Acquisitions Breaking News Defence Geopolitics Indo-Pacific

मोदी से मुलाकात में बाइडेन को ‘मेमोरी अटैक’, MQ-9 ड्रोन रहा याद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन से मुलाकात के दौरान एमक्यू-9बी प्रीडेटर ड्रोन सौदे पर बातचीत और दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूत करने पर जोर जरूर दिया गया लेकिन इस दौरान कुछ ऐसी घटनाएं भी हुई जिससे भारत और अमेरिका के संबंधों में खटास साफ दिखाई पड़ी.

डेलावेयर में क्वाड देशों की बैठक के बाद बाइडेन ने मीडिया कांफ्रेंस में ऐसी हरकत की जिससे साफ लग रहा था कि या तो अपनी उम्र के चलते उनकी याददाश्त बेहद कम हो गई है या फिर जानबूझकर पीएम मोदी को शर्मिंदा करने पर तुले हैं. दरअसल, बाइडेन के संबोधन के बाद पीएम मोदी को बोलना था. लेकिन बाइडेन ने बेहद ही तल्ख अंदाज में कहा कि उनके बाद ‘किसे बोलना है.’ जैसे ही ये घोषणा हुई कि अब पीएम मोदी की बारी है, बाइडेन ने फिर एक शर्मनाक हरकत की.

पीएम मोदी जैसे ही पोडियम पर पहुंचे, पहले से वहां खड़े बाइडेन ने कहा कि “ये हमारी ही तरह एक छोटे देश से ताल्लुक रखते हैं और उनकी जनसंख्या भी बेहद कम है.” बाइडेन ने आगे कहा कि “लेकिन ये अब एक “अच्छे और सभ्य इंसान बनने के साथ अच्छे दोस्त भी बन गए हैं.” ये सुनकर पीएम मोदी के लिए असहज होना स्वभाविक था. (https://x.com/MeghUpdates/status/1837743271700844748)

बाइडेन की उम्र और खराब याददाश्त के चलते उनकी डेमोक्रेटिक पार्टी ने अगले चुनाव के लिए राष्ट्रपति का उम्मीदवार नहीं बनाया है. दो महीने बाद यानी नवम्बर में अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव है. डेमोक्रेटिक पार्टी ने उपराष्ट्रपति कमला हैरिस को रिपब्लिकन उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप (पूर्व राष्ट्रपति) के खिलाफ चुनाव में उतारा है. (https://x.com/BillboardChris/status/1837692080094625812)

शनिवार को बाइडेन के डेलावेयर स्टेट स्थित घर पहुंचने पर बाइडेन ने पीएम मोदी की अगवानी की थी. मुलाकात के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा था कि “यूएस की भारत से पार्टनरशिप इतिहास में सबसे मजबूत, करीबी और डायनेमिक (गतिशील) हैं.”  बाइडेन ने आगे लिखा कि “जब मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बैठता हूं तो नए क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाएं खोजने से दंग रह जाता हूं.”

प्रधानमंत्री मोदी इनदिनों तीन दिवसीय अमेरिका दौरे पर हैं. इस दौरान वे क्वाड समूह के समिट में हिस्सा ले रहे हैं और बाइडेन से भी द्विपक्षीय वार्ता की है. (वैश्विक भलाई के लिए मजबूत ताकत है QUAD: पीएम मोदी)

पीएम मोदी ने भी बाइडेन से मुलाकात के दौरान वर्ष 2023 में अमेरिकी दौरा और जी-20 बैठक के दौरान हुई मुलाकात को याद करते हुए दोनों देशों के बीच मजबूत होती साझेदारी का जिक्र किया. मोदी ने कहा कि आज भारत और अमेरिका ने व्यापक रणनीतिक साझेदारी को अपनाया है “जो साझा लोकतांत्रिक मूल्यों और हितों सहित दोनों देशों के लोगों के आपसी संबंधों द्वारा संचालित प्रयासों के सभी क्षेत्रों को कवर करते हैं.”

द्विपक्षीय बैठक के दौरान मोदी और बाइडेन के बीच एमक्यू-9बी प्रीडेटर ड्रोन को लेकर भी बात हुई. भारत, अमेरिका से प्रीडेटर ड्रोन के 31 स्काई-गार्जियन और सी-गार्जियन के वर्जन खरीदना चाहता है. इस सौदे की कुल कीमत करीब 3.99 बिलियन डॉलर (करीब 34 हजार करोड़) है. (MQ-9 ड्रोन को गिराना पड़ा समंदर में, सौदे पर सवालिया निशान)

बुधवार को भारतीय नौसेना द्वारा अमेरिकी कंपनी जनरल एटोमिक्स से लीज पर लिए गए दो एमक्यू-9 प्रीडेटर ड्रोन में से एक को तकनीकी खराबी के चलते चेन्नई के करीब समंदर में गिराना पड़ा था.
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के मुताबिक, बाइडेन ने मोदी की हालिया कीव (यूक्रेन) यात्रा की भी प्रशंसा की. साथ ही मिडिल-ईस्ट के हालात और समुद्री-मार्गों को सुरक्षित रखने पर चर्चा हुई. दोनों राष्ट्राध्यक्षों ने हाल में लॉकहीड मार्टिन द्वारा टाटा कंपनी के साथ भारत में एमआरओ (मेंटेनन्स, रिपेयर और ओवरहालिंग) फैसिलिटी को लेकर हुए करार की भी तारीफ की.

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.