Breaking News Khalistan Reports Terrorism

मिनी-खालिस्तान बनाने की साजिश, योगी की पुलिस ने की नाकाम

उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में खालिस्तान समर्थक तीन (03) आतंकियों को ढेर किया गया है. मारे गए आतंकियों के पास से दो एके-47 राइफल और दो ग्लॉक पिस्टल बरामद की गई है. ये वही आतंकी थे जिन्होंने पंजाब के गुरदासपुर में पुलिस चौकी पर ग्रेनेड और बम फेंके थे.

यूपी और पंजाब पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में तीनों खालिस्तानी आतंकी घेरे गए थे, जिन्हें एनकाउंटर के बाद मार गिराया गया.

कभी मिनी-पंजाब के नाम से जाना जाता था उत्तर प्रदेश का तराई क्षेत्र

सोमवार तड़के गोलियों की आवाज से गूंज उठा यूपी के पीलीभीत जिले का पूरनपुर इलाका. इलाके में खालिस्तानी कमांडो फोर्स के उन आतंकियों के आने की सूचना थी, जिन्होंने गुरदासपुर की पुलिस चौकी पर ग्रेनेड अटैक किया था.

यूपी और पंजाब पुलिस ने एक खुफिया सूचना के बाद गुरविंदर सिंह, वीरेंद्र सिंह और जसनप्रीत सिंह को एक नहर के पास रोका तो इन लोगों ने पुलिस की गाड़ी पर फायरिंग कर दी. पहले से ही अलर्ट पुलिस ने आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन शुरु किया, जिसमें तीनों आतंकी मारे गए.

मौके से आई मुठभेड़ की तस्वीरों में पुलिस की गाड़ी पर फायरिंग के निशान मिले हैं. साथ ही खालिस्तानी आतंकियों से 2 एके 47 और दो पिस्टल बरामद की गई है. मौके पर एक बाइक भी बरामद हुई है. (https://x.com/PTI_News/status/1871048061159686631)

26 दिन में 7 हमले, खालिस्तानी फोर्स ने ली थी ग्रेनेड अटैक की जिम्मेदारी

पिछले सप्ताह पंजाब के गुरदासपुर के सरहदी कस्बा कलानौर थाने की चौकी बक्शीवाल में ग्रेनेड अटैक हुआ था. इस ग्रेनेड अटैक के बाद पुलिस ने जांच-पड़ताल कर एक ऑटो को भी कब्जे में लिया था. उस ऑटो की मदद से ही ग्रेनेड फेंका गया था. पंजाब में पिछले 26 दिन में ये सातवां हमला था, जिसे खालिस्तानी आतंकियों ने अंजाम दिया है, जबकि पुलिस ने एक बम को अजनाला थाने से बरामद किया था. 

पुलिस चौकी पर ग्रेनेड अटैक की जिम्मेदारी ‘खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स’ ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर ली थी. पोस्ट में बताया गया था कि जसविंदर सिंह बागी उर्फ मन्नू अगवान इस मामले का सरगना है.

सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा गया कि जत्थेदार भाई रणजीत सिंह जम्मू की अगुवाई में अटैक किया गया है.जसविंदर सिंह बागी की देखरेख में सफल एक्शन लिया गया है. बाहर से अफसर भर्ती किए गए हैं, जो सिखों के बारे में ऊलजलूल बातें बोलते हैं, उन्हें इसका जवाब मिलता रहेगा. पंजाब को बर्बाद करने की कोशिश को कामयाब नहीं होने दिया जाएगा.

ऑटो से मिले अहम सुराग, तीनों आतंकियों की हुई पहचान

गुरदासपुर में पुलिस चौकी पर हुए अटैक में ऑटो से पुलिस को अहम सुराग मिले थे. सीसीटीवी और कुछ लोगों से पूछताछ में जल्द ही पता चल गया कि अटैक करने वाले कौन थे. ग्रेनेड अटैक को अंजाम देने वाले आतंकियों की लोकेशन पीलीभीत में मिली. जिसके बाद पंजाब पुलिस ने आतंकियों को पकड़ने के लिए यूपी पुलिस को भी जांच में शामिल किया.

सोमवार तड़के आतंकियों को पीलीभीत के पूरनपुर में घेरा गया, जिसके बाद हथियारों से लैस आतंकियों ने पुलिस पर फायरिंग की पर पुलिस के सामने वो टिक नहीं पाए. एनकाउंटर के दौरान दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं.



editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.