Breaking News India-Pakistan War

ट्रंप की जुबान पर आया सच, पाकिस्तानी फाइटर जेट गिरे थे

पाकिस्तानी फेल्ड (फील्ड) मार्शल के मुरीद, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आखिरकार कबूल कर लिया है कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तानी फाइटर जेट भी गिरे थे. पिछले नौ (09) महीने से ट्रंप ने भारत के लड़ाकू विमान गिरने का सुर आलाप रखा था. खास बात है कि ट्रंप ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान ये बात पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की मौजूदगी में कही है.

गुरुवार को अमेरिका में आयोजित ‘बोर्ड ऑफ पीस’ (गाजा शांति योजना) की बैठक में ट्रंप ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत और पाकिस्तान के बीच चल रही जंग को रूकवाने का एक बार दावा किया. लेकिन इस बार ट्रंप की जुबान पर सच आ गया. अभी तक ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय फाइटर जेट को हुए नुकसान का आंकड़ा लगातार बढ़ाने वाले ट्रंप ने माना कि पाकिस्तान के लड़ाकू विमान भी गिरे थे. इससे पहले तक अमेरिकी राष्ट्रपति ने भारत के एयरक्राफ्ट गिरने का दावा किया था.

पाकिस्तान के गिरे थे 13 एयरक्राफ्ट: वायुसेना प्रमुख

कुछ महीने पहले, भारत के वायुसेना प्रमुख एपी सिंह ने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर एक खुलासा किया था. एयर चीफ मार्शल के मुताबिक, ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान के कुल मिलाकर 13 एयरक्राफ्ट को तबाह किया गया था, जिसमें से कम से कम 04 अमेरिका में बने एफ-16 फाइटर जेट थे.

भारत के हवाई हमलों में पाकिस्तान के 04 रडार स्टेशन, 02 कमांड एंड कंट्रोल सेंटर और 02 रनवे को तबाह किया गया था. एयर चीफ मार्शल ने ये भी बताया था कि पाकिस्तानी वायुसेना के अलग-अलग एयरबेस पर तीन (03) हैंगर और टारमेक को बर्बाद किया गया था, जहां मेंटेनेंस के लिए खड़े 04-05 एफ-16 लड़ाकू विमान को नुकसान पहुंचा था. साथ ही पाकिस्तान के एक सी-130 एयरक्राफ्ट और एक सिग्नल-इंट (टोही) विमान को तबाह किया गया था.

तबाह होने वाले पाकिस्तान लड़ाकू विमानों में अमेरिका के एफ-16 भी थे शामिल

एयर चीफ मार्शल सिंह के मुताबिक, भारतीय वायुसेना की जमीन से हवा में मार करने वाली मिसाइल (एस-400) ने पाकिस्तानी वायुसेना के आसमान में 05 लड़ाकू विमानों को मार गिराया था, जो एफ-16 और जेएफ-17 क्लास के थे. साथ ही एक अन्य टोही विमान को लंबी दूरी पर मार गिराया गया था.

वायुसेना ने आसमान में पाकिस्तानी वायुसेना के फाइटर जेट के बारे में जानकारी तो दी थी लेकिन एफ-16 के बारे में पहली बार सार्वजनिक तौर से जानकारी दी है. पाकिस्तान ने इन एफ-16 लड़ाकू विमानों को अमेरिका से 80 के दशक में लिया था.

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *