Breaking News Middle East War

ईरान की गैस फील्ड पर इजरायली अटैक, ट्रंप बैकफुट पर

ईरान में दुनिया के सबसे बड़े नेचुरल गैस फील्ड साउथ पार्स पर हुए हमलों के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की है कि अब इजरायल इस क्षेत्र पर कोई और हमला नहीं करेगा. ईरान की अर्थव्यवस्था पर तगड़ा वार करने के लिए इजरायली सेना ने ईरान की साउथ पार्स गैस फील्ड पर हमले किए. जिससे पार्स गैस फील्ड को जबरदस्त नुकसान हुआ है. गैस फील्ड में लगातार भीषण आग धधक रही है. पूरा इलाका इस आग की चपेट में है.

वहीं पलटवार करते हुए ईरान ने कतर के एलएनजी साइट्स पर मिसाइलें दागी हैं, जिससे कतर को बड़ा नुकसान हुआ है.

अमेरिका के सहयोगी देश यूएई, कतर और ओमान ने पार्स गैस फील्ड पर किए हए हमले की कड़ी निंदा की, जिसके बाद ट्रंप ने इस हमले से पल्ला झाड़ते हुए इस अटैक को पूरी तरह से इजरायल का ऑपरेशन बताया और भरोसा दिया है कि इजरायल अब पार्स गैस फील्ड पर हमला नहीं करेगा.

ईरान पार्स गैस फील्ड  पर नहीं होगा हमला: ट्रंप

अमेरिका और ईरान के बीच चल रही जंग थमने का नाम नहीं ले रही. 20वें दिन में युद्ध इस मोड़ पर पहुंच गया है कि ऑयल स्त्रोतों और नेचुरल गैस फील्ड पर हमला किया जा रहा है, जो दुनिया में उथल पुथल मचाने वाला है.

बुधवार को इज़रायल ने ईरान पर अब तक का सबसे बड़ा हमला किया है. इजरायल ने ईरान के साउथ पार्स गैस फील्ड पर हमले किए है, जो दुनिया का सबसे बड़ा नेचुरल गैस स्त्रोत है. जिसके बाद खाड़ी देशों ने एकजुट होकर अमेरिका के खिलाफ सुर मजबूत कर लिए. अमेरिका के सहयोगी देश चाहे वो कतर हो या ओमान. यूएई. सभी ने इस अटैक की निंदा की, जिसके बाद डोनाल्ड ट्रंप को अपना बयान जारी करना पड़ा है.

डोनाल्ड ट्रंप ने इजरायल से नाराजगी जाहिर करते हुए खाड़ी देशों को विश्वास दिलाने की कोशिश की है कि आगे इजरायली सेना पार्स गैस फील्ड पर हमला नहीं करेगी.

ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा, “मिडिल-ईस्ट में जो कुछ भी हुआ है, उसके गुस्से में इजरायल ने ईरान के साउथ पार्स गैस फील्ड पर हिंसक हमला किया है. पूरे फील्ड के एक छोटे हिस्से को निशाना बनाया गया है.”

पार्स फील्ड पर अटैक इजरायली ऑपरेशन था, हम उसमें शामिल नहीं: ट्रंप

दुनिया के देशों ने जब अमेरिका को घेरना शुरु किया तो अब तक इजरायल के साथ ऑपरेशन को अंजाम देने की बात कहने वाले ट्रंप ने पलटी मार ली. ट्रंप ने कहा कि ये साउथ पार्स पर हुआ हमला पूरी तरह से इजरायल का ऑपरेशन था. संयुक्त राज्य अमेरिका को इस हमले के बारे में कुछ भी पता नहीं था. और कतर देश इसमें किसी भी तरह से शामिल नहीं था, न ही उसे इस बारे में कोई अंदाजा था कि ऐसा होने वाला है.”

दक्षिण पार्स गैस फील्ड क्यों है अहम, जिसपर हमला करके इजरायल ने की गलती

दक्षिण पार्स गैस फील्ड दुनिया का सबसे बड़ा प्राकृतिक गैस फील्ड है. दक्षिण पार्स गैस फील्ड का सबसे बड़ा हिस्सा ईरान के पास है. वहीं एक हिस्सा कतर की सीमा में आता है, जिसे नॉर्थ डोम कहा जाता है. इस पूरे फील्ड में करीब 1800 खरब क्यूबिक फीट गैस है, जो पूरी दुनिया के इस्तेमाल के लिए 13 साल तक पर्याप्त है. दक्षिण पार्स से निकाली जाने वाली अधिकतर गैस को ईरान द्वारा घरेलू इस्तेमाल में लाया जाता है.

ईरान का पलटवार, कतर के रास लफान फील्ड को किया टारगेट

साउथ पार्स पर किए गए हमलों के जवाब में ईरान ने सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात और कतर की पांच ऊर्जा सुविधाओं को आने वाले घंटों में निशाना बनाने की धमकी दी. और ये अटैक शुरु भी कर दिए गए. ईरान ने कतर के एलएनजी साइट्स पर मिसाइलें दागी हैं, जिनमें रास लफान अहम है.

रास लफान कतर के नॉर्थ फील्ड में स्थित एक प्रोसेसिंस यूनिट है, जहां दुनिया का सबसे ज्यादा प्राकृतिक गैस को प्रोसेस किया जाता है. यह इसलिए अहम है, क्योंकि इसी प्रोसेसिंग यूनिट से पूरी दुनिया को गैस सप्लाई किया जाता है. कतर को सबसे ज्यादा इसी इलाके से राजस्व भी आता है. इसके ठप होने का मतलब है- कतर के जरिए पूरी दुनिया को गैस सप्लाई ठप होना. कतर अमेरिका, यूरोप और एशिया के अधिकांश देशों को गैस सप्लाई करता है.

कतर के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, देश की एयर डिफेंस प्रणाली ने रास लाफान इंडस्ट्रियल सिटी की ओर बढ़ रही दो बैलिस्टिक मिसाइलों को सफलतापूर्वक इंटरसेप्ट कर नष्ट कर दिया. इससे पहले चार मिसाइलों को भी हवा में ही मार गिराया गया था, जबकि एक मिसाइल रास लाफान क्षेत्र में गिरी थी.

डोनाल्ड ट्रंप ने कहा- “मैं हिंसा और विनाश के इस स्तर को अधिकृत नहीं करना चाहता क्योंकि इसका ईरान के भविष्य पर दीर्घकालिक प्रभाव पड़ेगा, लेकिन अगर कतर के एलएनजी पर फिर से हमला होता है, तो मैं ऐसा करने में संकोच नहीं करूंगा। इस बात की ओर आपका ध्यान के लिए धन्यवाद.”

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *