Breaking News Geopolitics NATO Russia-Ukraine War

लंदन में जुटे जेलेंस्की के समर्थक, ट्रेंच में जान दे रहे सैनिकों की एलन मस्क ने दिलाई याद

यूक्रेन की मदद के लिए लंदन में बुलाई गई इमरजेंसी मीटिंग में यूरोप सहित एक दर्जन देशों के राष्ट्राध्यक्ष जुटे तो अमेरिका के सिपहसालार एलन मस्क ने युद्ध की हकीकत को सामने रख दिया है. खरबपति बिजनेसमैन और ट्रंप प्रशासन के सीनियर अधिकारी एलन ने कहा कि यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की और यूरोप के नेता ‘फैंसी डिनर’ कर रहे हैं जबकि सैनिक ‘ट्रेंच’ (खंदक) में मारे जा रहे हैं.

इंग्लैंड के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर की पहल पर आनन-फानन में आयोजित ‘लंदन समिट’ में जेलेंस्की के अलावा फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के अलावा कुल एक दर्जन यूरोपीय देशों के राष्ट्राध्यक्ष शामिल हुए हैं. कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने भी लंदन समिट में हिस्सा लिया है. समिट का थीम है ‘सिक्योरिंग आवर फ्यूचर’ यानी सुरक्षित भविष्य.

लंदन समिट में ट्रंप की सहयोगी मेलोनी को पीछे धकेला

समिट शुरू होने से पहले फोटो ऑप में सबसे आगे कीर स्टार्मर के साथ मैक्रो और जेलेंस्की दिखाई पड़े तो मेलोनी को सबसे पीछे की कतार में कॉर्नर में जगह दी गई. मेलोनी को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का करीबी माना जाता है.

समिट शुरू होने से पहले मेलोनी ने यूक्रेन के कारण पश्चिमी देशों में आपसी बिखराव न होने का आह्वान किया था.

यूरोप की सुरक्षा का क्षण: स्टार्मर

सम्मेलन के दौरान भी जेलेंस्की को स्टार्मर के करीब बैठे देखा गया. उद्घाटन संबोधन में स्टार्मर ने सभी कहा कि यह यूरोप की सुरक्षा के लिए एक पीढ़ी में एक बार आने वाला क्षण है.

समिट के दौरान स्टार्मर ने युद्धविराम के लिए मैक्रों की अगुवाई में ट्रंप से बात करने का मसौदा रखा. समिट में इस बात पर सहमति बनी की शांति वार्ता में अमेरिका की अहम भूमिका होगी. साथ ही रूस को भी वार्ता में शामिल किया जाएगा लेकिन समझौते की शर्ते मॉस्को डिक्टेट नहीं कर सकता है.

स्टार्मर ने ओवल ऑफिस में जेलेंस्की और ट्रंप के बीच हुई भिड़ंत पर भी अफसोसा जताया और कहा कि ऐसा नहीं होना चाहिए था.

माना जा रहा है कि शांति वार्ता के आयोजन-स्थल के लिए टर्की को चुना जा सकता है.

ट्रेंच में मारे जा रहे सैनिक, ईयू के नेता और जेलेंस्की कर रहे फैंसी डिनर: एलन मस्क

इधर लंदन समिट चल रही तभी एक्स और स्पेस-एक्स के मालिक एलन मस्क ने यूरोपीय संघ और नाटो देशों के नेताओं पर जबरदस्त प्रहार किया. अपने एक्स अकाउंट पर एलन ने शतरंज की बिसात और एक खाने की टेबल की तस्वीर पोस्ट की . शतरंज की बिसात पर खून से लथपथ मोहरें (सैनिक) इधर-उधर पड़े थे तो खाने की टेबल पर राजा और वजीर बैठे हुए दिखाई दिए.

एलन ने पोस्ट में लिखा कि “ईयू और जेलेंस्की फैंसी डिनर कर रहे हैं जबकि ट्रेंच (खंदक) में लोग (सैनिक) मारे जा रहे हैं.” एलन ने आगे लिखा कि “कितने मां-बाप अपने बेटों को फिर कभी नहीं देख पाएंगे. कितने बच्चे अपने पिता को कभी नहीं देख पाएंगे.” एलन ने एक अलग पोस्ट में लिखा कि “यह युद्ध की हकीकत है.”

युद्ध को हवा दे रहा इंग्लैंड

अमेरिका से सहायता बंद होने के बाद इंग्लैंड ने यूक्रेन की तरफ मदद का हाथ आगे बढ़ाया है. ओवल ऑफिस में बहस के बाद वाशिंगटन डीसी से सीधे लंदन पहुंचे यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की को इंग्लैंड के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने 3.3 बिलियन डॉलर यानी 29 हजार करोड़ लोन के तौर पर देने की घोषणा की है.

इंग्लैंड के इस लोन की भरपाई यूरोप में जब्त की गई रूस की संपत्तियों से हुई आमदनी (ब्याज) से की जाएगी. एक आकलन के मुताबिक, यूरोप में रूस की करीब 236 बिलियन पाउंड की संपत्ति जब्त है.

अमेरिका में बेइज्जत होने के बाद स्टार्मर ने किया जेलेंस्की का स्वागत

लंदन पहुंचने पर कीर स्टार्मर ने जेलेंस्की का गर्मजोशी से स्वागत किया. 10 डाउनिंग स्ट्रीट पहुंचते ही कीर ने जेलेंस्की को गले लगाया. इस दौरान इंग्लैंड के प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास के बाहर बड़ी संख्या में लोग यूक्रेन के समर्थन में जमा थे.

इंग्लैंड ने ये मदद, लंदन में आयोजित हो रही डिफेंस समिट से पहले दी है. इस समिट में हंगरी और स्लोवाकिया को छोड़कर सभी यूरोपीय देशों को आमंत्रित किया गया है. समिट में यूक्रेन की मदद को लेकर चर्चा की जाएगी. क्योंकि रूस के खिलाफ जंग में अमेरिका ने यूक्रेन की सैन्य और वित्तीय मदद पर पूरी तरह रोक लगा दी है.

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.