Alert Breaking News Classified Geopolitics Indian-Subcontinent Reports

Gold स्मगलिंग में हुई बांग्लादेशी सांसद की हत्या ?

बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (बीएसएफ) ने पश्चिम बंगाल से सटी बांग्लादेशी सीमा से 12 करोड़ के सोने के बिस्कुट बरामद करने का दावा किया है. पिछले तीन दिनों में बांग्लादेश सीमा पर सोने की तस्करी का ये तीसरा बड़ा मामला है. खास बात ये है कि गोल्ड स्मगलिंग के ये मामले ऐसे समय में सामने आ रहे हैं जब पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में बांग्लादेश के सांसद अनवारुल अजीम अनार की हत्या का मामला सुर्खियों में है. माना जा रहा है कि अनवारुल की हत्या सोने की तस्करी से जुड़ी हुई थी. 

बीएसएफ ने बयान जारी कर बताया कि रविवार (26 मई) को बांग्लादेश सीमा से सटे पश्चिम बंगाल के 24 परगना जिले के हलदरपारा गांव में एक घर पर छापा मारकर 89 सोने के बिस्कुट जब्त किए गए. बीएसएफ के मुताबिक, ये छापेमारी एक गुप्त सूचना के आधार पर मारी गई थी जो इंटेलिजेंस विंग ने साझा की थी. मामले में घर के मालिक को गिरफ्तार किया गया है. आरोपी से पूछताछ में पता चला कि भारत-बांग्लादेश की सीमा पर सोने की तस्करी से जुड़े स्मगलर उसके घर को एक ठिकाने के तौर पर इस्तेमाल करते थे. बांग्लादेश से तस्करी कर भारत लाए गए सोने को आरोपी के घर पर छुपाया जाता था. 

बीएसएफ के साउथ बंगाल फ्रंटियर के डीआईजी (प्रवक्ता) ए के आर्या ने बताया कि जब्त किए गए सोने के बिस्कुट का वजन 16 किलो से ज्यादा है और बाजार में सोने की कीमत करीब 12 करोड़ है.  डीआईजी के मुताबिक, जब्त किए गए सोने और आरोपी, दोनों को डिपार्टमेंट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) को सौंप दिया गया है जो आगे की कानूनी कार्यवाही करेगी. 

दरअसल, बांग्लादेश के गोल्ड स्मगलर दुबई (यूएई) जैसे देशों से सोना खरीद कर पहले अपने देश में लाते हैें. क्योंकि सोने की कीमत भारत में ज्यादा है, ऐसे में बॉर्डर के जरिए इस सोने को पश्चिम बंगाल भेज दिया जाता है. भारत-बांग्लादेश सीमा पर हालांकि, कटीली तार लगी हुई है बावजूद इसके तस्कर ड्रग्स, गोल्ड और हथियारों की स्मगलिंग जैसा धंधा करते हैं. क्योंकि दोनों देशों के सीमावर्ती गांव कटीली बाड़ के बेहद करीब हैं. ऐसे में बॉर्डर क्राइम पर लगाम लगाना बीएसएफ के लिए एक बड़ी चुनौती है. माना जाता है कि दुबई में एक किलो गोल्ड की कीमत करीब 62 लाख है जबकि बांग्लादेश में थोड़ा ज्यादा है. लेकिन भारत में एक किलो सोने की कीमत करीब 75 लाख है (https://x.com/neeraj_rajput/status/1794662167247024195).

पश्चिम बंगाल पुलिस की सीआईडी और बांग्लादेश पुलिस इनदिनों एक हाई प्रोफाइल हत्याकांड में उलझी हुई है जिसके तार गोल्ड स्मगलिंग से जुड़े हो सकते हैं. पिछले हफ्ते कोलकाता में बांग्लादेश के सत्तारूढ़ दल के एक सांसद अनवारुल अजीम अनार रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गए थे. जांच में पता चला कि उनकी कोलकाता के एक अप-स्केल फ्लैट में हनी-ट्रैप करने के बाद बेहद ही बेरहमी से हत्या कर दी गई है. इस मामले में सीआईडी ने मुंबई से एक बांग्लादेशी कसाई जिहाद हवलदार को गिरफ्तार किया है जिसने कबूल किया है कि सांसद अनवारुल की फ्लैट में हत्या करने के बाद शव के 80 टुकड़े कर कोलकाता में अलग अलग जगह पर फेंक दिए गए हैं. पहचान छिपाने के लिए जिहाद ने सांसद की खाल भी उतार दी थी (कोलकाता में बांग्लादेशी सांसद… हनी ट्रैप, हत्या और अमेरिकी आरोपी).

उधर ढाका पुलिस (बांग्लादेश) ने सांसद की हत्या के आरोप में एक युवती को गिरफ्तार किया है जिसने अनवारुल को कोलकाता में हनी-ट्रैप किया था. साथ ही दो सुपारी किलर को धर-दबोचा गया है. पूछताछ के आधार पर दोनों देशों की पुलिस इस निष्कर्ष पर पहुंची है कि सांसद अनवारुल राजनीति के साथ-साथ गोल्ड स्मगलिंग में भी लिप्त थे. उनके इस धंधे में पार्टनर एक बांग्लादेशी मूल का अमेरिकी नागरिक अख्तरज्जमां उर्फ शाहीन था. हाल के दिनों में सांसद और शाहीन के बीच तस्करी के पैसों को लेकर विवाद खड़ा हो गया था. 

हालांकि, सांसद अनवारुल की तरफ से कहा गया था कि मेडिकल जांच के लिए वो कोलकाता आए थे लेकिन पुलिस को शक है कि वे सोने की तस्करी से जुड़े लेनदेन के लिए ही कोलकाता आए थे. हत्या के बाद से शाहीन फरार है. उसकी गिरफ्तारी के लिए कोलकाता पुलिस और बांग्लादेश की सरकार इंटरपोल की मदद लेने की तैयारी कर रही है. 

सोने की स्मगलिंग से जुड़े मामलों को देखते हुए ही बीएसएफ ने पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती इलाकों के लिए एक हेल्पलाइन नंबर जारी किया है. बीएसएफ सीमाशाथी हेल्पलाइन नंबर 14419 के जरिए स्थानीय लोग सोने की तस्करी से जुड़ी जानकारी साझा कर सकते हैं. साथ ही साउथ बंगाल फ्रंटियर ने एक व्हाट्सअप नंबर 9903472227 भी शुरु किया गया है जिस पर मैसेज या फिर वॉइस मैसेज के जरिए सूचना साझा की जा सकती है. डीआईजी आर्या के मुताबिक, सूचना देने वाले को उचित ईनाम भी दिया जाएगा. 

Leave feedback about this

  • Rating

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.