Breaking News Indo-Pacific Reports

ट्रंप-मोदी की फोन पर बात, टैरिफ कम

अमेरिका और भारत के बिगड़ते रिश्तों को फिर से पटरी पर लौटाने के लिए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच फोन पर बात की गई है. इस बातचीत के बाद  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना दोस्त बताते हुए ट्रंप ने भारत पर लगाया गया टैरिफ घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया है.

यूरोपियन यूनियन के साथ भारत की मदर ऑफ ऑल डील्स के बाद अमेरिका में हलचल तेज थी. अमेरिका और भारत की ट्रेड डील लटकी हुई थी, जिसके बाद ट्रंप ने पीएम मोदी से बात सोशल मीडिया पर कहा है कि 18 प्रतिशत टैरिफ को और घटाकर शून्य करने का लक्ष्य है.  

ट्रंप की घोषणा के कुछ देर बाद पीएम मोदी ने भारतवासियों की ओर से धन्यवाद दिया और कहा, जब दो अर्थव्यवस्थाएं मिलकर काम करेंगी तो दोनों देशों को लाभ होगा.

वैश्विक शांति के लिए ट्रंप के प्रयासों के साथ हैं: पीएम मोदी

नए वर्ष में सोमवार को पहली बार ट्रंप और पीएम मोदी के बीच फोन पर वार्ता हुई है. बातचीत को लेकर प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा, “अपने प्रिय मित्र राष्ट्रपति ट्रंप से बात करके बहुत अच्छा लगा. यह जानकर बेहद खुशी हुई कि अब ‘मेड इन इंडिया’ उत्पादों पर टैरिफ घटकर 18% हो जाएगा. इस शानदार घोषणा के लिए भारत की 14 लाख जनता की ओर से राष्ट्रपति ट्रंप को हार्दिक धन्यवाद.”

पीएम मोदी ने आगे लिखा कि, “जब दो बड़ी अर्थव्यवस्थाएं और दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र एक साथ मिलकर काम करते हैं, तो इससे हमारे लोगों को लाभ होता है और पारस्परिक लाभकारी सहयोग के अपार अवसर खुलते हैं.”

“वैश्विक शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए राष्ट्रपति ट्रंप का नेतृत्व अत्यंत महत्वपूर्ण है. भारत शांति के लिए उनके प्रयासों का पूर्ण समर्थन करता है. मैं उनके साथ मिलकर काम करने और हमारी साझेदारी को अभूतपूर्व ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए तत्पर हूं.”

पीएम मोदी मेरे अच्छे दोस्त, शक्तिशाली और सम्मानित नेता- ट्रंप

ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट ट्रूथ सोशल पर पोस्ट करके पीएम मोदी की तारीफ की. कहा, “पीएम मोदी मेरे सबसे अच्छे दोस्तों में से एक हैं और अपने देश के एक शक्तिशाली और सम्मानित नेता हैं. हमने कई मुद्दों पर चर्चा की, जिसमें व्यापार और रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध खत्म करना शामिल है. इस दौरान 500 बिलियन डॉलर से ज्यादा की अमेरिकी खरीद के मुद्दे पर चर्चा हुई.”

वहीं ट्रंप ने ये दावा भी किया, कि “भारत अब रूस से तेल खरीदना बंद करेगा. भारत, अमेरिका और वेनेजुएला से तेल खरीदेगा.” 

भारत और अमेरिका के बीच हुए नए समझौते के तहत अमेरिका ने भारत पर टैरिफ घटा दिया है.ट्रंप ने कहा कि “आने वाले समय में टैरिफ को और घटाएंगे. घटी टैरिफ दरें तत्काल प्रभाव से लागू होंगी. भारत के साथ हमारे संबंध भविष्य में और भी मजबूत होंगे. प्रधानमंत्री मोदी और मैं दो ऐसे लोग हैं, जो काम पूरा करते हैं.”

ट्रंप ने शेयर की इंडिया गेट की तस्वीर

अमेरिकी राष्ट्रपति ने नई दिल्ली स्थित ऐतिहासिक इंडिया गेट की तस्वीर शेयर करते हुए इसे भारत का सबसे खूबसूरत विजय द्वार बताया है. ट्रंप ने घोषणा की कि, अमेरिका भी अपनी राजधानी वॉशिंगटन डीसी में एक भव्य स्मारक बनाएगा, जो दुनिया के सभी स्मारकों में सबसे बड़ा और शानदार होगा.

इंडिया गेट की एक तस्वीर शेयर करते हुए ट्रंप ने लिखा, “भारत का खूबसूरत विजय द्वार। हमारा (स्मारक) इन सबमें सबसे महान और भव्य होगा!”

3 दिनों के अमेरिकी दौरे पर विदेश मंत्री एस जयशंकर

ट्रंप और पीएम मोदी के बीच फोन पर बातचीत ऐसे वक्त में हुई है, जब भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर तीन दिन के लिए अमेरिका यात्रा पर हैं. विदेश मंत्रालय की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक एस जयशंकर 2 से 4 फरवरी तक अमेरिका के दौरे पर रहेंगे. वे अमेरिका में आयोजित हो रही क्रिटिकल मिनरल्स मिनिस्टीरियल मीटिंग में हिस्सा लेंगे. यह मीटिंग अमेरिका के विदेश सचिव मार्को रुबियो ने बुलाई है. यह मीटिंग सप्लाई चेन रेजिलिएंस, क्लीन एनर्जी ट्रांजिशन और क्रिटिकल मिनरल्स में रणनीतिक साझेदारी पर केंद्रित है. इस दौरे में एस जयशंकर अमेरिकी सरकार के वरिष्ठ सदस्यों के साथ भी मीटिंग करेंगे.

इससे पहले पिछले हफ्ते अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर और विदेश मंत्री के बीच भी बैठक हुई थी.

माना जा रहा है कि भारत से संबंध खराब करके अमेरिकी राष्ट्रपति खुद अपने देश में घिरे हुए हैं. वहीं नया वर्ल्ड ऑर्डर बन रहा है, जिसमें यूरोपीय देश भी अमेरिका से दूर जाकर चीन के करीब पहुंच रहा है. भारत ने खुद 27 जनवरी को ईयू के साथ बड़ा समझौता किया है, जो अमेरिका के लिए झटका माना जा रहा है. ऐसे में अमेरिका ने भारत से रिश्तों को सुधारने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा दिया है. इसी कदम के तहत भारत का टैरिफ घटाया गया है और ट्रंप-मोदी के बीच बातचीत हुई है.  

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.