Alert Breaking News Classified Reports Russia-Ukraine War

F-16 क्रैश पर भड़के जेलेंस्की, एयर फोर्स चीफ बर्खास्त

कुर्स्क में चल रही लड़ाई के बीच यूक्रेन ने एयरफोर्स चीफ को बर्खास्त कर चौंका दिया है. यूक्रेनी वायुसेना ने अपनी मिसाइल के जरिए अपने ही एफ-16 फाइटर जेट को गिराने से भड़के यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने एयर चीफ लेफ्टिनेंट जनरल मायकोला ओलेशचुक को बर्खास्त कर दिया है. 

वायुसेना चीफ को हटाए जाने के बाद इस दावे को और बल मिल गया है कि यूक्रेन की मिसाइल डिफेंस सिस्टम पैट्रियट ने ही गलती से अमेरिका से मिले एफ 16 लड़ाकू विमान को गिरा दिया है. 

रूस-यूक्रेन शुरु होने के बाद यह दूसरी बार है, जब यूक्रेन की सेना के किसी प्रमुख को पद से हटाया है. इसी साल फरवरी में जेलेंस्की ने आर्मी चीफ जनरल वालेरी जालुजनी को बर्खास्त कर दिया था. उनकी जगह पर जनरल ओलेक्सेंडर सिर्स्की को नियुक्त किया गया था.

F16 लड़ाकू विमान क्रैश, यूक्रेन ने एयरफोर्स चीफ पर गिरी गाज
सोमवार को रूस ने एक साथ यूक्रेन की 65 लोकेशन पर मिसाइल से हमला किया था. इन मिसाइलों से बचने के लिए यूक्रेन ने अपने एयर डिफेंस सिस्टम के साथ-साथ फाइटर एयरक्राफ्ट को आसमान में उतार दिया था. 

इसी दौरान यूक्रेन को पश्चिमी देशों से मिले अमेरिकी एफ-16 लड़ाकू विमान के क्रैश की खबर आई थी. यूक्रेन ने शुरूआत में इसे तकनीकी खराबी के कारण हुआ क्रैश बताया था. लेकिन अब ये साफ हो गया है कि फ्रेंडली फायर में ही एफ-16 क्रैश हुआ था.

लेफ्टिनेंट जनरल मायकोला ओलेशचुक को बर्खास्त करने का आदेश राष्ट्रपति की वेबसाइट पर पब्लिश किया गया है. आदेश के बाद जेलेंस्की ने कहा कि “हमें लोगों की रक्षा करने की जरूरत है. यूक्रेन को कमांड स्तर पर अपनी सेना को मजबूत करने की जरूरत है.” 

जेलेंस्की ने अपने बयान में कहा कि “मैंने यूक्रेन के वायु सेना कमांडर को बदलने का फैसला किया है. सभी सैन्य पायलट, इंजीनियर, मोबाइल, फायर ग्रुप योद्धाओं और एयर डिफेंस कर्मियों का बहुत आभार. उन भी का शुक्रिया, जो वास्तव में यूक्रेन के लिए लड़ रहे हैं.”

क्या है एफ 16 क्रैश के पीछे की कहानी?
एफ-16 उन हथियारों में से एक है जिसका इस्तेमाल फ्रंटलाइन पर रूसी ठिकानों पर हमला करने के लिए किया जा सकता है. रूस के साथ गोलाबारी के दौरान ही एफ-16 क्रैश हुआ था. हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि एयरक्राफ्ट किन परिस्थितियों में नीचे गिर गया. शुरुआती जांच में ऐसे संकेत मिल रहे हैं कि पैट्रियट मिसाइल बैटरी की मदद से गोलीबारी के दौरान एयरक्राफ्ट क्रैश हो गया.

हादसे के बाद यूक्रेन के वायुसेना चीफ (अब पूर्व) कमांडर मायकोला ओलेशचुक ने टेलीग्राम पर कहा था “इस बात का विस्तृत विश्लेषण पहले से ही किया जा रहा है कि सोमवार को लड़ाकू विमान क्यों दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जब रूस ने यूक्रेन पर एक बड़ा मिसाइल और ड्रोन हमला किया था.” 

ओलेशचुक ने पोस्ट में लिखा, “हमें ध्यान से समझना चाहिए कि क्या हुआ, परिस्थितियां क्या थीं और इसकी जिम्मेदारी किसकी है. यह दुर्घटना पिछले महीने के अंत में यूक्रेन में एफ-16 के पहुंचने के बाद इसकी क्षति की पहली घटना थी.” 

यूक्रेन एयर डिफेंस सिस्टम ने ही एफ 16 को गिराया?
यूक्रेन के वायुसेना प्रमुख ओलेशचुक को हटाने की केवल एफ 16 क्रैश ही वजह नहीं थी. हाल ही में ओलेशचुक ने यूक्रेन की संसद की रक्षा समिति की एक उप प्रमुख और सांसद मारियाना बेजुहला की तीखी आलोचना की थी. जिन्होंने दावा किया था कि “एफ-16 को पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम (यूक्रेन का एयरडिफेंस सिस्टम) द्वारा मार गिराया गया था.” ओलेशचुक ने बेजुहला पर वायुसेना और अमेरिकी हथियार निर्माताओं को बदनाम करने का आरोप लगाया. 

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.