Alert Breaking News Geopolitics Indian-Subcontinent

शेख हसीना भारत में, BSF ने ढेर किया घुसपैठिया

By Akansha Singhal

रविवार को जब बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना भारतीय समकक्ष नरेंद्र मोदी के तीसरे कार्यकाल के शपथ-ग्रहण समारोह में हिस्सा लेने राजधानी दिल्ली आई थी, उसी दौरान बीएसएफ ने त्रिपुरा से सटे बांग्लादेश बॉर्डर पर एक घुसपैठिए को मौत के घाट उतार दिया. बीएसएफ का दावा है कि मारा गया घुसपैठिया बांग्लादेश का स्मगलर था और घटना के वक्त एक भारतीय सीमा-प्रहरी पर हमला किया था. आत्मरक्षा में बीएसएफ जवान को गोली चलानी पड़ी जिसमें घुसपैठिए की मौत हो गई. 
बीएसएफ ने आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि 

09 जून यानी रविवार को सुबह लगभग 0730 बजे, सीमा पर गश्त के दौरान बीओपी कलमचेरा क्षेत्र में बड़ी संख्या में तस्करों को सीमा-बाड़ के दोनों ओर धारदार हथियारों से लैस होकर  सामान तस्करी करते हुए देखा. रोकने की चेतावनी देने पर तस्करों ने कोई ध्यान नहीं दिया और आक्रामक हो गए तथा ड्यूटी पर तैनात बीएसएफ जवान को घेरने और उसका व्यक्तिगत हथियार छीनने का प्रयास करने लगे. जान और सरकारी संपत्ति को खतरे का अहसास करते हुए, बीएसएफ जवान ने आत्मरक्षा में एक राउंड नॉन-लीथल गोली चलाई. गैर-घातक हथियार के उपयोग से तस्करों का साहस और बढ़ गया और उन्होंने आक्रामक कार्रवाई जारी रखी. बीएसएफ के त्रिपुरा स्थित प्रवक्ता के मुताबिक, 

इस दौरान एक छोटी सी झड़प हुई, जिसमें कांस्टेबल राजीव कुमार ने अपने जीवन और हथियार को खतरा महसूस करते हुए अपनी इंसास राइफल से एक राउंड गोली चलाई. परिणामस्वरूप एक बांग्लादेशी तस्कर भारतीय क्षेत्र में सीमा बाड़ के करीब लगभग 150 गज अंदर मारा गया. घटना के बाद क्षेत्र की पूरी तरह से तलाशी ली गई और बड़ी मात्रा में चीनी, 04 माछेटे और लकड़ी के तख्ते बरामद किए गए. मृतक की पहचान बांग्लादेश के कोमिला जिले के अनवर हुसैन (35 वर्ष) के रूप में की गई. मृतक अनवर हुसैन चीनी की तस्करी में लिप्त था.

बीएसएफ के मुताबिक, 02 जून को भी इसी क्षेत्र में एक समान घटना घटी थी, जहां उन्हीं बांग्लादेशी तस्करों ने एक बीएसएफ कांस्टेबल पर बर्बर हमला किया और फिर उसे बांग्लादेश की सीमा की तरफ खींचने का प्रयास किया. इस दौरान बीएसएफ जवान का व्यक्तिगत हथियार (पीएजी) और रेडियो सेट भी छीन लिया गया था. बॉर्डर गार्ड्स बांग्लादेश (बीजीबी) ने चोरी किए गए सामान को बरामद कर बीएसएफ को वापस कर दिया था. 

बीएसएफ बांग्लादेश सीमा के साथ शांति और सद्भाव बनाए रखने के लिए दृढ़ता से प्रतिबद्ध है और बांग्लादेश सीमा रक्षक बल के साथ मिलकर काम करना जारी रखे हुए है. स्थानीय पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मृतक बांग्लादेशी व्यक्ति के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. बीएसएफ और बीजीबी के बीच जल्द होने वाली फ्लैग मीटिंग के बाद पार्थिव शरीर उसके परिवार को सौंपे दिया जाएगा.

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Leave feedback about this

  • Rating

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.