इजरायली डिफेंस फोर्स ने गाजा के खान यूनिस में लंबी अंडरग्राउंड सुरंग का भंडाफोड़ किया है. इस सुरंग ने इजरायली सेना ने भारी मात्रा में गोला बारूद और हथियारों को बरामद किया है.
आईडीएफ ने इस सुंरग का वीडियो शेयर करके बताया है कि कि हमास के आतंकी किस तरह से जमीन के अंदर ठिकाने बनाकर इजरायल के खिलाफ साजिश रच रहे थे.
इससे पहले भी गाजा में अस्पतालों और स्कूलों की आड़ में बनाई गई दर्जनों सुरंगों का इजरायल पर्दाफाश कर चुका है. हाल ही में इजरायली सेना ने एक ऐसी सुरंग पर एक्शन लिया था जिसमें हमास के कई आतंकी मौजूद थे. आईडीएफ ने इन सुरंगों को कंक्रीट और सीमेंट से बंद करके बम से उड़ा दिया था.
खान यूनिस में हमास की लंबी सुरंग, हथियारों का जखीरा जब्त
गाजा में लगातार आईडीएफ का सर्च ऑपरेशन जारी है. हालांकि सभी बंधक छुड़ाए जा चुके हैं. हमास के कब्जे से पिछले सप्ताह बंधक का आखिरी शव भी बरामद किया जा चुका है. इस बीच आईडीएफ ने अपने सोशल मीडिया पर एक सुरंग का वीडियो पोस्ट किया है.
दिखाई गई सुरंग के अंदर राइफलें, रॉकेट लॉन्चर, ग्रेनेड और विस्फोटक सामग्री मिली है. यह सुरंग रिहायशी इलाकों के नीचे बनाई गई थी, ताकि सीक्रेट जगह से आतंकी अपनी साजिश रच सकें और लोगों की नजरों से बचे रहें.
इजरायली सेना ने वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, “सुरंग में 3 रहने की जगहें और दर्जनों हथियार, जिनमें 45 ग्रेनेड, 35 मैगजीन, 10 राइफलें, आरपीजी रॉकेट और लॉन्चर, 10 विस्फोटक डिवाइस और 6 मिलिट्री वेस्ट शामिल बरामद किए गए हैं.”
गाजा पट्टी में हमास आतंकियों के सुरंगों का जाल
गाजा पट्टी में हमास आतंकियों ने एक दो नहीं बल्कि सैकड़ों सुरंगों का निर्माण किया है. कई सुरंगें तो बेहद हाईटेक हैं. अस्पताल और स्कूल के नीचे भी हमास आतंकियों ने सुरंगों में अपना कमांड सेंटर बना रखा था. क्योंकि आतंकियों को लगता था कि इजरायल की सैन्य कार्रवाई अस्पताल और स्कूलों में नहीं की जाएगी.
हमास ने सुरंगों का ऐसा जाल बिछा रखा था कि 7 अक्टूबर 2023 में जब इजरायल पर हमला किया गया तो बंधकों को इन्हीं अलग-अलग सुरंगों में रखा गया.
इजरायली एक्शन तो चल रहा था, लेकिन सुरंगें कहां-कहां हैं और क्या उनमें बंधक हैं, ये पता लगाना बेहद जटिल रहा.
इजरायली सेना ने बताया कि सुरंग को नष्ट करने से पहले उसकी पूरी रिकॉर्डिंग की गई ताकि अंतरराष्ट्रीय समुदाय को स्थिति की गंभीरता दिखाई जा सके. आईडीएफ ने बताया कि सैनिकों द्वारा सुरंग को ध्वस्त कर दिया गया.
संघर्ष विराम के तहत राफाह बार्डर को आंशिक तौर पर खोला गया
इजरायल ने सीजफायर समझौते के तहत राफाह क्रॉसिंग बॉर्डर को आंशिक रूप से खोल दिया है. मई 2025 के बाद यह पहला मौका है जब राफाह क्रॉसिंग को थोड़ा खोला गया है. क्रॉसिंग फिलहाल ट्रायल आधार पर खोली गई है और सिर्फ सीमित संख्या में गाजा के लोगों की आवाजाही की अनुमति दी जा रही है. कड़ी स्क्रीनिंग के बाद ही किसी को आने दिया जा रहा है. बताया जा रहा है कि तकरीबन 80000 फिलिस्तीनी ऐसे हैं, जो युद्ध के दौरान गाजा छोड़कर चले गए थे. वापस आना चाहते हैं.
खान यूनिस इलाके में इजरायल का एक्शन, 30 लोग मारे गए, हमास का आया बयान
गाजा में भीषण हवाई हमले किए गए हैं. इन हमलों में कम से कम 30 लोगों की मौत हुई है. हमले में मरने वालों में महिलाएं और बच्चे शामिल हैं. ये हमला खान यूनिस के दक्षिणी इलाके में विस्थापित लोगों के टेंट पर किया गया.
हमास ने इजरायल के ताजा हमलों को युद्धविराम का खुलेआम उल्लंघन कहा है. हमास ने अमेरिका और दूसरे मध्यस्थ देशों से आग्रह किया कि वे इजरायल पर हमले रोकने के लिए दबाव डालें.

