Breaking News Geopolitics

WTO में अमेरिका को घसीटेगा चीन, टैरिफ लगाने पर कनाडा और मैक्सिको का पलटवार

अमेरिका राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा चीनी सामान पर 10 प्रतिशत शुल्क लगाने पर बीजिंग भड़क गया है. चीन ने अमेरिका को डब्ल्यूटीओ में घसीटने का ऐलान किया है. बीजिंग ने ट्रंप के टैरिफ को गलत-प्रथा करार दिया है.

चीन के वाणिज्य मंत्रालय ने साफ तौर से कहा कि अपने हितों और अधिकारों की रक्षा करते हुए काउंटरमेजर्स (प्रतिरोधी उपाय) लिए जाएंगे. चीन ने अमेरिका के खिलाफ वर्ल्ड ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन (डब्ल्यूटीओ) में मुकदमा करने की चेतावनी दी है.  

चीन की तरह ही कनाडा और मैक्सिको ने भी अमेरिका के खिलाफ जरूरी कार्रवाई की घोषणा की है.

शनिवार को अमेरिका ने चीन, कनाडा और मैक्सिको पर टैरिफ लगाना शुरु कर दिया है. कनाडा और मैक्सिको के सामान पर जहां 25 प्रतिशत शुल्क लगाया गया है, चीन पर 10 प्रतिशत टैरिफ लगाया गया है.

अमेरिका को देंगे टैरिफ पर करारा जवाब: जस्टिन ट्रूडो

अमेरिका के टैरिफ बढ़ाने के बाद कनाडाई कार्यवाहक प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो भड़क गए हैं. ट्रूडो ने ट्रंप को सीधे चुनौती देते हुए कहा है कि कनाडा की जवाबी कार्रवाई के लिए अमेरिका तैयार रहे.

ट्रूडो ने अपने संबोधन में ऐलान किया है कि 155 बिलियन अमेरिकी डॉलर के आयात पर 25 प्रतिशत टैक्स लगाएंगे. ट्रूडो ने कहा, “मंगलवार से 30 बिलियन डॉलर के अमेरिकी सामानों पर तत्काल टैरिफ लगाया जाएगा, इसके बाद 21 दिनों में 125 बिलियन डॉलर के सामानों पर और टैरिफ लगाया जाएगा. ताकि कनाडाई कंपनियों को विकल्प तलाशने का मौका मिल सके.”

जस्टिन ट्रूडो ने बयान जारी करते हुए कहा, “मैं सीधे अमेरिकियों, हमारे सबसे करीबी दोस्तों और पड़ोसियों से बात करना चाहता हूं. यह एक ऐसा विकल्प है जो कनाडाई लोगों को नुकसान पहुंचाएगा, लेकिन यह आपके लिए अमेरिकी लोगों के लिए भी नुकानदायक होगा. जैसा कि मैंने लगातार कहा है, कनाडा के खिलाफ टैरिफ आपकी नौकरियों को खतरे में डाल देगा, अमेरिकी ऑटो असेंबली प्लांट और अन्य विनिर्माण सुविधाएं बंद हो जाएंगी.”

मैक्सिको की लेडी प्रेसिडेंट ने भी दिया ट्रंप को जवाब

मैक्सिको ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ का जवाब टैरिफ लगाकर दिया है. मैक्सिकन राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाम ने शनिवार को कहा कि “अमेरिका द्वारा मैक्सिकन वस्तुओं पर टैरिफ लगाने के बाद उन्होंने अपने अर्थव्यवस्था मंत्री को मैक्सिको के हितों की रक्षा के लिए टैरिफ और गैर-टैरिफ उपायों को लागू करने का आदेश दिया है.”

शीनबाम ने अपने एक्स पोस्ट में लिखा, “हमारी सरकार अमेरिका के साथ टकराव नहीं बल्कि सहयोग और बात करना चाहती है.”

बहरहाल ट्रंप ने जो कहा वो किया. टैरिफ लगाए जाने को लेकर जस्टिन ट्रूडो और मैक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाम संपर्क में हैं. 

टैरिफ लागू करने के बाद राष्ट्रपति ट्रंप ने क्या कहा

ट्रंप ने सोशल मीडिया पोस्ट पर लिखा था कि “मैंने मैक्सिको और कनाडा से आयात पर 25% टैरिफ (कनाडाई ऊर्जा पर 10%) और चीन पर 10% अतिरिक्त टैरिफ लागू किया है. यह आईईईपीए के माध्यम से किया गया था क्योंकि अवैध विदेशियों और घातक दवाओं के कारण हमारे नागरिकों की मौत का बड़ा खतरा है. हमें अमेरिकी लोगों की रक्षा करने की आवश्यकता है.अवैध एलियंस और घातक ड्रग्स हमारे नागरिकों को मार रहे थे, जिनमें फेंटेनाइल भी शामिल है.”

ट्रंप ने आगे लिखा कि “हमें अमेरिकियों की रक्षा करने की आवश्यकता है, और राष्ट्रपति के रूप में सभी की सुरक्षा सुनिश्चित करना मेरा कर्तव्य है. मैंने अपने अभियान में अवैध एलियंस और ड्रग्स की बाढ़ को हमारी सीमाओं में आने से रोकने का वादा किया था, और अमेरिकियों ने इसके पक्ष में भारी मतदान किया.”

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.