Breaking News Geopolitics NATO Russia-Ukraine War

ऊंट के मुंह में जीरा, यूक्रेन जंग के लिए इंग्लैंड ने दिया लोन

अमेरिका से सहायता बंद होने के बाद इंग्लैंड ने यूक्रेन की तरफ मदद का हाथ आगे बढ़ाया है. ओवल ऑफिस में बहस के बाद वाशिंगटन डीसी से सीधे लंदन पहुंचे यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की को इंग्लैंड के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने 3.3 बिलियन डॉलर यानी 29 हजार करोड़ लोन के तौर पर देने की घोषणा की है.

इंग्लैंड के इस लोन की भरपाई यूरोप में जब्त की गई रूस की संपत्तियों से हुई आमदनी (ब्याज) से की जाएगी. एक आकलन के मुताबिक, यूरोप में रूस की करीब 236 बिलियन पाउंड की संपत्ति जब्त है.

जब्त संपत्तियों का किया इस्तेमाल तो मिलेगी सजा: रूस

रूस हालांकि, पहले ही कह चुका है कि संपत्तियों को जब्त करना चोरी जैसा अपराध है और अंतरराष्ट्रीय कानूनों के खिलाफ है. रूस ने साफ कर दिया है कि ऐसा कोई भी कदम बिना सजा दिए मंजूर नहीं है.

अमेरिका में बेइज्जत होने के बाद स्टार्मर ने किया जेलेंस्की का स्वागत

लंदन पहुंचने पर कीर स्टार्मर ने जेलेंस्की का गर्मजोशी से स्वागत किया. 10 डाउनिंग स्ट्रीट पहुंचते ही कीर ने जेलेंस्की को गले लगाया. इस दौरान इंग्लैंड के प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास के बाहर बड़ी संख्या में लोग यूक्रेन के समर्थन में जमा थे.

इंग्लैंड ने ये मदद, लंदन में आयोजित हो रही डिफेंस समिट से पहले दी है. इस समिट में हंगरी और स्लोवाकिया को छोड़कर सभी यूरोपीय देशों को आमंत्रित किया गया है. समिट में यूक्रेन की मदद को लेकर चर्चा की जाएगी. क्योंकि रूस के खिलाफ जंग में अमेरिका ने यूक्रेन की सैन्य और वित्तीय मदद पर पूरी तरह रोक लगा दी है.

जंग के कारण 25 लाख घर हुए तबाह

हाल ही में संयुक्त राष्ट्र (यूएन) ने एक रिपोर्ट जारी की थी जिसमें बताया गया था कि पिछले तीन साल में जंग के कारण यूक्रेन में 25 लाख घर तबाह हो गए हैं और 17.60 हजार करोड़ डॉलर यानी 15 लाख करोड़ से ज्यादा का कुल नुकसान हुआ है.

यूएन रिपोर्ट के मुताबिक, टैंक, मिसाइल, और तोप के गोलों से पूरी तरह तबाह हो चुके यूक्रेन के पुनर्बहाली और पुनर्निर्माण में अगले एक दशक में 52.40 हजार करोड़ डॉलर (करीब 46 लाख करोड़) से अधिक खर्च होने का अनुमान है.

मलबे को साफ करने में लगेंगे 13 बिलियन डॉलर खर्च: यूएन रिपोर्ट

यूएन रिपोर्ट में बताया गया है कि मलबे को साफ करने और उसके रखरखाव के लिए ही 13 बिलियन डॉलर का खर्च आएगा. ऐसा इसलिए, क्योंकि जंग के कारण बिल्डिंग, सड़क, पुल और क्रिटिकल इंफ्रास्ट्रक्चर पूरी तरह जमींदोज हो चुका है.

संयुक्त राष्ट्र के मुताबिक, ऐसे में यूक्रेन को फिर से खड़ा करने में प्राइवेट सेक्टर की सख्त जरूरत होगी. संयुक्त राष्ट्र ने रिपोर्ट में यूएनडीपी (यूनाइटेड नेशन्स डेवलपमेंट प्रोग्राम) द्वारा यूक्रेन में किए जा रहे विकास के कार्यक्रमों की भी जानकारी दी है.

रिपोर्ट के जरिए यूक्रेन सरकार ने बताया कि वर्ष 2024 में कुल 2000 किलोमीटर सड़क, हाईवे और राष्ट्रीय मार्गों की मरम्मत की गई. साथ ही 1.2 बिलियन डॉलर को हाउसिंग सेक्टर में खर्च किया गया. (रूस-यूक्रेन जंग में 25 लाख घर तबाह, UN रिपोर्ट में 15 लाख करोड़ के कुल नुकसान का आकलन)

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.