Breaking News Geopolitics Reports

मस्क ने दिया मोदी को नायाब तोहफा, X पर ट्रेंड हुआ गिफ्ट

पीएम मोदी और एलन मस्क की मुलाकात के दौरान एक तस्वीर ने पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींचा. एलन मस्क जब अपने तीन बच्चों के साथ पीएम मोदी से मिलने पहुंचे तो मुलाकात के दौरान मस्क ने पीएम मोदी के हाथ में एक गिफ्ट थमाया था. वो गिफ्ट दुनिया में चर्चा का विषय बन गया है.

सवाल किया जा रहा है कि आखिर वो गिफ्ट था क्या, जिसके बारे में मस्क ने जब पीएम मोदी को बताया तो दोनों हंसे बिना नहीं रह पाए. 

मस्क के मोदी को दिए गिफ्ट को लेकर एक्स पर चर्चा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एलन मस्क के बच्चों के साथ खेलने और बात करने वाली तस्वीरों के अलावा सोशल मीडिया पर इस बात की चर्चा तेज है कि मस्क ने पीएम मोदी को क्या गिफ्ट दिया था. सोशल मीडिया पर एक यूजर ने लिखा, ‘एलन मस्क ने पीएम मोदी को क्या गिफ्ट दिया?’ कुछ लोगों ने अनुमान लगाया कि यह “स्पेसएक्स स्टारशिप लॉन्च के दौरान इस्तेमाल किया गया हीट टाइल” हो सकता है.

एक अन्य यूजर ने कहा कि यह ‘हीट शील्ड’ हो सकता है, जिसे स्पेसएक्स स्टारशिप में इस्तेमाल किया जाता है. मजाकिया अंदाज में, एक यूजर ने लिखा, ‘क्या मस्क ने मोदी को डॉज कॉइन गिफ्ट कर दिया?’ बताया जा रहा है कि एलन मस्क ने पीएम मोदी को हेक्सागोनल हीट शील्ड टाइल गिफ्ट की है, जो स्टारशिप की 5वीं टेस्ट फ्लाइट का है, जिसने अक्टूबर 2024 में उड़ान भरी थी. 

पीएम मोदी से मस्क के बच्चों ने छीना अपना गिफ्ट

पीएम मोदी मस्क के तीनों बच्चों के लिए अलग-अलग पैकेट में गिफ्ट लेकर गए थे. जैसे ही चंचलता से मस्क के बच्चे पीएम मोदी के पास गए तो बच्चों ने उत्सुकता से पीएम के हाथ से अपने लिए लाए गए गिफ्ट को छीन लिया. 

पीएम मोदी ने बच्चों को भारतीय साहित्य की कुछ किताबें गिफ्ट की. पीएम मोदी ने रवींद्रनाथ टैगोर की “द क्रिसेंट मून”, पंडित विष्णु शर्मा की पंचतंत्र और द ग्रेट आरके नारायण कलेक्शन सौंपा. प्रधानमंत्री द्वारा साझा की गई तस्वीरों में बच्चे इन किताबों को पढ़ते हुए नजर आ रहे हैं. (https://x.com/narendramodi/status/1890099707311190205?s=46)

55 मिनट तक मस्क और पीएम मोदी में हुई मीटिंग

पीएम मोदी ने एलन मस्क के साथ हुई बैठक को शानदार करार दिया है. पीएम मोदी ने तस्वीरें शेयर करके बताया, “वॉशिंगटन डीसी में हमने अलग-अलग मुद्दों पर चर्चा की, जिनमें स्पेस, मोबिलिटी, टेक्नोलॉजी और इनोवेशन जैसे मुद्दे भी शामिल हैं जिनको लेकर वह गंभीर हैं. मैंने मस्क से रिफॉर्म और ‘मिनिमम गवर्नमेंट मैक्सिमम गवर्नेंस’ को आगे बढ़ाने की दिशा में भारत के प्रयासों के बारे में बात की.”

क्या भारत में होगी स्टारलिंक सर्विस और टेस्ला की एंट्री?

ब्लेयर हाउस में पहुंचे एलन मस्क और पीएम मोदी के बीच कई मुद्दों पर चर्चा हुई है.  मस्क भारत में टेस्ला और स्टारलिंक सर्विस को शुरु करने के लिए बेताब हैं. कहा जा रहा है मुलाकात के दौरान एलन मस्क ने भारत के सामने अपना स्टारलिंक प्लान भी पेश किया.

स्टारलिंक ने काफी पहले भारत में सैटेलाइट इंटरनेट सर्विस के लिए अप्लाई किया था, लेकिन सरकारी की तरफ से अभी तक मंजूरी नहीं दी गई है. माना जा रहा है जल्द ही मस्क की कंपनी स्टारलिंक भारत में अपनी ब्रॉडबैंड सेवा शुरू कर सकती है.

भारत में बिजनेस करना आसान नहीं: डोनाल्ड ट्रंप

पीएम मोदी और एलन मस्क की बैठक को लेकर ट्रंप ने भी प्रतिक्रिया दी.  ट्रंप ने संकेत दिया कि एलन मस्क भारत में अपने कारोबारी हितों को आगे बढ़ाने के लिए पीएम मोदी से मिले होंगे.”

ट्रंप ने कहा, “मुझे लगता है कि मस्क भारत में व्यापार करना चाहते हैं, लेकिन भारत में व्यापार करना बेहद कठिन है, क्योंकि वहां के टैरिफ बहुत ज्यादा हैं. वे दुनिया में सबसे ऊंचे टैरिफ लगाते हैं.

ट्रंप ने हार्ले डेविडसन का उदाहरण देते हुए कहा, ‘भारत में टैक्स और टैरिफ इतने ज्यादा हैं कि हार्ले डेविडसन अपनी मोटरसाइकिलें नहीं बेच पा रही थी. इससे बचने के लिए कंपनी को भारत में फैक्ट्री लगानी पड़ी. लोग यहां भी ऐसा कर सकते हैं. कंपनियां अमेरिका में फैक्ट्री लगाकर मेडिकल उपकरण, ऑटोमोबाइल, चिप और सेमीकंडक्टर्स जैसे उत्पादों का निर्माण कर सकती हैं.”

ट्रंप सरकार में क्या है मस्क की भूमिका?

एलन मस्क ट्रंप प्रशासन के “डिपार्टमेंट ऑफ गवर्नमेंट एफिशिएंसी (डीओजीई) के प्रमुख हैं. इस विभाग का काम फेडरल टेक्नोलॉजी और सॉफ्टवेयर को मॉडर्न बनाना और सरकार की एफिशियंसी को अधिकतम करना है. अमेरिका के हित के लिए मस्क एक के बाद एक कई फैसले ले चुके हैं. 

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.