Breaking News Conflict India-China LAC

अरूणाचल पर चीन के अपशब्द, LAC तकरार जारी

अरुणाचल प्रदेश पर एक बार फिर चीन की ओर से ऐसा बयान सामने आया है, जिससे नई दिल्ली-बीजिंग के बीच तनाव बढ़ सकता है. चीन के रक्षा मंत्रालय के कर्नल की हिमाकत देखिए कि उन् अरुणाचल प्रदेश को अवैध बता डाला.

चीन के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता सीनियर कर्नल चेन शी से प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अरुणाचल प्रदेश में सीमा विवाद के बारे में पूछा गया था. जिसपर कर्नल शी ने कहा, चीन, भारत के अवैध रूप से स्थापित तथाकथित “अरुणाचल प्रदेश” को मान्यता नहीं देता है. 

हालांकि कर्नल से इस बात की पुष्टि की है कि अरुणाचल प्रदेश के सीमा पर भारत-चीन के बीच स्थिति स्थिर बनी हुई है. आपको बता दें कि जुलाई के महीने से भारत-चीन के बीच फेसऑफ की खबरें आई थीं, लेकिन भारत-चीन दोनों की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया, लेकिन हाल ही में आईटीबीपी के डीजी ने इस फेसऑफ के बारे में खुलकर बयान दिया था और खुलासा किया था कि आईटीबीपी के कमांडोज़ ने चीन को पीछे जाने पर मजबूर किया था.

भारत से संवाद जारी, जांगनान चीन का हिस्सा: चीनी कर्नल

चीन के राष्ट्रीय रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता कर्नल चेन शी ने गुरुवार को कहा कि चीन-भारत सीमा क्षेत्रों में स्थिति सामान्य रूप से स्थिर बनी हुई है.

चीन के प्रवक्ता ने कहा, “चीन और भारत सामान्य स्तर की वार्ताओं सहित कूटनीतिक और सैन्य चैनलों के माध्यम से संवाद बनाए रखते हैं, ताकि दोनों पक्षों द्वारा पहुंची सहमति को संयुक्त रूप से लागू किया जा सके और सीमा क्षेत्रों में शांति और स्थिरता की रक्षा की जा सके.”

लेकिन एक सवाल के जवाब में कर्नल चेन शी ने इस बात पर जोर दिया कि “जंगनान (अरूणाचल) क्षेत्र चीन का है और चीन भारत द्वारा अवैध रूप से स्थापित तथाकथित “अरुणाचल प्रदेश” को मान्यता नहीं देता है.”

जबकि भारत पहले भी अरुणाचल प्रदेश को लेकर चीन के दावों को खारिज कर चुका है. विदेश मंत्रालय ने अपने एक बयान में कहा था कि अरुणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न अंग था, है और रहेगा.

अपर-सुबानसरी से सटी एलएसी पर चल रही तनातनी

गौरतलब है कि अगस्त से अरुणाचल प्रदेश से सटी लाइन ऑफ एक्चुअल कंट्रोल (एलएसी) पर अपर-सुबानसरी क्षेत्र में दोनों देश आमने-सामने हैं और फेस ऑफ की स्थिति बनी हुई है. सूत्रों के मुताबिक, वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) के नो-मैन्स जोन में पैट्रोलिंग के दौरान, दोनों देशों के सैनिक आमने सामने आ गए थे. स्थानीय फोर्मेशन कमांडर्स के बीच हुई वार्ता से भी तनातनी खत्म नहीं हुई है. दोनों देशों के सैनिक विवादित इलाके में टेंट गाड़ कर बैठ गए हैं. ऐसे में स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है.

इस स्थिति से निपटने के लिए सितंबर के महीने में दोनों देशों की सेनाओं ने कोर कमांडर स्तर की बैठक आयोजित की थी. लेकिन उस बैठक में भी कोई नतीजा नहीं निकल पाया है और डीजी के मुताबिक जस की तस स्थिति बनी हुई है.

इसके अलावा राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोवल ने भी बीजिंग का दौरा किया था. उस दौरान, डोवल ने चीन के विदेश मंत्री वांग यी से बॉर्डर की स्थिति को लेकर विशेष प्रतिनिधि मीटिंग की थी.

सितंबर महीने में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने अरुणाचल प्रदेश में चल रही तनातनी को लेकर सवाल के जवाब में कहा था कि “दोनों देशों के संबंधों में बॉर्डर की स्थिति बेहद अहम है.”

भारतीय हिस्सों का नाम बदले की कोशिश करता है चीन

चीन अरुणाचल प्रदेश पर अपना दावा करते हुए इसे दक्षिणी तिब्बत का हिस्सा बताता है. चीन, अक्सर पूर्वोत्तर राज्य के कई स्थानों के नाम बदलकर नक्शे जारी करता रहा है. चीन ने अरुणाचल प्रदेश के कई जगहों का नाम बदलकर लिस्ट जारी की थी, जिसे उस वक्त भी भारत ने खारिज कर दिया था. अरुणाचल प्रदेश को लेकर भारत और चीन के बीच सीमा विवाद लंबे समय से चलता आ रहा है, दरअसल ये क्षेत्र तिब्बत के साथ सीमा साझा करता है.

चीन अरुणाचल प्रदेश को जांगनान कहता है. भारत हमेशा से यह कहते हुए चीन के दावों को खारिज करता रहा है कि अरुणाचल प्रदेश भारत का अटूट हिस्सा है. भारत और चीन के बीच की सीमा जो दोनों देशों को बांटती हैं, उसे लाइन ऑफ एक्चुअल कंट्रोल कहते हैं. लाइन ऑफ एक्चुअल कंट्रोल यानी एलएसी. चूंकि चीन तिब्बत को मान्यता नहीं देता है, इसलिए अरुणाचल प्रदेश को दक्षिणी तिब्बत का हिस्सा बताता रहता है.

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.