मिडिल ईस्ट में एक बार फिर से शुरु हो चुका है भयंकर युद्ध. इजरायल और ईरान एकदूसरे पर कहर बनकर टूट पड़े हैं. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की अपील खारिज करते हुए इजरायली डिफेंस फोर्स ने ईरानी सीमा में प्रवेश किए बिना बाहर से मिसाइलें दागकर ठिकानों को निशाना बनाया है. तो पहले से तैयार बैठी ईरान की आईआरजीसी ने इजरायल के कई शहरों पर बम बरसा दिए हैं.
इजरायली वायुसेना ने एकसाथ ईरान और बेरूत पर एयरस्ट्राइक की है. इजरायल ने राजधानी तेहरान, इस्फहान, तब्रीज और पश्चिमी ईरान के कुछ दूसरे हिस्सों में मिसाइलें बरसाई हैं. लेबनान की राजधानी बेरूत से भी धमाकों की आवाजें सुनाई दीं.
इस हमले से बौखलाए ईरान ने वेस्ट बैंक पर हमला बोल दिया. ईरान ने धमकाया है कि अगर युद्ध बढ़ा तो होर्मुज के साथ-साथ दूसरे अहम जलमार्ग बाब-अल-मंदेब जैसे अहम समुद्री रास्ते को बंद कर दिया जाएगा.
हमले के बाद अमेरिका हाईअलर्ट है. माना जा रहा है कि होर्मुज की खाड़ी में मौजूद अमेरिकी कमांडो और फाइटर जेट किसी भी वक्त युद्ध में कूद सकते हैं.
इजरायल ने ईरान के कई शहरों में की एयरस्ट्राइक
मिडिल ईस्ट में दोबारा जंग शुरु हो चुकी है. इजरायल ने ईरान की राजधानी तेहरान, इस्फहान, तबरीज और पश्चिमी ईरान के कई अन्य इलाकों में बड़ा अटैक किया है. इन सभी शहरों में जोरदार विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं. वहीं करज शहर में भी धमाके किए गए हैं.
तेहरान में मेहराबाद एयरपोर्ट पर इजराइल ने बैलेस्टिक मिसाइल दागीं. साथ ही नजफा बाद ड्रोन प्रोडक्शन यूनिट पर हमला किया.
इजरायली वायुसेना ने ईरान पर हमले उसके हवाई क्षेत्र में प्रवेश किए बिना किए. इन हमलों के जवाब में ईरान ने जब पलटवार किया तो उत्तरी इजरायल में ईरानी हमले के जवाब में इजरायली एयरफोर्स ने पश्चिमी और सेंट्रल ईरान में आईआरजीसी से संबंधित सैन्य ठिकानों पर हमले किए हैं.
आईडीएफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म हमलों की पुष्टि करते हुए लिखा, “इजरायली एयर फोर्स ने पश्चिमी और मध्य ईरान में ईरानी आतंकी शासन के मिलिट्री ठिकानों पर हमला किया है.”
इजरायल में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. इजरायल के होम फ्रंट कमांड ने पूरे देश में स्कूल और शैक्षणिक संस्थान बंद करने का आदेश दिया है. अस्पतालों को अंडरग्राउंड सुविधाओं से संचालित करने की तैयारी की गई है. पूरे इजरायल में अलर्ट घोषित कर दिया गया है और सार्वजनिक परिवहनों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है.
ईरान-हिजबुल्लाह ने मिलकर इजरायल पर किया था हमला
लेबनान के मोर्चे पर इजरायल और ईरान भिड़े हुए हैं. बताया जा रहा है कि रविवार देर रात ईरान ने हिजबुल्लाह के साथ मिलकर इजरायल के कई जगहों पर बम दागे थे. इस अटैक से पहले ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई के सलाहकार मोहसेन रेजाई का बयान सामने आया था. रेजाई ने कहा था कि ईरान ने बार-बार चेतावनी दी थी कि वह युद्धविराम के उल्लंघन और लेबनान पर हमलों को बर्दाश्त नहीं करेगा. हमलावरों को आज रात इसका जवाब मिल गया.
वहीं आईआरजीसी ने ने कहा कि इजरायल बार-बार युद्धविराम का उल्लंघन करते हुए, अपराधी अमेरिका की मिलीभगत और अंतरराष्ट्रीय मंचों की चुप्पी के चलते लेबनान के लोगों के खिलाफ अपनी क्रूरता को लगातार तेज कर रहा है, और फास्फोरस बमों सहित प्रतिबंधित हथियारों का इस्तेमाल करके वॉर-क्राइम कर रहा है. उन्हें सबक सिखाया जाएगा.
इस बयानबाजी के बाद तेहरान की ओर से इजरायल को टारगेट किया गया. कई मिसाइलें और बम इजरायली ठिकानों पर दागे गए. ईरान के हमलों के बाद लोग तेहरान समेत कई शहरों में जश्न मनाने के लिए उतर गए.
लोग इजरायल पर किए गए हमलों का जश्न मना रहे थे, तभी इजरायली फोर्स ने ईरान के कई शहरों के साथ-साथ लेबनान में भी बड़ी एयरस्ट्राइक कर दी.
आईआरजीसी ने भी इजरायली हमलों की पुष्टि की है. आईआरजीसी का कहना है कि इजरायल ने ईरान के कई शहरों को निशाना बनाते हुए बैलिस्टिक मिसाइलें दागी हैं. हमले के बाद पूरे इलाके में स्कूलों को बंद कर दिया गया है.
ट्रंप ने नेतन्याहू को हमला करने से मना किया था
ताजा घटनाक्रम पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप नजर बनाए हुए हैं. हाल ही में इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू से फोन पर बात कर ईरान के हमला का पलटवार नहीं करने का अनुरोध किया था, जिसको इजरायली पीएम ने स्वीकार कर लिया था. ट्रंप ने कहा था कि आईडीएफ के एक्शन के कारण ईरान के साथ चल रही शांति वार्ता पर असर पड़ेगा. लेकिन इजरायल ने ट्रंप की नसीहत को नजरअंदाज कर दिया है.
इजरायल ने कहा है कि पहले ईरान ने इजरायल पर हमले की कोशिश की थी, उसके बाद ही ईरान पर एयरस्ट्राइक की गई है.
लेकिन इन सबके बीच मिडिल ईस्ट में युद्धविराम टूट चुका है और तनाव के और बढ़ने की आशंका है.

