Breaking News Russia-Ukraine Viral Videos War

ट्रंप ने उड़ाई जेलेंस्की की खिल्ली, डांस करते वीडियो वायरल

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की का मजाक उड़ाते हुए सफल कॉमेडियन करार दिया है जिसने हारे हुए युद्ध पर 350 बिलियन डॉलर खर्च करा दिए. ट्रंप का बयान ऐसे समय में सामने आया जब सोशल मीडिया पर जेलेंस्की का बैली-डांस करते हुए एक वीडियो जबरदस्त वायरल हो रहा है.

ट्रंप ने कहा है कि, “एक मामूली रूप से सफल कॉमेडियन, जो बाइडेन को सारंगी की तरह बजाता रहा और युद्ध पर अमेरिका से 350 बिलियन डॉलर से अधिक खर्च कराना चाहता था, ऐसे युद्ध में जिसे जीता नहीं जा सकता.” ट्रंप ने जेलेंस्की को सिर्फ हास्य कलाकार ही नहीं कहा, बल्कि “बिना चुनावों वाला तानाशाह” भी बताया है. 

एक कॉमेडियन, जो बाइडेन को सारंगी की तरह बजाता रहा: ट्रंप

डोनाल्ड ट्रंप और जेलेंस्की के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है. जेलेंस्की ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके ट्रंप पर निशाना साधा तो सोशल मीडिया ‘ट्रूथ सोशल’ पर डोनाल्ड ट्रंप ने वार किया है. ट्रंप ने लिखा, ‘सोचिए, एक मामूली सफल कॉमेडियन, जेलेंस्की, ने अमेरिका को 350 बिलियन डॉलर खर्च करने के लिए मना लिया, एक ऐसे युद्ध में जो जीता नहीं जा सकता था.  जिसे कभी शुरू ही नहीं होना चाहिए था. लेकिन एक ऐसा युद्ध जिसे वह, अमेरिका और ‘ट्रंप’ के बिना, कभी भी समाप्त नहीं कर सकते. 

ट्रंप ने कहा कि “जेलेंस्की सिर्फ एक चीज़ में अच्छे थे कि उनको बाइडेन को एक सारंगी की तरह बजाना था.”

ट्रंप ने जेलेंस्की को बताया बिना चुनाव वाला तानाशाह

ट्रंप ने जेलेंस्की को ‘बिना चुनावों वाला तानाशाह’ करार दिया. फरवरी 2022 में रूस के आक्रमण के कारण यूक्रेन ने अप्रैल 2024 में होने वाले चुनावों को रद्द कर दिया था.

डोनाल्ड ट्रंप ने लिखा, “चुनाव के बिना एक तानाशाह, जेलेंस्की के लिए बेहतर होगा कि वह तेजी से आगे बढ़े अन्यथा उसके पास कोई राज्य नहीं बचेगा. इस बीच, हम रूस के साथ युद्ध को समाप्त करने के लिए सफलतापूर्वक बातचीत कर रहे हैं. यह बात सभी स्वीकार करते हैं कि केवल ‘ट्रंप’ और ट्रंप प्रशासन ही ऐसा कर सकते हैं. बाइडेन ने कभी कोशिश नहीं की, यूरोप शांति लाने में विफल रहा है, और जेलेंस्की शायद ग्रेवी ट्रेन को जारी रखना चाहते हैं. मैं यूक्रेन से प्यार करता हूं, लेकिन जेलेंस्की ने एक भयानक काम किया है. उनका देश बिखर गया है और लाखों लोग अनावश्यक रूप से मर गए हैं और यह जारी है.”

ट्रंप, रूस द्वारा फैलाई गई ‘दुष्प्रचार मुहिम’ में जी रहे: जेलेंस्की

ट्रंप के बयान से पहले जेलेंस्की ने उन्हें घेरा था. जेलेंस्की ने कहा कि “अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप रूस द्वारा फैलाए गए दुष्प्रचार के बबल में फंस चुके हैं.  ‘अगर कोई मुझे अभी हटाना चाहता है, तो यह संभव नहीं होगा. चार प्रतिशत अप्रूवल रेटिंग का दावा रूसी दुष्प्रचार है. मैं अपना देश नहीं बेच सकता. ट्रंप की टीम को यूक्रेन के बारे में अधिक सटीक जानकारी हासिल करनी चाहिए.यूक्रेन में कोई भी व्यक्ति रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर भरोसा नहीं करता है. यूक्रेन की सेना बेहद मजबूत है और अधिकांश यूक्रेनी नागरिक रूस के साथ किसी भी प्रकार का समझौता करने के पक्ष में नहीं हैं.” 

जेलेंस्की के डांस का वीडियो वायरल 

सोशल मीडिया पर एक शख्स का डांस वीडियो खूब शेयर हो रहा है, इस वीडियो को शेयर करते हुए यूजर्स दावा कर रहे हैं कि वीडियो में दिख रहा शख्स यूक्रेन का राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की है. लोगों ने खूब मजाक बनाया, किसी ने कॉमेडियन बताया तो किसी ने नाटो को लेकर खिल्ली उड़ाई. किसी ने कहा कि ऐसे कॉमिडयन को देश की सत्ता सौपेंगे तो ऐसी ही हालत होगी. हालांकि बाद में खुलासा हुआ कि जेलेंस्की की वीडियो डीपफेक है. 

ट्रंप से जल्द मिलना चाहते हैं पुतिन, दिया बयान

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बुधवार को अपने संबोधन में कहा है कि वह अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मिलना चाहते हैं, लेकिन इस बैठक के लिए उचित तैयारी की जरूरत है, ताकि इसका कुछ नतीजा निकल सके. पुतिन ने अपने बयान में कहा, मैं, ट्रंप के साथ बैठक करना चाहता हूं, लेकिन इसके लिए तैयारी इस प्रकार होनी चाहिए कि इससे परिणाम मिलें. मुझे ट्रंप से मिलने पर खुशी होगी. 

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.