Alert Breaking News Lone-Wolf Terrorism

LWE: छत्तीसगढ़ में 29 माओवादी ढेर, बीएसएफ Ops

छत्तीसगढ़ में पहले चरण के चुनाव से पहले कांकेर जिले में बीएसएफ और पुलिस ने साझा ऑपरेशन में 29 माओवादियों को ढेर करने का दावा किया है. सभी 29 माओवादियों के शव बरामद कर लिए गए हैं. इसके साथ ही एनकाउंटर की जगह से भारी मात्रा में हथियार बरामद किए गए हैं. ऑपरेशन को लेकर गृह मंत्री अमित शाह ने सुरक्षाबलों को बधाई देते हुए छत्तीसगढ़ को नक्सल मुक्त करने का संकल्प लिया है.

जानकारी के मुताबिक, एक खुफिया जानकारी के आधार पर बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (बीएसएफ) की कांकेर स्थित चोटेबेतिया सीओबी (कंपनी) और छत्तीसगढ़ पुलिस की डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (डीआरजी) ने बिनागुंडी गांव में एक साझा ऑपरेशन लॉन्च किया. बीएसएफ के मुताबिक, जब ऑपरेशन जारी था तभी सीपीआई माओवादी कैडर ने जवानों पर फायरिंग शुरु कर दी. बीएसएफ की ऑपरेशन पार्टी ने तगड़ी जवाबी कार्रवाई की. इस दौरान बीएसएफ के एक जवान के पांव में गोली लगी और उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचा गया (खतरे से बाहर हैं). 

बीएसएफ के मुताबिक, ऑपरेशन अभी भी जारी है और अभी तक 29 माओवादियों के शव बरामद कर लिए गए हैं. ये सभी माओवादी दोनों तरफ की गोलीबारी में मारे गए हैं. इसके अलावा एनकाउंटर वाली जगह से 07 एके-सीरीज राइफल और तीन (03) लाइट मशीन गन (एलएमजी) भी जब्त की गई हैं.

गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स अकाउंट पर लिखा कि “आज छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बलों के ऑपरेशन में बड़ी संख्या में नक्सली मारे गये हैं. इस ऑपरेशन को अपनी जाँबाज़ी से सफल बनाने वाले सभी सुरक्षाकर्मियों को बधाई देता हूँ और जो वीर पुलिसकर्मी घायल हुए हैं, उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं.”

गृह मंत्री के मुताबिक, “नक्सलवाद विकास, शांति और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य का सबसे बड़ा दुश्मन है. प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में हम देश को नक्सलवाद के दंश से मुक्त करने के लिए संकल्पित हैं. सरकार की ऑफ़ेंसिव नीति और सुरक्षा बलों के प्रयासों के कारण आज नक्सलवाद सिमट कर एक छोटे से क्षेत्र में रह गया है. जल्द ही छत्तीसगढ़ और पूरा देश पूर्णतः नक्सल मुक्त होगा.”

 कांकेर के ऑपरेशन से पहले छत्तीसगढ़ के ही दंतेवाड़ा जिले में 26 नक्सलियों (माओवादियों) ने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया था. सरेंडर करने वालों में पांच महिलाएं और तीन किशोर भी शामिल थे. 

19 अप्रैल को आम चुनावों के लिए पहले चरण का मतदान है. छत्तीसगढ़ के माओवादी प्रभावित बस्तर जिले में भी 19 तारीख को ही मतदान है.  

Leave feedback about this

  • Rating

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.