लेबनान पर लगातार इजरायल के हो रहे हमलों से अमेरिका-ईरान के बीच युद्धविराम पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं. युद्धविराम की घोषणा के कुछ ही घंटों के बाद से इजरायली सेना, लेबनान पर काल बनकर टूट पड़ी हैं.
पिछले 24 घंटे में इजरायली एयरस्ट्राइक में 250 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है, 1100 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं. राजधानी बेरूत पर लगातार बम बरस रहे हैं. इजरायल का दावा है कि ये हमले आतंकी संगठन हिजबुल्लाह के बुनियादी ढांचे पर थे, जबकि लेबनान इसे युद्ध अपराध बता रहा है.
लेबनान पर हुए हमलों से ईरान भड़का हुआ है क्योंकि अमेरिका के साथ युद्ध के दौरान इजरायल के खिलाफ ईरान के प्रॉक्सी के तौर पर हिजबुल्लाह ही वो संगठन था जो तेहरान का साथ दे रहा था और इजरायल पर हमले कर रहा था.
इजरायल के हमले में बेरूत में हुई मौतों से ईरान भड़क गया है. विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा दुनिया लेबनान में हुई मौतों को देख रही है.
10 मिनट में 100 ठिकानों पर एयरस्ट्राइक: आईडीएफ
ईरान-अमेरिका के 02 सप्ताह वाले युद्धविराम के बीच लेबनान में हमला बढ़ गए हैं. इजरायली डिफेंस फोर्स ने बताया कि उन्होंने लेबनान में 10 मिनट के भीतर एक साथ करीब 100 ठिकानों पर स्ट्राइक की है. ये हमले हिजबुल्लाह पर किए गए हैं.
इज़रायल की सेना ने कहा कि उसने 2 मार्च को नया मिलिट्री ऑपरेशन शुरू करने के बाद से लेबनान में अपना सबसे बड़ा कोऑर्डिनेटेड स्ट्राइक किया है. ऑनलाइन मीटिंग से लोकेशन ट्रैक कर हिजबुल्लाह अधिकारियों को निशाना बनाया गया है.
इजराइली रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने भी कहा कि हमलों में हिजबुल्लाह के इंफ्रास्ट्रक्चर को टारगेट किया गया.
सटीक खुफिया जानकारी के बाद हुआ हमला : आईडीएफ चीफ
आईडीएफ के जनरल स्टाफ चीफ, लेफ्टिनेंट जनरल इयाल जमीर ने कहा, “हम हिजबुल्लाह आतंकी संगठन पर हमला करते रहेंगे और हर ऑपरेशनल मौके का इस्तेमाल करेंगे. हम उत्तरी इजरायल के लोगों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं करेंगे. हम पक्के इरादे के साथ हमला करते रहेंगे.”
आईडीएफ के मुताबिक, टारगेट में इंटेलिजेंस कमांड सेंटर, हमलों की प्लानिंग के लिए इस्तेमाल होने वाला हेडक्वार्टर, और हिजबुल्लाह की मिसाइल और नेवल क्षमताओं से जुड़ा इंफ्रास्ट्रक्चर, साथ ही उसकी एलीट राडवान फोर्स और एरियल यूनिट्स के एसेट्स शामिल थे. आईडीएफ ने कहा कि ऑपरेशन सटीक इंटेलिजेंस पर आधारित था और इसे कई हफ्तों में प्लान किया गया था.”
इजरायल ने मासूम लोगों को मौत के घाट उतारा: लेबनान
लेबनान ने इजरायल पर रिहायशी इलाकों पर हमला करने का आरोप लगाया है. लेबनान के सिविल डिफेंस के मुताबिक, “ये हमले बेरूत, बेका वैली, माउंट लेबनान, सिडोन और दक्षिणी लेबनान के कई गांवों को निशाना बनाकर किए गए. जिसमें मासूम लोगों की मौत हुई है.”
हिजबुल्लाह ने हमलों की निंदा की और कहा कि “इजरायल ने बेरूत के दक्षिणी उपनगरों, राजधानी, सिडोन, दक्षिणी लेबनान और बेका घाटी के आम लोगों के इलाकों को निशाना बनाया है.
लेबनान के हाउस स्पीकर नबीह बेरी ने “हमलों को पूरी तरह से युद्ध अपराध कहा.”
लेबनान के हिजबुल्लाह ने “ईरान-अमेरिका सीजफायर के बाद अब इजरायल पर जवाबी हमला शुरू कर दिया है. बृहस्पतिवार को हिजबुल्लाह इजरायल पर रॉकेट दाग रहा है.”
लेबनान युद्धविराम में शामिल नहीं: नेतन्याहू
इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने अमेरिका-ईरान युद्धविराम प्रस्ताव को लेकर कहा, कि संघर्ष विराम में लेबनान शामिल नहीं है और हिजबुल्लाह के खिलाफ हमले जारी रखने का वादा किया.
नेतन्याहू ने कहा, “हम हिजबुल्लाह पर हमला जारी रखे हुए हैं, इजरायल की उंगली ट्रिगर पर है और वह किसी भी पल ईरान के साथ लड़ाई में लौटने के लिए तैयार है. नेतन्याहू ने इन ताजा हमलों को पेजर अटैक से भी बड़ा बताया है, जिसमें करीब 3 हजार हिजबुल्लाह सदस्य घायल हुए थे.
लेबनान में किए जा रहे हमलों पर भड़का ईरान
ईरान ने लेबनान में इजरायली हमले जारी रहने और होर्मुज में तेहरान की शर्तों नहीं माने जाने पर इस मार्ग से जहाजों का आवागमन दोबारा रोक दिया है. इससे हलचल मच गई है. ईरानी विदेश मंत्री ने कहा है कि लेबनान पर हमले रोकना युद्धविराम की शर्तों में है. दुनिया ये अत्याचार देख रही है.

