अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भले ईरान के खिलाफ जंग टालने का दम भरा है लेकिन हकीकत ये है कि खाड़ी में एक बार फिर युद्ध का अलार्म बजना तय है. शुक्रवार को ईरान की कुख्यात आईआरजीसी ने बहरीन के एक द्वीप पर अमेरिका की अर्ली-वार्निंग रडार प्रणाली का दावा कर डाला. ईरान ने आरोप लगाया कि ये कार्रवाई सीरिक आईलैंड पर अमेरिका के हमले के जवाब में की गई है.
इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) के दावे के महज कुछ घंटे के भीतर हालांकि, अमेरिका की सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने हमले की खबरों को एक सिरे से खारिज कर दिया. सेंटकॉम के मुताबिक, आईआरजीसी ने 02 आत्मघाती ड्रोन जरुर बहरीन स्थित रडार प्रणाली पर दागे थे, लेकिन उन्हें मार गिराया था. इससे ना तो कोई हताहत हुआ और ना कोई नुकसान हुआ.
जुलाई के महीने से रूकी है जंग
जुलाई के महीने से अमेरिका और ईरान के बीच जंग लगभग बंद थी. हालांकि, अमेरिका ने जून महीने में युद्धविराम को खारिज कर दिया था, बावजूद इसके युद्ध धीमी गति से चल रहा था. होर्मुज स्ट्रेट में जरूर कुछ कमर्शियल जहाजों को बारूदी सुरंग की चपेट में आने से जरूर नुकसान हुआ था. लेकिन शुक्रवार की घटना ने बंद पड़े युद्ध में घी डालने का काम किया है.
आईआरजीसी ने बहरीन के एक द्वीप की सैटेलाइट तस्वीर जारी कर दावा किया कि अमेरिका की रडार प्रणाली को तबाह कर दिया गया है. आईआरजीसी ने दावा किया कि गुरुवार की रात, ईरान के सीरीक में एक दूरसंचार टावर पर अमेरिकी हमले के जवाब में अमेरिका के रडार को तबाह किया गया है.
आईआरजीसी ने अमेरिका को होर्मुज जलडमरूमध्य में हवाई उकसावे और तेल तस्करी के खिलाफ चेतावनी भी जारी की. इस साल के शुरुआत में 28 फरवरी को अमेरिका और ईरान के बीच जंग शुरु हो गई थी. अमेरिका और इजरायल ने मिलकर ईरान की राजधानी तेहरान में हवाई हमले कर सुप्रीम कमांडर अली अयातुल्लाह खामनेई सहित ईरान के दो दर्जन से ज्यादा टॉप मिलिट्री कमांडर्स और नेताओं को मौत के घाट उतार दिया था. ऐसे में गुस्साए ईरान ने यूएई, कुवैत, बहरीन, कतर इराक और सऊदी अरब में यूएस मिलिट्री बेस पर हमले कर जंग का रुख मोड़ दिया था.
होर्मुज में जारी है आईआरजीसी का नेवल ब्लॉकेड
ईरान की मिलिशिया, आईआरजीसी ने सामरिक तौर से महत्वपूर्ण होर्मुज स्ट्रेट पर नेवल ब्लॉकेड लगाकर पूरी दुनिया में तेल संकट खड़ा कर दिया था. क्योंकि दुनियाभर का करीब 20 प्रतिशत तेल और गैस इसी जलडमरूमध्य से होकर गुजरता है. ईरान और इराक सहित, यूएई, कुवैत, बहरीन और सऊदी अरब तक इस समुद्री मार्ग से अपने तेल और गैस को निर्यात करता था. ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट में बारूदी सुरंग लगाकर यहां से गुजरने वाले ऑयल टैंकर्स और कमर्शियल जहाजों की आवाजाही पर रोक लगा दी थी.
कई हफ्तों की मशक्कत के बाद सेंटकॉम ने होर्मुज स्ट्रेट से लैंड माइंस हटाने का दावा जरूर किया था, बावजूद इसके अभी भी जहाज यहां लगी बारूदी सुरंग में फंस जाते हैं. गुरुवार को भी यहां से गुजरने वाले जहाजों के बारूदी सुरंग में फंसने की रिपोर्ट सामने आई थी.
ईरान को बहुत पड़ी मार लेकिन टूटा नहीं
जंग के दौरान ईरान की राजधानी तेहरान सहित एक बड़े हिस्से को नुकसान जरूर पहुंचा लेकिन ईरान टूटा नहीं और अमेरिका का डटकर मुकाबला किया. ईरान ने अमेरिका के एफ-35 और एफ-16 जैसे फाइटर जेट्स तक को बड़ा नुकसान पहुंचाया और 50 से ज्यादा एमक्यू-9 रीपर ड्रोन मार गिराए. शनिवार को भी आईआरजीसी ने एक अमेरिका ड्रोन को दक्षिणी प्रांत होर्मुजगन के कुहेस्तक इलाके में मार गिराने का दावा किया. साफ है कि एक बार फिर होर्मुज स्ट्रेट में युद्ध के बादल घिरने लगे हैं.
ईरान के भड़काऊ बयान फिर लगा सकते हैं चिंगारी
ऊपर से ईरान के मिलिट्री कमांडर्स और नेताओं के नित-नए उकसावे वाले भाषण सामने आ रहे हैं. ऐसे में अंदेशा है कि मिड-टर्म की चुनाव में मिली हार का बदला ट्रंप, ईरान पर एक बार फिर निकल सकता है. लेकिन ईरान के तेवर भी नरम नहीं पड़े हैं. ईरान के कमांडर्स ने धमकी दे दी है कि अगर फिर से अमेरिका ने हमला किया तो इस बार खाड़ी देशों के साथ-साथ यूरोप में यूएस मिलिट्री बेस तक को नहीं बख्शा जाएगा.

