Breaking News Reports

अमेरिकी उड़ानों पर किसकी नजर…राष्ट्रीय सुरक्षा को मिली चुनौती

क्या अमेरिका पर किया गया था साइबर हमला, क्या अमेरिका के एयर ट्रैफिक कंट्रोल की लगाम साजिश के तहत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के हाथों में आ गई…क्या एटीसी को कंट्रोल करके 9/11 जैसे किसी बड़े आतंकी साजिश को अंजाम देने की कोशिश की गई. ये वो सवाल हैं, जिनसे शुक्रवार से लेकर अब तक अमेरिकी जांच एजेंसियां और खुफिया एजेंसियां दो चार हो रही हैं.

अमेरिका ने सभी हवाई यात्रा के सुचारू संचालन के बाद राहत की सांस भले ही ले ली हो, लेकिन शुक्रवार को जो कुछ भी हुआ उसे अमेरिकी एजेंसियां राष्ट्रीय सुरक्षा को बड़ी चुनौती मान रही हैं.

आपको बता दें कि शुक्रवार को दोपहर अचानक अमेरिका का एयर ट्रैफिक कंट्रोल ठप पड़ गया था. अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (एफएए) ने देश के सभी एयरपोर्ट पर विमानों के उड़ान भरने पर रोक लगाई थी. जिसके बाद तकरीबन 7000 से ज्यादा फ्लाइट प्रभावित हुईं. लाखों यात्री एयरपोर्ट पर फंस गए और जो बीच हवा में थे उन्हें उतरने की इजाजत मिली लेकिन कई घंटों तक सभी यात्री ग्राउंडेड रहे. तकरीबन 04 घंटे बाद एटीसी को सही किया जा सका, जिसके बाद फ्लाइट उड़ान की इजाजत दी गई.

अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा प्राथमिकता, सभी एंगल से जांच: मार्कवेन मुलिन

अमेरिकी गृह सुरक्षा मंत्री मार्कवेन मुलिन ने हवाई यात्राएं ठप होने को गंभीर मामला बताया है. मुलिन ने प्रेसकॉन्फ्रेंस करके पूरे मामले की जानकारी साझा की है. मुलिन ने कहा है कि अभी तक ऐसा कोई सबूत नहीं मिला है, जिससे लगे कि यह गड़बड़ी साइबर हमले या किसी अनियंत्रित आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की वजह से हुई हो, लेकिन उन्होंने किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया है.

मुलिन के मुताबिक, शुरुआती जांच में पुरानी तकनीक और मशीनों में खराबी को इसकी वजह बताया है.

मुलिन ने कहा, “अभी किसी भी बात को पूरी तरह निश्चित नहीं कहा जा सकता है. ऐसा नहीं लगता कि यह साइबर हमले की वजह से हुआ है. हमने अपनी जांच टीमें सक्रिय कर दी हैं. यह राष्ट्रीय आपात स्थिति है और हमारे सभी संसाधन इस काम में लगाए गए हैं.”

संदिग्ध गतिविधि नहीं, लेकिन पक्के भरोसे से नहीं कह सकता: मुलिन

मुलिन ने कहा कि “साइबर हमले की स्थिति में आमतौर पर कुछ डिजिटल संकेत मिलते हैं. कई बार हमले की जिम्मेदारी लेने वाले लोग सामने आते हैं या सिस्टम में घुसपैठ के निशान मिलते हैं, लेकिन इस मामले में अब तक ऐसा कुछ सामने नहीं आया है. इंटरनेट पर कोई संदिग्ध गतिविधि नहीं दिखी है, न ही किसी ने हमले की जिम्मेदारी ली है और न ही प्रभावित सिस्टम में किसी बाहरी व्यक्ति के घुसने के निशान मिले हैं.”

मुलिन ने साथ ही ये भी कह दिया कि “अभी 100 फीसदी भरोसे के साथ कुछ भी नहीं कहा जा सकता. मामले की जांच जारी है और अधिकारी हर पहलू से इसकी पड़ताल कर रहे हैं.”

9/11 अटैक के बाद दूसरी बार ग्राउंडेड हुई उड़ानें

शुक्रवार को अमेरिका में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने अचानक काम करना बंद कर दिया. तकरीबन दोपहर साढ़े 3:36 बजे देशभर के एयर ट्रैफिक कंट्रोल सेंटर्स, रडार और संचार प्रणालियों में गड़बड़ी सामने आई थी. इसके कारण रडार से मिलने वाले डेटा और विमानों के साथ संपर्क में परेशानी हो रही थी. ऐसे में, स्थिति को देखते हुए तय सुरक्षा प्रक्रियाओं के तहत पूरे देश में ग्राउंड स्टॉप लागू कर दिया. जिससे 8000 से ज्यादा फ्लाइट्स उड़ानें नहीं भर पाईं. वहीं जिस वक्त ये फैसला लिया गया, एयरस्पेस में 400 से भी कम विमान बचे थे.

अधिकारियों के मुताबिक इस दौरान एयर ट्रैफिक कंट्रोलर और पायलटों ने तय सुरक्षा प्रक्रियाओं के मुताबिक स्थिति को संभाला और सभी विमानों को एक-एक करके लैंड करवाया गया ताकि किसी भी तरह की अनहोनी से बचा जा सके.

अमेरिका में 11 सितंबर 2001 के आतंकी हमलों के बाद देशभर की उड़ानों पर रोक लगाई गई थी. इसके बाद जनवरी 2023 में भी एफएए के कंप्यूटर सिस्टम में खराबी के कारण उड़ानें रोकी गई थीं. उस समय घरेलू उड़ानों पर करीब 90 मिनट तक रोक रही थी.

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Leave feedback about this

  • Rating

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.