Alert Breaking News Conflict Geopolitics Indian-Subcontinent

शेख हसीना नहीं आएंगी संबंधों में आड़े: बांग्लादेश

शेख हसीना के भारत में रहने से बांग्लादेश के संबंध नहीं बिगड़ेंगे. ये कहना है बांग्लादेश के विदेश मामलों के सलाहकार का. बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के शीर्ष सलाहकार तौहीद हुसैन ने कहा कि “ढाका हमेशा नई दिल्ली के साथ अच्छे संबंध बनाए रखने की कोशिश करेगा.” तौहीद हुसैन भारत में बांग्लादेश के डिप्टी हाई कमिश्नर के पद पर कार्यरत रह चुके हैं.

हमेशा भारत से अच्छे संबंध चाहते हैं: तौहीद हुसैन
बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के सलाहकार तौहीद हुसैन ने कहा है कि “द्विपक्षीय संबंध पारस्परिक हितों पर आधारित होते हैं.  दोनों पक्षों बांग्लादेश और भारत के अपने-अपने हित हैं और वो उन हितों पर ध्यान केंद्रित करेंगे. भारत के साथ हमेशा अच्छे संबंध बनाए रखने की कोशिश करेंगे.’’ 

दरअसल तौहीद हुसैन से ये सवाल पूछा गया था कि अगर हसीना का भारत में प्रवास लंबा हो गया तो क्या भारत के साथ द्विपक्षीय संबंध प्रभावित होंगे? सवाल का जवाब देते हुए तौहीद ने कहा कि “यह एक काल्पनिक प्रश्न है. यदि कोई किसी देश में रहता है तो उस विशेष देश के साथ संबंध क्यों प्रभावित होंगे? इसका कोई कारण नहीं है.” 

….तो मित्रता अस्तित्व में नहीं रहेगी: तौहीद हुसैन
राजनयिक और पूर्व विदेश सचिव की भूमिका निभा चुके हुसैन ने कहा, “यह अहम है कि भारत बांग्लादेश का अच्छा दोस्त है. हम ढाका-दिल्ली संबंध को उस दिशा में आगे बढ़ाना चाहते हैं. हम भारत और चीन सहित सभी के साथ सकारात्मक संबंध बनाए रखने का इरादा रखते हैं.”

भारत और बांग्लादेश के संबंधों पर बोलते हुए तौहीद हुसैन ने कहा कि “द्विपक्षीय संबंध दो पक्षों के हित पर निर्भर करता है. मित्रता भी दो लोगों के हित का संबंध है. यदि हित को ठेस पहुंचती है तो मित्रता अस्तित्व में नहीं रहती. उन्होंने कहा कि “बांग्लादेश और भारत के द्विपक्षीय संबंध में दोनों पक्षों के हित निहित हैं और वे अपने-अपने हित की रक्षा करेंगे.

बांग्लादेश में भारत के राजनयिकों को मौजूदा सरकार की स्थिति और सहयोग देने की आशा करते हुए बताया  “हमारा मानना है कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय में हमारे सभी मित्र और साझेदार देश अंतरिम सरकार और हमारे लोगों के साथ खड़े रहेंगे क्योंकि हम बांग्लादेश के लिए एक नए भविष्य की योजना तैयार कर रहे हैं.” 

शेख हसीना बांग्लादेश लौटें, पर अराजकता ना फैलाएं: अंतरिम सरकार
बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के गृह मामलों के सलाहकार ब्रिगेडियर जनरल (रिटायर्ड) एम सखावत हुसैन ने पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना से देश वापस आने की अपील की है. 

सखावत ने कहा है कि शेख हसीना खुद से गईं, उन्हें अपने देश वापस आना चाहिए, लेकिन कोई हंगामा न करें क्योंकि फिर लोग और ज्यादा नाराज होंगे. देश को अराजकता की तरफ नही धकेलें, नए चेहरों के साथ अपनी पार्टी फिर से शुरू करें.”

शेख हसीना पर बांग्लादेश में हत्या का केस दर्ज
बांग्लादेश से बाहर निकलीं शेख हसीना की मुश्किलें कम नहीं हो रही हैं. बांग्लादेश में शेख हसीना समेत 7 लोगों के खिलाफ दुकान के मालिक की मौत मामले में केस दर्ज किया गया है. 

पिछले महीने हिंसा के दौरान दुकान के मालिक की मौत हुई थी. मोहम्मदपुर में आरक्षण आंदोलन के समर्थन में 19 जुलाई को निकाले गए जुलूस के दौरान पुलिस की गोलीबारी में मौत हो गई थी. शेख हसीना के अलाव अन्य आरोपियों में अवामी लीग के महासचिव ओबैदुल कादर, पूर्व गृह मंत्री असदुज्जमां खान कमाल और पूर्व पुलिस महानिरीक्षक चौधरी अब्दुल्ला अल मामून शामिल हैं.

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.