अफगानिस्तान में पाकिस्तान की एयरस्ट्राइक की भारत ने कड़े शब्दों में निंदा की है. भारत ने पाकिस्तान को फेल राष्ट्र बताते हुए अफगानिस्तान पर की गई एयरस्ट्राइक को नाकामी छिपाने का प्रयास बताया है.
वहीं तालिबान और पाकिस्तान में बढ़े टकराव के बीच बलोच लड़ाकों की घोषणा ने पाकिस्तानी सेना की हालत बिगाड़ दी है. बलूचिस्तान ने अफगानिस्तान का साथ देते हुए कहा है कि वो अफगानिस्तान के सम्मान के लिए खड़े हैं.
पाकिस्तानी प्रोपेगेंडा से सतर्क रहें अफगानी: बलूचिस्तान
बलूचिस्तान ने कहा कि, “अफगानिस्तान को पाकिस्तान की ओर से फैलाए जा रहे प्रोपेगेंडा से बचने की जरूरत है. पाकिस्तान फर्जी प्रोपेगेंडा चलाकर अफगान जनमत को प्रभावित करने और गुमराह करने का सक्रिय प्रयास कर रहा है. ये लोग पश्तो बोलकर खुद को अफगान समाज में घुल-मिल जाने का दिखावा करते हैं, हालांकि अधिकांश अफगान अब इनके बारे में जागरूक हो चुके हैं. पश्तो बोलने वाले के रूप में खुद को पेश करके झूठा विश्वास और सांस्कृतिक परिचय बनाना चाहता है. मगर वो अफगानी नहीं हैं, वो पाकिस्तानी है. बलूचिस्तान अफगानिस्तान की क्षेत्रीय पारदर्शिता, स्थिरता और क्षेत्र के लोगों के बीच पारस्परिक सम्मान के लिए खड़ा है.”
क्या पिछले साल जैसी जंग होगी, पाकिस्तान ने दिया डील का ऑफर
पिछले साल अक्टूबर के महीने में पाकिस्तान और अफगानिस्तान सैन्य संघर्ष हुआ था. पाकिस्तान की काबुल में की गई एयरस्ट्राइक के बाद अफगानिस्तान ने पलटवार किया था. पाकिस्तान की कई पुलिस चौकियों पर तालिबान का कब्जा हो गया था. डूरंड लाइन पर भयंकर सैन्य संघर्ष देखा गया था. बाद में तुर्किए और कतर की कोशिशों के बाद दोनों देशों में सीजफायर किया गया था.
इस बीच ताजा एयरस्ट्राइक के बाद पाकिस्तान के संसदीय मामलों के मंत्री तारिक फजल ने सीनेट में बड़ा खुलासा किया है. मंत्री फजल का कहना है कि हम अफगानिस्तान की सरकार से तहरीक ए तालिबान को लेकर समझौता करना चाहते हैं. तालिबान की सरकार को इसके लिए हम 10 अरब रुपए (पाकिस्तानी) भी देने के लिए तैयार हैं, लेकिन बात नहीं बन पा रही है.
तारिक फजल ने सीनेट की एक बैठक में कहा- हम चाहते हैं कि तालिबान सीमा छोड़कर कहीं और चला जाए.
नाकामी को छिपाने के लिए पाकिस्तान ने की अफगानिस्तान पर एयरस्ट्राइक: भारतीय विदेश मंत्रालय
भारतीय विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी कर कहा, “भारत ने अफगानिस्तान में पाकिस्तान द्वारा की गई एयर स्ट्राइक की कड़े शब्दों में निंदा करता है, जिसमें रमदान (रमजान) के पवित्र महीने में बच्चों और महिलाओं समेत आम नागरिकों की मौत हुई है. यह पाकिस्तान द्वारा अपनी आंतरिक कमियों को छुपाने का एक और प्रयास है. भारत पूरी तरह अफगानिस्तान की संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और उसकी स्वतंत्रता के साथ खड़ा है.”

