By Nalini Tewari
26/11 एक ऐसी तारीख है, जो भारत के लिए एक त्रासदी बनकर आई थी. एक राष्ट्र के तौर पर भारत के सामने एक बड़ी चुनौती थी कि चंद आतंकवादियों के चलते पूरा देश थम गया था. पहले दुनियाभर में भारत को एक कमजोर देश के तौर पर देखा जाता रहा था कि आतंकियों के सामने कैसे घुटने टेक देता है.
लेकिन इस बार भारत ने आतंकवाद को मुंहतोड़ जवाब दिया था. 26 नवंबर साल 2008 की वो रात और 29 नवंबर की सुबह तक वो 60 घंटे मैं शायद कभी नहीं भूल पाऊं. ठीक वैसे जैसे हमारा देश नहीं भूल सकता.
साल 2008 में, मैं न्यूज 24 चैनल में सीनियर कॉरेस्पॉडेंट थीं और क्राइम रिपोर्टिंग के साथ-साथ आंतरिक सुरक्षा और पैरा मिलिट्री फोर्सेज कवर करती थी.
26 नवंबर को मैं नोएडा के न्यूजरूम में थी, जिस वक्त हमला हुआ. चूंकि क्राइम कवर करती थी, तो प्राइम टाइम में कुछ स्टोरीज़ जाती थीं, जिसके एडिटिंग की जिम्मेदारी उस वक्त रिपोर्टर पर ही होती थी. तो शुरुआत में असाइनमेंट पर खबर आई कि मुंबई के पॉश इलाके में लियोपोर्ट कैफे के अंदर गोलीबारी हुई है. उस वक्त तक मुंबई के रिपोर्टर ने इसे एक गैंगवार या आपसी रंजिश में चली गोलीबारी बताई. तब तक न्यूजरूम में किसी को अंदाजा नहीं था कि मुंबई इज अंडर अटैक.
सिर्फ एक ब्रेकिंग चला दी गई कि मुंबई के लियोपोर्ड कैफे में फायरिंग हुई. लेकिन थोड़ी ही देर में शिवाजी टर्मिनस, ओबेरॉय ट्राइडेंट होटल, ताज होटल, इजरायली चबाड हाउस में भी फायरिंग की लगातार खबरें आने लगीं. उस वक्त लगा कि नहीं ये कुछ बड़ा हुआ है. और थोड़ी देर में ये कंफर्म हो गया कि ये बड़ा आतंकी हमला है, और मुंबई की सड़क पर आतंकी बंदूक लिए घूम रहे हैं, और लोगों को निशाना बना रहे हैं. ये खौफनाक तस्वीरें टीवी पर आने लगी थीं.
तभी दिल्ली के क्राइम रिपोर्ट्स के पास भी खबरें आने लगीं कि दिल्ली के तमाम संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में चौकसी बढ़ा दी गई है. मैं न्यूज रूम में ही थी तो मुंबई के रिपोर्टर के साथ मुझे भी दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था पर न्यूज रूम से लाइव करने के लिए कहा गया.
न्यूज रूम में अफरातफरी वाला माहौल था, क्योंकि जो लोग अपनी शिफ्ट खत्म करके जा रहे थे, आउटपुट हो या इनपुट सभी लोगों को रोक लिया गया था. और जो लिंक रूम में लाइव तस्वीरें आ रहीं थी, आप सोच नहीं सकते, रोंगटे खड़े करने वाली थीं. हमारे मुंबई पुलिस के जांबाज आतंकियों से लोहा ले रहे थे, इस बीच एक के बाद एक मुंबई के सीनियर पुलिस अधिकारियों के निधन की खबरें आने लगीं, उस समय मैं लाइव पर भले ही खड़ी थी लेकिन मन में उहापोह की स्थिति थी, वो रोते-चीखते लोग, सड़कों पर सायरन बजाती गाड़ियां, ये शब्दों में बताना मुश्किल है. अपने इमोशन्स पर काबू करके लाइव करती रही.
रातभर कवरेज हुई. उस वक्त न्यूज 24 में अजीत अंजुम सर मैनेजिंग एडिटर थे और सुप्रिय प्रसाद सर न्यूज डायरेक्टर थे. उन्होंने फोन करके कहा कि नलिनी तुम्हें और मुंबई में कवरेज के लिए जाना है. तुरंत एयरपोर्ट निकलो. 1 घंटे के अंदर फौरन पैकिंग करके एयरपोर्ट निकली. मुंबई पहुंचकर सीधे स्पॉट पर पहुंच गए. ताज होटल और नरीमन हाउस जहां इजरायली लोगों के बंधक बनाए गए थे, दोनों जगह की कवरेज की जिम्मेदारी दी गई थी.
