Alert Breaking News Geopolitics Russia-Ukraine War

Cold War जैसी कैदियों की बड़ी अदला-बदली, WSJ पत्रकार भी रिहा

कोल्ड वार के बाद पहली बार अमेरिका और रुस के बीच में कैदियों की बड़ी अदला-बदली हुई है. तुर्की की राजधानी अंकारा में कुल 24 कैदियों का एक्सचेंज हुआ है. इन कैदियों में हाल ही में रुस में सजा पाए वॉल स्ट्रीट जर्नल के पत्रकार इवान गेर्शकोविच और पुतिन का हिट-मैन वेदिम क्रासिकोव भी शामिल है.

तुर्की की मदद से हुई इस डील को गुरुवार को अंकारा एयरपोर्ट पर अंजाम दिया गया है. जानकारी के मुताबिक, जिन 24 कैदियों को अदला-बदली हुई है उसमें रुस के आठ और अमेरिका के चार नागरिक शामिल है. इसके अलावा जर्मनी, पौलेंड और बेलारूस भी शामिल हैं.

तीन महीने पहले टीएफए ने बताया था कि वॉल स्ट्रीट जर्नल  के ‘पत्रकार’ इवान गेर्शकोविच के बदले रुसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन अपने एक बेहद ही खतरनाक और तेज तर्रार जासूस वेदिम क्रासिकोव को रिहा कराना चाहते हैं. यूक्रेन जंग के दौरान जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किए गए पत्रकार इवान गेर्शकोविच वो हाईप्रोफाइल अमेरिकी हैं जिनकी रिहाई के बदले रूस ने एक बड़ी शर्त रखी थी.

रूसी खुफिया एजेंसी एफएसबी के जासूस वेदिम एफएसबी ने चेचेन विद्रोहियों के एक कमांडर की जर्मनी में हत्या कर दी थी. वेदिम जर्मनी की जेल में साल 2019 से उम्रकैद की सजा काट रहा था.
वेदिम, एफएसबी की ‘विमपेल’ यूनिट का हिस्सा रह चुका है. विमपेल यूनिट का काम आधिकारिक तौर रूस में आतंकवाद के खिलाफ ऑपरेशन चलाना है.

पुतिन ने अमेरिकी टॉक शो के होस्ट टकर कार्लसन को दिए इंटरव्यू में क्रॉसिकोव को देशभक्त बताया था. पुतिन ने क्रॉसिकोव की तारीफ करते हुए कहा था, “हम जल्द से जल्द अमेरिकी पत्रकार इवान गेर्शकोविच के बदले देशभक्त क्रासिकोव को छुड़ाने की कोशिश कर रहे हैं. क्रासिकोव ने यूरोपीय देश में एक दुश्मन का सफाया किया था.” (Bridge of Spies: जासूसों की अदला-बदली जल्द ?)

इसी साल फरवरी के महीने में पुतिन ने ये पेशकश की थी कि क्रासिकोव को छोड़ा जाए और कैदी के बदले रूस उस पत्रकार को रिहा कर देगा, जिसे यूक्रेन युद्ध के दौरान गिरफ्तार किया गया था.

वॉल स्ट्रीट जर्नल के पत्रकार गेर्शकोविच की गिरफ्तारी के बाद अमेरिका और रूस में तनाव बढ़ गया था. रूस का आरोप है कि रूसी भाषा बोलने वाला पत्रकार गेर्शकोविच, अमेरिका के कहने पर रूस के सैन्‍य परिसर की जासूसी कर रहा था. पत्रकार ने कई गोपनीय जानकारियां भी जुटाई थी. पिछले महीने ही उसे रूस की एक अदालत ने 16 साल की सजा सुनाई थी.

इवान के अलावा दो अन्य अमेरिकी नागरिक रूस से रिहा हुए हैं. इनमें अमेरिका नौसेना के पॉल व्हेलन और रेडियो जर्नलिस्ट अलसु कुर्माशेवा शामिल हैं. पॉल व्हेलन को रूस ने 2018 में जासूसी करने के लिए मॉस्को के एक होटल से गिरफ्तार किया था जबकि रेडियो जर्नलिस्ट अलसु को रूसी सेना के बारे में फेक न्यूज फैलाने के आरोप में गिरफ्तार किया था. (https://x.com/VolodyaTretyak/status/1819022250466586813)

अंकारा एयरपोर्ट पर छूटने के बाद इवान, व्हलेन और अलसु ने अमेरिकी फ्लैग के साथ तस्वीर खिंचवाई. (https://x.com/neeraj_rajput/status/1819056836190097806)

हालांकि, ये कोई पहली बार नहीं है जब रूस ने कैदी के बदले कैदी छोड़ने की बात कही है. दिसंबर 2022 में रूस ने अमेरिका की गिरफ्त से हथियारों के डीलर विक्टर बाउट को छुड़ाया था. रूस ने विक्टर के बदले अमेरिका के बास्केटबॉल खिलाड़ी ब्रिटनी ग्रिनर को रिहा किया था. आजाद होने के बाद विक्टर बाउट ने रूस की राजनीति में एंट्री की और क्षेत्रीय चुनाव में जीत भी दर्ज की.

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.