जिनेवा में अमेरिका-ईरान की बातचीत के बीच सुप्रीम लीडर अयातुल्ला खामेनेई ने एक बार फिर से अमेरिका को धमकाया है. अमेरिका की नंबर एक आर्मी को चुनौती देते हुए सुप्रीम लीडर ने मजाक बनाते हुए कहा है कि दुनिया की सबसे मजबूत मिलिट्री फोर्स पर कभी-कभी इतना जोरदार हमला हो सकता है कि वह फिर उठ ना सके.
इतना ही नहीं अमेरिकी वॉरशिप को समंदर की गहराई तक पहुंचा देने का भी खामेनेई ने दंभ भरा है.
अमेरिका कभी भी ईरान के इस्लामी गणराज्य को नहीं हटा पाएगा: खामेनेई
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान को दी जा रही वॉर्निंग के बीच अयातुल्ला खामेनई ने हमला बोला है. एक के बाद एक सोशल मीडिया पोस्ट में खामेनेई ने अमेरिका पर तगड़ा वार किया है. खामेनेई ने लिखा है कि “अमेरिका कभी भी ईरान के इस्लामी गणराज्य को सत्ता से नहीं हटा पाएगा.”
इतना ही नहीं अमेरिका संग बातचीत को लेकर खामेनेई बोले कि बिना “किसी ठोस आधार के और जिसका नतीजा पहले से पता हो, ऐसी बातचीत करना बेवकूफी होगी.”
अमेरिकी वॉरशिप को समंदर की गहराई में भेजने वाला हथियार हमारे पास: खामेनेई
एक पोस्ट में खामेनेई ने कहा, “अमेरिका के प्रेसिडेंट कहते रहते हैं कि उनके पास दुनिया की सबसे मजबूत मिलिट्री फोर्स है. दुनिया की सबसे मजबूत मिलिट्री फोर्स पर कभी-कभी इतना जोरदार हमला हो सकता है कि वह फिर उठ ना सके.”
ईरान की ओर अमेरिका ने दो घातक वॉरशिप तैनात की है. यूएसएस अब्राहम लिंकन पहले ही ईरान के करीब पहुंच चुका है, तो अब अमेरिका का दूसरा एयरक्राफ्ट कैरियर यूएसएस गेराल्ड आर फोर्ड भी अपने पूरे स्ट्राइक ग्रुप के साथ ईरान की तरफ बढ़ रहा है.
इसपर भी प्रतिक्रिया देते हुए खामेनेई ने लिखा, “अमेरिकी लगातार कहते हैं कि उन्होंने ईरान की तरफ एक वॉरशिप भेजा है. बेशक, वॉरशिप मिलिट्री हार्डवेयर का एक खतरनाक हिस्सा है. लेकिन, उस वॉरशिप से भी अधिक खतरनाक वह हथियार है जो उस वॉरशिप को समुद्र की गहराई में भेज सकता है.”
ईरान ने होर्मुज के क्षेत्र में दागी मिसाइलें
अमेरिका के साथ जारी तनाव के बीच ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य में मिसाइलें दागी हैं. ईरानी सेना ने अपनी सबसे खतरनाक मिसाइल खुर्रमशहर-4 का एआई वीडियो जारी किया है. ईरान ने खुर्रमशहर मिसाइल का वीडियो जारी करके अमेरिका और इजरायल को बड़ी चेतावनी दी है. इस बीच अमेरिका ने भी साफ कर दिया है कि अगर ईरान उसकी शर्तों पर डील करने के लिए तैयार नहीं हुआ तो खामेनेई को बुरा अंजाम भुगतना होगा.

