फ्रांस के एवियन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात ने पूरी दुनिया की ध्यान खींचा है. पीएम मोदी-ट्रंप के बीच ये मुलाकात 16 महीने बात हुई है. इन 16 महीनों में भारत-अमेरिका के संबंधों में बहुत उतार-चढ़ाव आया, तल्खियां बढ़ीं.
प्रधानमंत्री मोदी जी-7 शिखर सम्मेलन के आउटरीच सत्र में शामिल हुए थे, इस दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कुर्सी से उठकर पीएम मोदी से हाथ मिलाया. दोनों नेता एक दूसरे के बगल बैठे थे.
जी 7 शिखर सम्मेलन के इतर बुधवार शाम 6.30 बजे दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय बातचीत होनी है.
फ्रांस में मोदी और ट्रंप के बीच मुलाकात
फ्रांस के एवियन में आयोजित जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बातचीत करते हुए दिखाई दिए हैं. दोनों नेताओं के बीच पिछली मुलाकात फरवरी 2025 में व्हाइट हाउस में हुई थी.
प्रधानमंत्री मोदी फ्रांस के एवियन में ग्रुप-7 की बैठक में शामिल होने पहुंचे हैं. इस दौरान ट्रंप-मोदी ने जी-7 शिखर सम्मेलन के आउटरीच सत्र में शामिल हुए. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि ट्रंप अपनी कुर्सी पर बैठे हुए थे, इस दौरान जब पीएम मोदी कमरे में प्रवेश करते हैं तो वो ट्रंप के पास गए. इस दौरान ट्रंप ने कुर्सी से उठकर पीएम मोदी से हाथ मिलाया. इस दौरान दोनों के बीच संक्षिप्त बातचीत भी हुई.
रूसी तेल खरीद, टैरिफ और युद्धविराम क्रेडिट पर तल्ख हुए रिश्ते
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप और पीएम मोदी के बीच बुधवार को द्विपक्षीय वार्ता प्रस्तावित है. यह बातचीत भारत-अमेरिका संबंधों के लिए एक अहम समय पर हो रही है. जब पिछले साल ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और भारतीय आयात पर ट्रंप प्रशासन द्वारा भारी टैरिफ लगाने के फैसले के कारण दोनों देशों में तनातनी देखी गई थी.
रूस के साथ तेल खरीद को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने भारत पर भारी टैरिफ लगा दिया था. साथ ही पहलगाम नरसंहार के बाद जब भारतीय सेना ने पाकिस्तान के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर लॉन्च किया था तो उस संघर्ष को रुकवाने का भी क्रेडिट ट्रंप ने लेने की कोशिश की थी. लेकिन भारत ने दो टूक कह दिया था कि भारत-पाकिस्तान के बीच किसी भी तीसरे देश की कोई भूमिका नहीं थी. पाकिस्तान के गिड़गिड़ाने के बाद ही ऑपरेशन सिंदूर को रोका गया था.
भारत के इस दावे के बाद ट्रंप नाराज हो गए, क्योंकि हर जगह ट्रंप यही कहते रहे हैं कि उन्होंने भारत-पाकिस्तान के बीच युद्ध रुकवाया था.
माना जा रहा है कि द्विपक्षीय बैठक में ट्रंप-मोदी के बीच गिले शिकवे दूर करने की कोशिश होगी और कई द्विपक्षीय मुद्दों पर सहमति बनाई जाएगी.
जी-7 के नेताओं ने खिंचवाई ग्रुप फोटो
आउटरीच सत्र से पहले पारंपरिक ग्रुप फोटो खिंचवाई गई. इसमें प्रधानमंत्री मोदी, अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप और फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों अन्य विश्व नेताओं के साथ अगली लाइन में खड़े थे.
ग्रुप फोटो में यूरोपियन काउंसिल के प्रेसिडेंट एंटोनियो कोस्टा, इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी, मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फत्ताह अल-सिसी, जर्मनी के चांसलर फ़्रेडरिक मर्ज़, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर, कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी, जापान की प्रधानमंत्री सनाए तकाइची, यूरोपियन कमीशन की प्रेसिडेंट उर्सुला वॉन डेर लेयेन और ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डा सिल्वा शामिल थे.

