Conflict Current News Indian-Subcontinent

बांग्लादेश सीमा पर फिलहाल शांति, BGB ने दिया सुरक्षा का भरोसा

भारत-बांग्लादेश सीमा पर फिलहाल शांति बनी हुई है लेकिन बीएसएफ ने बांग्लादेशी सीमा सुरक्षा बल (बीजीबी) को अपने देश के नागरिकों को भारत की सीमा पार करने से रोकने का आग्रह किया है. साथ ही बांग्लादेश में भारतीय नागरिकों और अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों की सुरक्षा की मांग भी की है. इसके लिए पिछले एक महीने में दोनों देशों की बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स ने 722 सीमा बैठकों का आयोजन किया है.

बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (बीएसएफ) की कोलकता स्थित पूर्वी कमान के मुताबिक, 12 अगस्त से लेकर अब तक (6 सितंबर) तक बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) के साथ विभिन्न स्तर पर 722 सीमा बैठकें की गई हैं. इसके अलावा दोनों देशों के सीमा सुरक्षा बलों ने इंडो-बांग्लादेश बॉर्डर के संवेदनशील इलाकों में 1367 कोआर्डिनेटेड पेट्रोल (समन्वयकारी गश्त) का आयोजन किया.

बीएसएफ के मुताबिक, सीमा बैठकों में बीजीबी ने बांग्लादेश में भारतीय नागरिकों और अल्पसंख्यक समुदायों के लोगों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त कदम उठाने का आश्वासन दिया है.

शुक्रवार को कोलकाता में बांग्लादेश सीमा की निगरानी के लिए गृह मंत्रालय द्वारा गठित उच्च-स्तरीय निगरानी समिति की बैठक का आयोजन किया गया. बैठक की अध्यक्षता बीएसएफ (पूर्वी कमान) के एडीजी रवि गांधी ने की. बैठक में भारतीय भूमि बंदरगाह प्राधिकरण (एएलपीआई) के अधिकारियों सहित सभी अन्य सदस्यों ने हिस्सा लिया.

पूर्वी कमान ने एक बयान जारी कर जानकारी दी कि निगरानी समिति की बैठक में बीजीबी के साथ विभिन्न संचारों की प्रगति और विशेष रूप से बांग्लादेश के सीमावर्ती जिलों में रहने वाले अल्पसंख्यक समुदाय की सुरक्षा की स्थिति पर खास चर्चा की गई.

बैठक में बताया गया कि दोनों देशों के सीमा सुरक्षा बलों के अधिकारी विभिन्न मामलों पर वास्तविक समय में सूचना साझा करते हुए निरंतर संपर्क में रहेंगे.

गौरतलब है कि 5 अगस्त को बांग्लादेश में शेख हसीना के तख्तापलटने के बाद भड़की हिंसा के दौरान बड़ी संख्या में बांग्लादेशी नागरिक भारतीय सीमा में दाखिल होने की कोशिश करने लगे थे. लेकिन बीएसएफ ने किसी को सीमा में दाखिल नहीं होने दिया था और समझा-बुझाकर सभी को वापस अपने देश बांग्लादेश भेज दिया था.

बीएसएफ के मुताबिक, सीमा पर फिलहाल शांति बनी हुई है और बीजीबी के साथ मिलकर अंतरराष्ट्रीय सीमा की अक्षुण्णता के साथ-साथ सीमा के निकट रहने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए भी प्रतिबद्ध है. ऐसे में सीमा प्रहरी 24X7 बॉर्डर की रखवाली कर रहे हैं.

बीएसएफ ने ये भी बताया कि इंटरनेशनल बाउंड्री पर रहने वाले भारतीय ग्रामीणों के साथ पिछले 15 दिनों में 614 बैठक की गई हैं ताकि वे बांग्लादेश में व्याप्त स्थिति के बारे में जागरूक हों और सीमा प्रबंधन में उनका सहयोग लिया जा सके. सीमा की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए बीएसएफ सहयोगी एजेंसियों के साथ भी मीटिंग आयोजित कर रही है.  

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.