ईरान ने अमेरिका के एफ 35 लड़ाकू विमान को मार गिराने का दावा किया है. एफ 35 फाइटर जेट जो दुनिया का सबसे अत्याधुनिक और शक्तिशाली विमान माना जाता है. एफ 35 को कोई भी राडार ट्रेस नहीं कर सकता है, अगर आईआरजीसी का दावा सच है, तो अमेरिका के लिए ये बहुत बड़ा झटका साबित होगा.
हालांकि अमेरिका ने ईरान के दावे को खारिज कर दिया है. अमेरिका के सेंटकॉम (सेंट्रल कमान) ने आधिकारिक बयान में एफ 35 के इमरजेंसी लैंडिंग की बात कही है. सेंटकॉम के प्रवक्ता के मुताबिक ईरान में मिशन के दौरान एफ 35 लड़ाकू विमान को सुरक्षित उतारा गया है.
पहली बार ईरान ने बनाया एफ 35 को निशाना, आईआरजीसी ने जारी किया वीडियो
28 फरवरी से शुरु हुए युद्ध में यह पहली बार है, जब ईरान ने किसी अमेरिकी विमान को निशाना बनाया है. ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने वीडियो जारी करते हुए कहा, “ हमने मध्य ईरान के ऊपर अमेरिकी एफ‑35 लड़ाकू विमान पर हमला किया और उसे ‘गंभीर नुकसान’ पहुंचाया. अमेरिकी एफ‑35 विमान को ईरानी एयर डिफेंस सिस्टम ने लगभग ढाई बजे निशाना बनाया. यह ऑपरेशन ‘125 से अधिक अमेरिकी-इजरायली ड्रोन के सफल इंटरसेप्शन के बाद’ किया गया.”
आईआरजीसी ने कहा कि “यह घटना देश की वायु रक्षा तंत्र में हुए अहम और विशेष सुधारों को दर्शाती है.”
आपको बता दें कि एफ-35 स्टील्थ लड़ाकू विमान है, जिसे अमेरिका और इजरायल दोनों ईरान के खिलाफ एयरस्ट्राइक में इस्तेमाल कर रही हैं.
एफ 35 को आपात परिस्थितियों में उतरना पड़ा: सेंटकॉम
अमेरिकी सेना की मध्य कमान के प्रवक्ता कैप्टन टिम हॉकिंस के मुताबिक, “यह पांचवीं पीढ़ी का लड़ाकू विमान ईरान के ऊपर अपने मिशन पर था, तभी उसे पश्चिम एशिया में अमेरिकी एयरबेस पर आपात स्थिति में उतरना पड़ा. विमान सुरक्षित रूप से उतर गया है और इस घटना की जांच चल रही है. पायलट की हालत स्थिर है. इस घटना की जांच की जा रही है.”
यह आपातकालीन लैंडिंग ऐसे समय में हुई है जब वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी ईरान के खिलाफ अपने अभियान में व्यापक सफलता का दावा कर रहे हैं. रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने गुरुवार सुबह कहा था कि अमेरिका निर्णायक जीत हासिल कर रहा है और ईरान की एयर डिफेंस सिस्टम पूरी तरह से ध्वस्त हो चुका है.
क्यों घातक माना जाता है एफ 35 विमान
एफ 35 विमान लंबी दूरी तक मार करने वाला लड़ाकू विमान है. इसमें स्टील्थ टेक्नोलॉजी है, जिससे इसे रडार से ट्रैक नहीं किया जा सकता. एडवांस सेंसर लगे हैं.इसमें मिसाइलों को बॉडी में फिट किया जा सकता है. एफ 35, मैक की रफ़्तार से उड़ान भर सकता है. इसे लॉकहिड मार्टिन कंपनी ने बनाया है और बेहद खर्चीला विमान माना जाता है. इस विमान की कीमत की बात की जाए तो एक एफ 35 लड़ाकू विमान 100 मिलियन डॉलर से अधिक की कीमत का है.


Leave feedback about this