Alert Breaking News Classified Geopolitics Indian-Subcontinent Reports

कोलकाता में बांग्लादेशी सांसद… हनी ट्रैप, हत्या और अमेरिकी आरोपी

By Khushi Vijai Singh

कोलकाता में बांग्लादेश के सांसद की हनी-ट्रैप में फंसाने के बाद बेरहमी से हत्या का राज गहराता जा रहा है. दो देशों की पुलिस द्वारा जांच में ये बात सामने आई है कि बांग्लादेशी-मूल का अमेरिकी नागरिक अख्तरज्जमां इस कांड का मुख्य आरोपी है और फिलहाल फरार है. अख्तरज्जमां ने ही अपनी प्रेमिका के जरिए सांसद अनवारुल अजीम अनार को “हनी ट्रैप” में फंसाया था. 

जानकारी के मुताबिक, अख्तरुज्जमां ने भाड़े के हत्यारों को सांसद की हत्या के लिए पांच करोड़ रुपये दिए थे. इतनी बड़ी रकम से दो देशों की पुलिस भी हैरान है. हालांकि, पूछताछ में ये बात सामने आई है कि इन हत्यारों ने सांसद की बेरहमी से हत्या करने के बाद उनके शरीर से खाल पूरी तरह उतार दी थी. इसके बाद लाश के टुकड़े करने के बाद कई पॉलीथिन में भरकर पूरे कोलकाता शहर में जगह-जगह फेंक दी थी. कोलकाता पुलिस ने इस मामले में बांग्लादेशी मूल के कसाई जिहाद हवलदार को मुंबई से गिरफ्तार कर लिया है. जिहाद ने ही सांसद की बेरहमी से हत्या करने और फिर टुकड़े कर शहर में फेंकने की बात साझा की है. जिहाद भी गैर-कानूनी तरीके से भारत आया था और मुंबई में रह रहा था.

उधर बांग्लादेशी पुलिस ने ढाका से अख्तरज्जमां की कथित प्रेमिका और दो सुपारी-किलर्स को हिरासत में ले लिया है. इस महिला ने ही सांसद को हनी-ट्रैप किया था. हालांकि, हत्या के कारण का अभी तक पूरी तरह खुलासा नहीं हो पाया है. अभी तक की जानकारी के मुताबिक, सांसद और अख्तरज्जमां में पैसों के लेनेदेन और एक गेस्ट हाउस को लेकर विवाद हुआ था जिसके कारण ही हत्या कराए जाने की बात सामने आई है. अनवारुल और मुख्य आरोपी अख्तरज्जमां का गोल्ड का बिजनेस है.  

सांसद की हत्या के वक्त अख्तरज्जमां की प्रेमिका कोलकाता में उसी घर में मौजूद थी जहां घटना को अंजाम दिया गया. हालांकि, हत्या के बाद 15 मई को वो ढाका चली गई थी, जहां पुलिस ने उसे धर-दबोचा. हत्या को कोलकाता में अख्तरज्जमां के किराये के घर में ही अंजाम दिया गया था.

दरअसल, बांग्लादेश की सत्तारुढ़ अवामी लीग पार्टी के सांसद अनवारुल, इलाज के लिए 12 मई को कोलकाता आए थे. यहां आने के बाद 14 मई से वे रहस्यमय परिस्थितियों में गायब हो गए थे. पश्चिम बंगाल पुलिस की सीआईडी ने मामले की जांच की तो पाया कि अनवारुल को आखिरी बार अख्तरज्जमां के न्यू टाउन स्थित किराये के फ्लैट पर देखा गया था. इस फ्लैट को आरोपी ने एक महीने पहले ही एक लाख रुपये महीना पर किराए के लिए लिया था. वहीं से कड़ी जोड़ते हुए और सीसीटीवी के आधार पर सीआईडी ने बांग्लादेश पुलिस के साथ मिलकर मामले को सुलझाने का दावा किया है. 

हालांकि, पुलिस को सांसद अनवारुल  के शरीर का कोई अंग अभी तक बरामद नहीं हुआ है. इस मामले का मुख्य आरोपी अख्तरज्जमां फिलहाल फरार है और बांग्लादेश पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपी बांग्लादेश से बाहर फरार हो चुका है.  

उसकी गिरफ्तारी के बाद ही तीन देशों से जुड़े हाई-प्रोफाइल हत्याकांड का खुलासा पूरी तरह हो पाएगा. माना जा रहा है कि बांग्लादेश पुलिस जल्द कोलकाता आ सकती है ताकि जांच का कड़ियों को जोड़ा जा सके. 

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Leave feedback about this

  • Rating

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.