Breaking News Conflict Reports

कब खत्म होगी मणिपुर की हिंसा, CM की माफी पर सियासत

मणिपुर में सेना, पुलिस और दूसरे सुरक्षाबलों के ज्वाइंट ऑपरेशन में भारी मात्रा में हथियार गोला,बारूद और दूसरी युद्ध सामग्री की बरामदगी के एक दिन बाद फिर से झड़प के बाद तनाव जैसे हालात बन गए है. साथ ही मुख्यमंत्री की माफी पर भी राजनीति शुरू हो गई है और कांग्रेस ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है.

मंगलवार को कांगपोकपी जिले में कुकी समुदाय की महिलाओं की सुरक्षाबलों के साथ झड़प हो गई. झड़प के बाद एक बार फिर से इलाके में तनाव की स्थिति पैदा हो गई. हालांकि, सुरक्षा बलों ने हल्का बल प्रयोग करके भीड़ को तितर-बितर कर दिया. झड़प से कुछ घंटों पहले ही मणिपुर के सीएम एन बीरेन सिंह ने मणिपुर में हिंसा को लेकर सार्वजनिक तौर पर माफी मांगी थी.

मणिपुर की झड़प पर क्या बोली पुलिस?

पुलिस के मुताबिक, झड़प थम्पारपोकपी के पास हुई जब भीड़ ने सुरक्षाबलों की तैनाती का विरोध किया. सुरक्षाबलों को इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पहाड़ की चोटी पर तैनात किया गया था. पर पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करके भीड़ को तितर बितर कर दिया. हालात काबू में हैं. 

झड़प पर स्थानीय लोगों का क्या कहना है?

स्थानीय लोगों ने दावा किया है कि पुलिस के बल प्रयोग में कई लोग घायल हुए हैं. बताया जा रहा है कि जिस पहाड़ी पर सुरक्षाबलों की तैनाती की गई थी वो कुकी नियंत्रित पहाड़ियों और मैतई वाली इंफाल घाटी के बफरजोन में स्थित है और स्थानीय महिलाएं सुरक्षाकर्मियों की ओर से सामुदायिक बंकरों पर जबरन कब्जे का विरोध करने के लिए इकट्ठा हुई थीं. 

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि “सुरक्षाबलों की टीम ने आंसू गैस के गोले छोड़े और भीड़ पर लाठीचार्ज किया. युद्ध जैसी स्थिति बन गई थी.” एक प्रदर्शनकारी ने कहा- “हम अपनी बात रखने गए थे, युद्ध की रणनीति का सामना नहीं करने गए थे.” 

सुरक्षाबलों को सामुदायिक बंकरों से हटाने की मांग

कुकी जनजातीय एकता समिति ने सुरक्षाकर्मियों को सामुदायिक बंकर से हटाने की मांग की है. कुकी जनजातीय एकता समिति ने राष्ट्रीय राजमार्ग 2 को अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया है. एनएच 2 बेहद अहम है, यही इस क्षेत्र को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ता है. एनएच 2 ब्लॉक रहने से इंफाल घाटी में मैतई क्षेत्रों में आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई बंद हो जाएगी. सीओटीयू ने कहा है कि “क्षेत्र से सुरक्षाबलों जब तक वापस नहीं जाएंगे, तब तक नेशनल हाईवे को बंद रखा जाएगा.”

मैं जनता से माफी मांगता हूं: सीएम बीरेन सिंह

मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने झड़प से कुछ घंटे पहले ही राज्य में हो रही हिंसा के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगी थी. सीएम एन बीरेन सिंह ने कहा, “ये पूरा साल बहुत दुर्भाग्यपूर्ण रहा है. मुझे इसका अफसोस है. मैं राज्य की जनता से कहना चाहता हूं कि पिछले 3 मई से आज तक जो कुछ हो रहा है, उसके लिए मैं राज्य की जनता से माफी मांगना चाहता हूं. कई लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया. कई लोगों ने अपना घर छोड़ दिया. मुझे सचमुच अफसोस हो रहा है. मैं माफी मांगना चाहता हूं. पिछले तीन-चार महीनों की शांति देखकर ऐसा लग रहा है कि साल 2025 में राज्य में सामान्य स्थिति बहाल हो जाएगी.”

पीएम मणिपुर जाकर क्यों नहीं मांगते माफी: कांग्रेस

एन बीरेन सिंह की माफी को लेकर कांग्रेस ने पीएम मोदी पर कटाक्ष किया है. कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा,”पीएम मोदी मणिपुर जाकर माफी मांगने की बात क्यों नहीं कह सकते. 4 मई 2023 से जानबूझकर मणिपुर का दौरा नहीं किया, जबकि वो विदेशों का दौरा कर रहे हैं.” (https://x.com/Jairam_Ramesh/status/1874041283238650176)

भारी मात्रा में हथियार-गोला बारूद बरामद

सोमवार को सेना-पुलिस-सुरक्षाबलों के ज्वाइंट ऑपरेशन के दौरान इंफाल ईस्ट, टेंग्नौपाल, यांगियांगपोकपी और चुराचांदपुर में छापेमारी कर हथियार, गोला-बारूद और अन्य युद्ध सामग्री बरामद की है. एक लाइट मशीन गन, एक 12 बोर सिंगल-बैरल बंदूक, एक 9 मिमी पिस्तौल, दो ट्यूब लॉन्चर, विस्फोटक, गोला-बारूद और युद्ध की अन्य सामग्री बरामद की है. इस ऑपरेशन में हथियार बनाने वाली एक फैक्ट्री का पता चला, जहां से 303 राइफल, इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) और ग्रेनेड बरामद हुए. ऑपरेशन में एनएच-102 की ऊंचाई पर स्थित तीन ठिकानों की पहचान की गई और उन्हें नष्ट कर दिया गया. (https://x.com/NBirenSingh/status/1874125188855382112)

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.