Alert Breaking News Geopolitics NATO Russia-Ukraine War

बेलारूस ने दी परमाणु हमले की चेतावनी, NATO सैनिकों का जमावड़ा है बॉर्डर पर

बॉर्डर पर नाटो देशों के सैनिकों के जमावड़े को लेकर बेलारूस ने परमाणु हथियार इस्तेमाल करने की धमकी दे डाली है. बेलारूस के सेना प्रमुख ने कहा है कि अगर देश की संप्रभुता और स्वतंत्रता पर आंच आई तो टेक्टिकल न्यूक्लियर हथियारों का इस्तेमाल करने से गुरेज नहीं किया जाएगा. 

बेलारूस के चीफ ऑफ स्टाफ (सेना प्रमुख) और उप-रक्षा मंत्री पावेल मुराविएको ने कहा कि उनकी सेना टेक्टिकल न्यूक्लियर वेपन इस्तेमाल करना जानती है. हाल ही में ये खबर आई थी कि रूस ने नॉन-स्ट्रैटेजिक न्यूक्लियर हथियार बेलारूस को दिए हैं. दोनों देशों ने मई के महीने में साझा एटमी हथियारों के साथ मिलिट्री एक्सरसाइज भी की थी. 

बेलारूस के उप-रक्षा मंत्री का ये बयान, नाटो देशों के सैनिकों की तैनाती के बाद आया है. रुस-यूक्रेन युद्ध के बीच नाटो देशों की सेनाओं ने बेलारूस के करीब बड़ी तैनाती की है. बेलारूस का बॉर्डर रूस, यूक्रेन, पौलेंड, लातविया और लिथुआनिया से सटा हुआ है. यूक्रेन युद्ध के दौरान, बेलारुस अपने पड़ोसी और घनिष्ट मित्र रूस के साथ हमेशा साथ खड़ा हुआ दिखाई पड़ता है. 

बेलारूस के उप-रक्षा मंत्री के मुताबिक, अमेरिका के नेतृत्व में नाटो संगठन की दस बटालियन टेक्टिकल ग्रुप इस समय उनके देश की सीमा पर तैनात हैं. पावेल के मुताबिक, इन दस बटालियन में करीब 20 हजार सैनिक हैं. दस बटालियन में से छह अकेले अमेरिका की ही हैं. बेलारूस ने अमेरिकी सैनिकों की तैनाती को लेकर कड़ा विरोध जताया है. 

मुराविएको ने नाटो देशों की तैनाती को लेकर पौलेंड को भी कटघरे में खड़ा किया है. साथ ही यूक्रेन से सटी सीमा पर भी यूक्रेनी सैनिकों की तैनाती बढ़ाए जाने पर विरोध जताया है. 

यूक्रेन युद्ध के शुरुआत से ही बेलारूस और वहां के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको की रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से जबरदस्त दोस्ती है. लुकाशेंको को अक्सर क्रेमलिन में देखा जा सकता है. यहां तक की जब पुतिन के आदेश पर रूस ने नॉन-स्ट्रैटेजिक न्यूक्लियर एक्सरसाइज की थी तो बेलारुस को भी इसमें शामिल किया गया था (पुतिन की Nuclear एक्सरसाइज, NATO का निकला दम).

यूक्रेन युद्ध के शुरुआती हफ्तों में हालांकि, बेलारूस की राजधानी मिन्स्क में दोनों देशों (रूस और यूक्रेन) की शांति वार्ता भी हुई थी. लेकिन वार्ता बेनतीजा रही थी. 

पुतिन ने अमेरिका के खिलाफ जवाबी कार्रवाई करते हुए बेलारूस को परमाणु हथियार तक देने की चेतावनी दी थी. क्योंकि अमेरिका, यूक्रेन सहित रूस विरोधी देशों को हथियार देने में जुटा है. 

नाटो की तैनाती पर बेलारूस के उप-रक्षा मंत्री ने चिंता जताते हुए कहा है कि उनकी (नाटो) तकनीक और टैक्टिक्स को समझने की कोशिश की जा रही है. 

क्रेमलिन (रूसी राष्ट्रपति का आधिकारिक निवास और दफ्तर) के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने भी बेलारूस के बॉर्डर पर यूक्रेनी सैनिकों की तैनाती पर चिंता जताई है. पेसकोव ने बेलारूस से सटे यूक्रेनी सीमा पर बारूदी सुरंग बिछाने और बेलारूस की एयर-स्पेस में टोही विमान भेजने पर आपत्ति जताई. पेसकोव ने कहा कि बेलारूस एक यूनियन स्टेट है और दोनों देशों के रक्षा मंत्रालय हमेशा संपर्क में रहते हैं.  

1 Comment

  • […] लेकिन लुकाशेंको का देश हाल ही में तब सुर्खियों में आया जब बॉर्डर पर नाटो देशों के सैनिकों के जमावड़े को लेकर बेलारूस ने परमाणु हथियार इस्तेमाल करने की धमकी दे डाली. बेलारूस के सेना प्रमुख ने कहा है कि अगर देश की संप्रभुता और स्वतंत्रता पर आंच आई तो टेक्टिकल न्यूक्लियर हथियारों का इस्तेमाल करने से गुरेज नहीं किया जाएगा (बेलारूस ने दी परमाणु हमले की चेतावनी, NA…). […]

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Warning: Version warning: Imagick was compiled against ImageMagick version 1692 but version 1693 is loaded. Imagick will run but may behave surprisingly in Unknown on line 0