ग्रीनलैंड और कनाडा को अमेरिकी नक्शे में दिखाने के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज स्ट्रेट को स्ट्रेट ऑफ ट्रंप बता डाला है. ट्रंप ने बाकायदा होर्मुज की एक तस्वीर अपने सोशल मीडिया पर शेयर की है, जिसपर स्ट्रेट ऑफ ट्रंप लिखा है और नक्शा भी बदला गया है.
ट्रंप ने यह तस्वीर अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल अकाउंट पर बिना किसी कैप्शन के पोस्ट की है. इस तस्वीर को लेकर विवाद बढ़ना तय है. पूरी दुनिया कह रही है कि ईरान के आगे अमेरिका की हालत खराब हो गई है, तो वहीं ट्रंप दावा कर रहे हैं कि ईरान को उन्होंने बुरी तरह से हरा दिया है, कि वो उसे खड़ा होने के लिए कई वर्ष लग जाएंगे.
ट्रंप ने ये तस्वीर ऐसे वक्त में शेयर की है, जब होर्मुज में अमेरिका की ओर से नाकेबंदी की गई है, वहीं आईआरजीसी भी अपनी शर्तों को लेकर होर्मुज में डटा हुआ है.
होर्मुज के बदले नाम वाली तस्वीर ट्रंप ने पोस्ट की
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज की एक तस्वीर शेयर की, इसमें स्ट्रेट ऑफ होर्मुज का नाम बदलकर स्ट्रेट ऑफ ट्रंप कर दिया गया है. हालांकि इस तस्वीर के साथ ट्रंप ने कुछ लिखा नहीं, लेकिन बिना कुछ लिखे ही ट्रंप का मैसेज दुनिया को मिल गया है.
इस तस्वीर को शेयर करने से पहले ट्रंप ने ईरान के खिलाफ जारी अमेरिकी नौसैनिक नाकाबंदी को शानदार रणनीति बताते हुए कहा कि, “तेहरान को हार माननी ही पड़ेगी। जब तक कि वह अपनी परमाणु महत्वाकांक्षाओं को नहीं छोड़ देता, तब तक कोई समझौता नहीं हो सकता है.”
तूफान आने वाला है, सेंटकॉम ने तैयार किया नया प्लान
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा है, “तूफान आने वाला है जो आने वाला है उसे कोई नहीं रोक सकता.”
माना जा रहा है कि ट्रंप की ये नई धमकी ईरान के लिए है. आशंका जताई जा रही है कि युद्धविराम तोड़कर अमेरिका सेना एक बड़े हमले का प्लान बना रही है.
ट्रंप और ईरान के बीच जारी गतिरोध को खत्म करने के लिए व्हाइट हाउस में ट्रंप, अमेरिकी सेंट्रल कमांड के साथ अहम बैठक कर रहे हैं. जिसमें ईरान के खिलाफ हमले का नया प्लान है. अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने ईरान पर घातक हमले का प्लान तैयार कर लिया है और ट्रंप का इशारा मिलते ही अमेरिकी सेना ईरान पर टूट पड़ेगी.
अमेरिकी नौसेना ने होर्मुज में 2 वॉरशिप्स, 25 युद्धपोत और 200 से अधिक विमान तैनात किए हैं, जिन्होंने अब तक 42 जहाजों को रास्ता बदलने पर मजबूर कर दिया है. ट्रंप ने नाकेबंदी को सफल बताया है.
अमेरिका के पास दुनिया की सबसे शक्तिशाली सेना: ट्रंप
ट्रंप ने कहा कि, “नाकेबंदी से तेहरान को कुछ ही घंटों में पता चल गया कि अमेरिकी नौसेना कितनी शक्तिशाली है. मैं आपको बता सकता हूं, कोई भी हमारे साथ खिलवाड़ नहीं कर सकता है, हमारे पास दुनिया की सबसे शक्तिशाली सेना है, जिसका अधिकांश हिस्सा, मैंने अपने पहले कार्यकाल में बनाया और तब से हम इसे लगातार विकसित कर रहे हैं. यह दुनिया में कहीं भी सबसे शक्तिशाली है, कोई भी इसके आसपास भी नहीं है.”

