Breaking News Conflict DMZ

लक्ष्मण-रेखा पार करना पड़ा भारी, किम जोंग के सैनिकों पर फायरिंग

दक्षिण कोरिया में बिना राष्ट्रपति की सरकार का फायदा उठाकर पड़ोसी (दुश्मन) देश उत्तर कोरिया के सैनिकों ने बेहद संवेदनशील डिमिलिट्राइज जो (डीएमजेड) पार करने की कोशिश की. लेकिन अलर्ट दक्षिण कोरियाई सैनिकों ने फायरिंग की तो सनकी तानाशाह किम जोंग के सैनिक भाग खड़े हुए.

दक्षिण कोरिया ने दावा किया कि उत्तर कोरिया के लगभग 10 सैनिकों ने दोनों देशों का बॉर्डर पार किया था लेकिन वार्निंग शॉट के बाद लौट गए.

उत्तर कोरियाई सैनिकों ने पार की सीमा, घुसपैठ की कोशिश: साउथ कोरिया

दक्षिण कोरिया की सेना के मुताबिक, “उत्तर कोरिया के सैनिकों के सीमा पार की थी. चेतावनी देने और गोलियां चलाने के बाद उत्तर कोरिया के लगभग 10 सैनिक अपनी सीमा में वापस लौट गए. उत्तर कोरिया की ओर से हर हरकत पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है.” दक्षिण कोरिया की सेना ने कहा, “ये घटना पूर्वी सीमा क्षेत्र में हुई, जहां दोपहर 5 बजे के करीब उत्तर कोरियाई सैनिकों ने सैन्य विभाजन रेखा का उल्लंघन किया. सैनिकों ने बुलेटप्रूफ जैकेट पहन रखी थी और कुछ हथियारों से लैस थे. हालांकि, कोई हिंसक टकराव नहीं हुआ और सभी सैनिक चेतावनी के बाद लौट गए.”

पिछले साल गुब्बारों को लेकर बढ़ा था तनाव

तानाशाह के सैनिकों के सीमा पार करने का ये कोई पहला मामला नहीं है. इससे पहले भी पिछले साल उत्तर कोरियाई सैनिकों ने सीमा का उल्लंघन किया था, दक्षिण कोरिया की फायरिंग के बाद सैनिकों को पीछे हटना पड़ा था. इसके अलावा नॉर्थ कोरिया के ओर से कीचड़ भरे दर्जनों गुब्बारों को साउथ कोरिया में भेजा गया था, जिसके विरोध में दक्षिण कोरिया ने भी प्रोपेगेंडा पर्चे और लाउडस्पीकर पर साउथ कोरियन म्यूजिक और गाने बजाए थे, जो तानाशाह की सख्ती के कारण उनके देश में बैन हैं.

बेहद ही खतरनाक सीमा है डिमिलिटराइज्ड जोन यानी डीएमजी

दुनिया की सबसे खतरनाक सीमाओं में से एक है डीएमजी, जिसे पार करने की कोशिश की गई है. 155 मील लंबी और 2.5 मील चौड़ी इस सीमा पर बारूदी सुरंगें बिछी हैं और दोनों ओर सशस्त्र सेनाएं तैनात हैं. डीएमजी के जरिए दोनों देशों में विभाजन है. दोनों देशों की सेनाएं इस सीमा पर पैनी नजर रखती हैं.

साउथ कोरिया में चुनाव, किम से बातचीत करने वाला बनेगा राष्ट्रपति 

दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति यून सुक योल को संवैधानिक अदालत द्वारा पद से हटा दिया गया है. यून ने पिछले साल दिसंबर में जबरन मार्शल लॉ लगा दिया था, जिसे देशद्रोह करार दिया गया. कोर्ट ने यून के फैसले को असंवैधानिक करार दिया और उन्हें पद से हटा दिया, जिसके बाद माना जा रहा है कि साउथ कोरिया में चुनाव कराए जाएंगे.दक्षिण कोरिया में विपक्ष के नेता ली जे-म्यंग को आगामी चुनाव में प्रमुख दावेदार माना जा रहा है, जिनकी पार्टी उत्तर कोरिया के प्रति सुलह वाले रुख के लिए जानी जाती है. 

तानाशाह ने खुद हाथ में उठाई स्नाइपर, लगाया शॉट 

उत्तर कोरिया के पड़ोसी देश साउथ कोरिया में मची राजनीतिक उथल पुथल के बीच किम जोंग उन ने स्पेशल फोर्स की एक इकाई का दौरा किया, जहां उन्होंने जवानों के साथ फायरिंग अभ्यास में हिस्सा लिया और आधुनिक हथियारों की ताकत पर भरोसा जताया. किम जोंग उन ने ऑटोमैटिक राइफल और स्नाइपर राइफल से फायरिंग ड्रिल को देखा. किम ने खुद भी नई विकसित स्नाइपर राइफल से गोली चलाई और उसके प्रदर्शन से बेहद संतुष्ट नजर आए. जारी की गई तस्वीरों में किम जोंग उन को सैनिकों के साथ अभ्यास करते, निशाने पर लगी बुलेट को दिखाते हुए और सैनिकों की ओर हाथ हिलाकर अभिवादन करते हुए देखा गया.

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.