साथ उनके बेटे सजीब वाजेद जॉय और भांजी तुलिप सिद्दीक के खिलाफ भी इस गबन में आरोपी बनाया है.

रूपपुर न्यूक्लियर प्लांट को रूस की रोसाटॉम कंपनी ने बनाया है और इसमें कुछ भारतीय कंपनियों ने भी सहयोग किया है. ढाका से करीब 160 किलोमीटर की दूरी पर ये प्लांट है.

आरोप है कि शेख हसीना ने रूपपुर प्लांट से गबन किए पांच बिलियन डॉलर को मलेशिया के बैंक में ट्रांसफर किया है. बांग्लादेश के हाई कोर्ट के आदेश पर एंटी करप्शन कमीशन ने इस मामले में शेख हसीना और उनके परिवारवालों पर मामला दर्ज किया है.

रूस की मदद से बांग्लादेश में पहली बार किसी परमाणु संयंत्र को स्थापित किया गया है. इस प्लांट के उदघाटन में खुद रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भी वर्चुयल माध्यम से उपस्थित रहे थे. (https://x.com/neeraj_rajput/status/1820710308362481828)

शेख हसीना पर हुई एफआईआर के मामले में रूस की कंपनी ने रोसाटॉम ने सभी आरोपों को एक सिरे से खारिज कर दिया है.

सोमवार को ही बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय ने भारत को एक नोट-वर्बल के माध्यम से शेख हसीना के प्रत्यर्पण की मांग की थी.

यूनुस सरकार ने अगस्त के महीने में बांग्लादेश में शेख हसीना के खिलाफ हुई उग्र-प्रदर्शन के दौरान पुलिस फायरिंग में मारे गए छात्रों के मामले में भी आपराधिक मामला दर्ज किया है. पिछले कुछ समय में शेख हसीना पर दो दर्जन से मामले दर्ज किए गए हैं. (शेख हसीना के प्रत्यर्पण की मांग, बांग्लादेश को मिलेगा जल्द जवाब)

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.