रूस-यूक्रेन के युद्ध समाप्ति को लेकर अबूधाबी में हुई बातचीत के बीच सेंट पीटर्सबर्ग में हुआ है बड़ा बम धमाका. चलती कार में बम लगाकर रिमोट के जरिए धमाके को अंजाम देकर रूसी वायुसेना के कर्नल की हत्या की गई है. बताया जा रहा है कि इस हमले में कर्नल के एक रिश्तेदार भी घायल हुए हैं.
ये कोई पहला मामला नहीं है जब रूस का कोई पहले सैन्य अधिकारी को ऐसे निशाना बनाया गया हो, इसी साल अगस्त में भी सेंट पीटर्सबर्ग के इसी इलाके में एक और रूसी सैन्य अधिकारी को बम से निशाना बनाया गया था.
रूस-यूक्रेन के बीच जारी युद्ध के बीच अबतक रूस के कई अधिकारी-वैज्ञानिकों को बम से टारगेट किया गया है, जिसका सीधा आरोप यूक्रेनी खुफिया एजेंसी पर लगाया गया है.
रूसी कर्नल की कार में लगाया गया बम
12 नवंबर 2026 की सुबह सेंट पीटर्सबर्ग, जो कि रूस का बड़ा शहर है, वहां उस वक्त हड़कंप मच गया, जब तेज आवाज का एक धमाका हुआ. ये ब्लास्ट सेंट पीटर्सबर्ग के पुश्किन्स्की जिले के शुशारी इलाके में हुआ. धमाका एक कार में हुआ था. इस धमाके में रूसी एयरोस्पेस फोर्सेस (रूसी वायुसेना) के 6वें गार्ड्स एयर एंड एयर डिफेंस फोर्सेस आर्मी के एक वरिष्ठ अधिकारी (कर्नल) की कार में बम धमाके से मौत हो गई.
मारे गए रूसी अधिकारी का नाम साझा नहीं किया गया है. लेकिन बताया गया है कि कर्नल रूसी 6वीं एयर एंड एयर डिफेंस आर्मी से जुड़े थे. जांच में पता चला है कि सुबह करीब 7:00 बजे कार के नीचे विस्फोटक उपकरण (आईईडी) लगाया गया था. कार के चलने के बाद नीचे लगाए गए विस्फोटक को रिमोट से कंट्रोल किया गया और फिर रिमोट के जरिए धमाका किया गया.
अगस्त के अंत में, इसी सेना के एक और अधिकारी सेरही सेचकोव भी इसी इलाके में मारे गए थे.
टारगेट पर पुतिन के करीबी…रूस भी ले रहा केजीबी स्टाइल में बदला
पिछले साल अप्रैल 2025 में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के एक और करीबी जनरल की राजधानी मॉस्को में हत्या कर दी गई थी. पुतिन के सीनियर लेफ्टिनेंट जनरल यारोस्लाव मोस्कालिक को उस वक्त निशाना बनाया गया, जब वो घर से अपनी कार में कहीं रवाना हो रहे थे. कार में जोरदार धमाका हुआ. विस्फोट इतना जोरदार था कि कार के परखच्चे उड़ गए और कार हवा में उछल गई. ये धमाका क्रेमलिन से 20 किलोमीटर दूर हुआ था. कुछ दिनों पहले खुद राष्ट्रपति पुतिन की गाड़ी में भी धमाका किया गया था.
इसके अलावा दिसंबर 2025 में मॉस्को में एक कार ब्लास्ट में लेफ्टिनेंट जनरल फानिल सरवारोव की भी हत्या कर दी गई थी. रूसी सेना के जनरल स्टाफ के ऑपरेशनल ट्रेनिंग निदेशालय के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल फानिल सरवारोव को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का बेहद करीबी माना जाता था. जनरल की कार के नीचे एक विस्फोटक डिवाइस लगाई गई थी. और जब वो रवाना हुए उसी वक्त रिमोट से धमाका किया गया.
इसके अलावा कुछ महीने पहले पुतिन के करीबी जनरल इगोर किरिलोव की भी धमाके से हत्या की गई थी. इगोर न्यूक्लियर डिफेंस चीफ थे. इसके अलावा रूस की सुरक्षा एजेंसी एफएसबी ने एक बड़ी साजिश को नाकाम किया था. यूक्रेन की खुफिया एजेंसी ने रूस के वरिष्ठ धर्मगुरु मेट्रोपॉलिटन टीखोन शेवकुनोव हत्या की साजिश रची थी. यह धर्मगुरु रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बेहद करीबी माने जाते हैं और इन्हें अक्सर ‘पुतिन का कन्फेसर’ कहा जाता है. एफएसबी ने इस साजिश में शामिल दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया था.
सिर्फ रूसी अधिकारी ही नहीं मारे जा रहे, रूस की खुफिया एजेंसियों पर भी यूक्रेनी अफसरों को मारने का आरोप लगा है. यूक्रेन की राजधानी कीव में पिछले साल एसबीयू के एक वरिष्ठ कर्नल की हत्या कर दी गई. कीव के अपार्टमेंट कॉम्प्लेक्स के बाहर एसबीयू के अधिकारी कर्नल इवान वोरोनिच को बेहद करीब से गोली मार दी गई. हत्या को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गया.
पिछले साल मार्च के महीने में खुद रूसी राष्ट्रपति की भी हत्या की कोशिश की गई थी. पुतिन के काफिले की लिमोजिन कार में धमाका हुआ था, लेकिन पुतिन उस गाड़ी में मौजूद नहीं थे और बच गए थे.