हमले के अगले दिन 27 नवंबर तक अजमल आमिर कसाब जिंदा पकड़ा जा चुका था, तो उसका साथी आतंकी मारा जा चुका था. नरीमन हाउस, ताज होटल और ट्राइडेंट होटल के अंदर आतंकियों ने लोगों बंधक बनाया हुआ था और लगातार रुक-रुक कर फायरिंग जारी थी. सूरज ढलते ही ताज होटल के बाहर जहां देश के साथ-साथ विदेशी मीडिया मौजूद थी, वहां पूरी तरह से ब्लैकआउट कर दिया जाता था. हमें अपने कैमरे या फिर मोबाइल की फ्लैश लाइट तक जलाने की इजाजत नहीं थी, क्योंकि ताज में सिर्फ एक कमरे में लाइट जल रही थी, जहां आतंकी मौजूद थे, जो बीच-बीच में वहीं से मुंबई पुलिस पर फायरिंग कर रहे थे. हम आतंकियों के मूवमेंट को कमरे के पर्दों के पीछे से देख सकते थे. जिस वक्त पुलिस-आतंकियों के बीच फायरिंग होती थी, उस वक्त हम लोगों को जमीन पर लिटा दिया जाता था.
शायद ये किसी ने भी नहीं सोचा था कि ये आतंकी हमला 48 घंटे से ज्यादा चलेगा. 28 नवंबर को सुबह-सुबह मुझे नरीमन हाउस से लाइव करने के लिए कहा गया. लेकिन जिस वक्त मैं लाइव पर खड़ी थी, उसी वक्त पूरे इलाके को एनएसजी के ब्लैककैट कमांडोज़ ने घेर लिया. आसमान से बेहद नजदीक से हेलीकॉप्टर गुजरने लगे. उस वक्त हमें दिल्ली में मौजूद हमारे बॉसेज़ ने निर्देश दिए कि हमें लाइव में एनएसजी के एक्शन के बारे में कुछ नहीं बोलना है कि कितने कमांडो हैं, कितने नरीमन हाउस में गए और हेलीकॉप्टर से आ रहे हैं कमांडो इत्यादि.
इसके बाद मैंने नरीमन हाउस के पास के एक घर में शरण ली, जहां से हम एनएसजी के एक्शन को देख पाएं. टीवी जर्नलिस्ट होने के साथ-साथ आपको देश के बारे में भी सोचना चाहिए और सुरक्षाबलों की संवेदनशील एक्शन को भी. लिहाजा हमने एनएसजी के एक्शन को अपने कैमरे पर रिकॉर्ड किया, लेकिन उसे लाइव बिल्कुल नहीं चलाया.
हमारे आंखों के सामने ग्रेनेड लगाकार नरीमन हाउस की बिल्डिंग की दीवार में छेद किया गया और उस वक्त एनएसजी कमांडो और आतंकियों के बीच फायरिंग को भी हमने लाइव देखा. कुछ ही मिनटों में आतंकी ढेर हो चुके थे. लेकिन दुख की बात ये थी कि नरीमन हाउस पर बंधक बनाए गए इजरायली पति-पत्नी को आतंकी पहले ही हत्या कर चुके थे. ट्राइडेंट होटल के भी आतंकी मारे जा चुके थे.
लेकिन ताज होटल में अब भी एनकाउंटर जारी था. एनएसजी के कमांडो ताज होटल के अंदर थे जो लगातार बंधक बने लोगों को जीवित रखने और आतंकियों को मार गिराने का प्रयास कर रहे थे. ताज होटल में माहौल उस वक्त रोंगटे खड़े करने वाला बन गया जब आतंकियों ने ताज होटल के बाहर मौजूद जर्नलिस्ट और पुलिसवालों पर ओपन फायर कर दिया.
आतंकियों ने हमारे ऊपर ग्रेनेड अटैक कर दिया. ये बेहद भयानक था, क्योंकि किसी भी पत्रकार ने बुलेटप्रूफ जैकेट्स नहीं पहनीं थी, वहीं अगर विदेशी पत्रकारों की बात की जाए तो जहां तक मुझे याद है लगभग सभी ने कवरेज के दौरान बुलेटप्रूफ जैकेट पहनी हुई थी. उस वक्त एक पल को अहसास हुआ कि पत्रकारों को भी बेहद सावधानी की आवश्यकता है.
आखिरकार 29 तारीख को सुबह-सुबह ताज होटल पर मौजूद थी और आखिरी आतंकी को मार गिराया गया. खास बात ये थी कि आतंकी के शव को हमने अपने सामने ही खिड़की से बाहर गिरते देखा. एनएसजी ने पूरे परिसर को सुरक्षित घोषित कर दिया और ऑपरेशन टॉर्नेडो सफल रहा. सभी ने राहत की सांस ली और पूरा इलाका भारत माता की जय से गूंज उठा.
[लेखिका टीएफए मीडिया की एडिटर हैं और 26 नवंबर 2008 को मुंबई हमले के दौरान ताज होटल और नरीमन हाउस से रिपोर्टिंग की थी.]


Leave feedback about this