Breaking News Geopolitics Indo-Pacific Russia-Ukraine

यूरोप के अड़ंगे से निराश ट्रंप, रूस-यूक्रेन शांति वार्ता से हटेंगे पीछे?

रूस-यूक्रेन शांति प्लान बदलते बदलते अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस कदर मायूस हो चुके हैं कि वो जल्द ही शांति वार्ता से पीछे हट सकते हैं. 

ट्रंप के बनाए गए प्लान पर यूक्रेन और यूरोप के देश सहमत नहीं हैं, ट्रंप ने तो नाराज होकर यहां तक कह दिया है कि यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने तो अभी तक शांति प्रस्ताव को पढ़ा भी नहीं हैं. 

इस बीच खबर है कि जेलेंस्की एक बार फिर से यूरोपीय नेताओं से बैठक करने वाले हैं. हाल ही में अमेरिकी-यूक्रेनी अधिकारियों के बीच हुई बैठक बेनतीजा निकली थी. वहीं रूस ने ट्रंप के शांति प्रस्ताव को ठीक-ठाक बताया है.

निराश हैं ट्रंप, रूस-यूक्रेन शांति वार्ता से पीछे हट सकते हैं

रविवार को वॉशिंगटन डीसी में केनेडी सेंटर के रेड कार्पेट पर ट्रंप से यूक्रेन शांति वार्ता को लेकर सवाल किया गया. इस पर ट्रंप ने कहा, “मैं थोड़ा निराश हूं क्योंकि यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने अभी तक शांति प्रस्ताव पढ़ा भी नहीं है.”

आपको बता दें कि अमेरिका और यूक्रेन के प्रतिनिधियों के बीच अमेरिका के मियामी में तीन दिनों तक यूक्रेन शांति प्रस्ताव पर चर्चा हुई, लेकिन बातचीत में कोई हल नहीं निकल सका. दोनों ही पक्षों ने कहा कि बातचीत अच्छी रही, लेकिन कुछ मुद्दों पर यूक्रेन ने सहमति नहीं दी. 

बातचीत इसलिए भी झटका मानी जा रही है क्योंकि शांति वार्ता में शामिल यूक्रेन के शीर्ष अधिकारी आंद्रिए येरमाक पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगे हैं और यूक्रेन में उनके घर पर छापेमारी हुई है. जिसके बाद येरमाक ने इस्तीफा दे दिया. येरमाक की इस्तीफे के बाद वार्ता अधर में लटकी हुई है.

यूक्रेन पर भड़के जूनियर ट्रंप, रूस की तारीफ की, यूक्रेन को बताया भ्रष्ट

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की तारीफ में न सिर्फ ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर जुटे हुए हैं, बल्कि ट्रंप के बड़े बेटे ट्रंप जूनियर ने यूक्रेन को भ्रष्ट बताते हुए रूस का ध्यान अपनी ओर खींचा है.

डोनाल्ड ट्रंप जूनियर ने दोहा फोरम में अपने संबोधन में कहा है कि “उनके पिता यूक्रेन शांति वार्ता से पीछे हट सकते हैं. डोनाल्ड ट्रंप जूनियर ने दावा किया कि यूक्रेन रूस की तुलना में ज्यादा भ्रष्ट देश है. साथ ही जेलेंस्की पर तंज कसते हुए उन्हें अच्छा प्रचारक बताया है.”

फ्रांस के बाद ब्रिटेन में जेलेंस्की करेंगे यूरोपीय नेताओं संग बैठक

पिछले सप्ताह ही जेलेंस्की ने पेरिस में फ्रेंच राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ बैठक करके ट्रंप के शांति वार्ता प्रस्ताव को लेकर चर्चा की थी. मैक्रों और जेलेंस्की ने ईयू अध्यक्ष और दूसरे यूरोपीय राष्ट्राध्यक्षों से भी बात की थी. वहीं ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ से भी चर्चा की थी. जिसके बाद यूरोपीय नेताओं ने एक सुर में कहा था कि ट्रंप के शांति प्रस्ताव के कुछ बिंदु रूस के पक्ष में जा रहे हैं. 

अब जल्द ही यूक्रेन राष्ट्रपति जेलेंस्की लंदन में ब्रिटेन, फ्रांस और जर्मनी के राष्ट्राध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे. एक सहमति न हो पाने के कारण यूक्रेन शांति वार्ता का मामला बेहद पेंचीदा होता जा रहा है.

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.