Breaking News Russia-Ukraine War

यूक्रेन को मिलेगी Patriot मिसाइल, पुतिन से खफा है ट्रंप

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से नाराज डोनाल्ड ट्रंप ने यूक्रेन को पैट्रियट एयर डिफेंस मिसाइलें देने की घोषणा की है. अमेरिकी राष्ट्रपति ने पैट्रिएट एयर डिफेंस मिसाइलों की यूक्रेन को सख्त जरूरत बताते हुए कहा, 100 प्रतिशत भुगतान यूक्रेन ही करेगा. वहीं पुतिन पर वार करते हुए ट्रंप ने कहा, कि वो बातें तो बहुत अच्छी करते हैं, लेकिन रात के अंधेरे में लोगों पर बम बरसाते हैं.

न न करते अमेरिका ने भरी हामी, देगा यूक्रेन को हथियार, भेजेगा घातक मिसाइलें

रूस-यूक्रेन युद्ध को 24 घंटे में सुलझाने का दावा करने वाले ट्रंप जब युद्ध रोकने में फेल हुए तो यूक्रेन को हथियार भेजने लगे हैं. इन्हीं हथियारों को भेजने को लेकर ट्रंप अक्सर पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन को घेरते थे. 

ट्रंप ने कहा कि उनका प्रशासन रूस के साथ कीव के संघर्ष के बीच यूक्रेन को पैट्रियट एयर डिफेंस मिसाइलें भेजेगा, हालांकि ट्रंप ने संख्याएं नहीं बताई हैं, लेकिन कहा है कि रूस के खिलाफ लड़ने के लिए यूक्रेन को ये मिसाइलें बेहद जरूरी हैं.

ट्रंप ने व्हाइट हाउस लौटते समय मैरीलैंड के ज्वाइंट बेस एंड्रयूज़ में कहा, “हम उनके लिए कुछ भी भुगतान नहीं कर रहे हैं, लेकिन हम उन्हें पैट्रियट्स देंगे, जिनकी उन्हें सख्त जरूरत है.”

पुतिन पर भड़के ट्रंप, बोले, “सिर्फ बातें अच्छी करते हैं”

ट्रंप ने फीफा वर्ल्ड कप फाइनल से लौटने के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि “मैं राष्ट्रपति पुतिन से बहुत निराश हूं. वह बेहतरीन तरीके से बात करते है, बोलने में माहिर हैं लेकिन रात के अंधेरे में लोगों पर बम बरसाते हैं. हमें ये पसंद नहीं आता.” 

हाल ही में पुतिन और ट्रंप के बीच फोन पर तकरीबन 1 घंटे की लंबी बातचीत हुई थी. इस बातचीत में ट्रंप की ओर से युद्ध रोकने की कोशिश की गई थी. लेकिन पुतिन ने रूस का स्टैंड साफ कर दिया. इस बातचीत के बाद अचानक से रूस ने यूक्रेन पर अटैक तेज कर दिए हैं.

 ट्रंप ने इन हमलों को पुतिन की दोगली नीति से जोड़ा. ट्रंप ने कहा, “जहां वह (पुतिन) दिन में शांति की बात करते हैं, लेकिन रात में हमले करते हैं.”

बार-बार यू टर्न ले रहे ट्रंप, यूक्रेन को हथियार सप्लाई करने पर  रूस का कड़ा रुख

कुछ दिनों पहले अमेरिका ने यूक्रेन को हथियारों की आपूर्ति रोकने का चौंकाने वाला एलान किया था. हालांकि कुछ ही दिनों में ट्रंप ने अपने बयान से यूटर्न लेते हुए यूक्रेन को हथियार देने की घोषणा कर दी. अब अमेरिका ने नाटो के जरिए भी यूक्रेन को हथियारों की सप्लाई करने का एलान किया है. ये सब रूस को अखर रहा है, क्योंकि एक ओर तो ट्रंप शांति की बातें करते हैं, वहीं यूक्रेन को हथियार सप्लाई करते दूसरे ही पल युद्ध भड़का रहे हैं. माना जा रहा है कि रूस के खिलाफ ट्रंप जल्द नए प्रतिबंधों का भी ऐलान कर सकते हैं.

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Leave feedback about this

  • Rating

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.