Alert Breaking News Geopolitics India-Pakistan

BSF ने पाकिस्तानी घुसपैठियों को वापस लौटाया

By Khushi Vijai Singh

गलती से अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) को पार कर भारत में दाखिल हुए तीनों पाकिस्तानी नागरिकों को बीएसएफ ने वापस लौटा दिया है. बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (बीएसएफ) के मुताबिक, ये तीनों पाक नागरिक गलती से भारत की सीमा में दाखिल हो गए थे, इसलिए मानवीय आधार पर उन्हें पाक रेंजर्स के हवाले कर दिया गया है.  

बीएसएफ के पंजाब फ्रंटियर के मुताबिक, बुधवार करीब 11:50 बजे ड्यूटी पर तैनात सीमा-प्रहरियों ने इन तीनों पाकिस्तानी नागरिकों को पंजाब के तरनतारन जिले से सटे बॉर्डर से गिरफ्तार किया था. इन तीनों को तरनतारन जिले की सीमा पर बाड़ (कटीली तार) से पहले कलाश की बस्ती से हिरासत में लिया गया था. 

गुरुवार ( 30 मई) को पाक रेंजर्स (पाकिस्तान की बॉर्डर फोर्स)  ने एक फ्लैग मीटिंग बुलाई, जिसमें पाकिस्तानी नागरिकों की गैरकानूनी मूवमेंट पर प्रतिबंध लगाने में उनकी असमर्थता पर चर्चा हुई. मानवीय कारणों से और सहानुभूति के रूप में, लगभग 11:35 बजे तीनों पाकिस्तानी नागरिकों को पाकिस्तान रेंजर्स को सौंप दिया गया. 

बीएसएफ ने एक आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि घुसपैठियों से कड़ी पूछताछ की गई थी. जांच के दौरान पाया गया कि ये तीनों पाकिस्तानी आईबी के अलाइनमेंट से अनजान थे और गलती से भारतीय सीमा (पंजाब) में घुस गए थे. उनके पास से कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली. बीएसएफ ने साफ किया कि सीमा-प्रहरी, “बॉर्डर पर कड़ी निगरानी बनाए रखने के साथ-साथ मानवीय समस्याओं को हल करने में उदार भी हैं.” 

आपको बता दें कि पंजाब से सटी सीमा पर रोजाना पाकिस्तान की तरफ से ड्रोन के जरिए ड्रग्स और हथियारों की स्मगलिंग की जाती है. कोई सा ऐसा दिन नहीं है जब सीमा पर बीएसएफ के जवानों को नारकोटिक्स ड्रग्स की खेप नहीं मिलती है. यही वजह है कि बीएसएफ जवान सीमा पर हमेशा मुस्तैद रहते हैं. 

हाल के दिनों में पाकिस्तान ने भारत से संबंधों को सुधारने की कोशिश की है. खुद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और मौजूदा पीएम के बड़े भाई नवाज शरीफ ने भारत से 1999 के लाहौर समझौते को तोड़ने को लेकर माफी मांगी है. नवाज शरीफ के कबूलनामे पर भारत के विदेश मंत्रालय ने भी सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि ये ‘वास्तविकता पर आधारित नजरिया’  है. पाकिस्तान में हाल ही में नवाज शरीफ की पार्टी की सरकार बनी है जिसका नेतृत्व उनके भाई शहबाज शरीफ कर रहे हैं. भारत में भी 4 जून के चुनाव नतीजों के बाद जल्द ही नई सरकार बनने जा रही है.

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Leave feedback about this

  • Rating

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.