Breaking News

खबरें फटाफट: जानना जरूरी है!

  • कनाडा सबसे घटिया देश: डोनाल्ड ट्रंप

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने ताजा बयान में कनाडा को ‘सबसे घटिया देशों में से एक’ कहा है. ट्रंप ने कहा, “कनाडा के साथ सौदा करना मुश्किल है, क्योंकि ऐतिहासिक रूप से मित्रवत दो देशों के बीच व्यापार तनाव लगातार बढ़ रहा है. मैं हर देश के साथ सीधे या परोक्ष रूप से डील करता हूं. कनाडा सबसे घटिया देशों में से एक है.” दरअसल अमेरिका ने कनाडा पर टैरिफ लगाया है, जिसके बाद कनाडा ने भी जवाबी टैरिफ लगाया, साथ ही कनाडाई लोगों ने अमेरिकी प्रोडक्ट का बहिष्कार भी किया है.

  • अल्पसंख्यकों को लेकर बांग्लादेश पर हमारी नजर है: व्हाइट हाउस

बांग्लादेश पर तुलसी गबार्ड के बयान के बाद अंतरिम सरकार की प्रतिक्रिया पर व्हाइट हाउस ने बयान जारी किया. अमेरिकी विदेश विभाग की प्रवक्ता टैमी ब्रूस ने कहा, “अमेरिका किसी भी देश में अल्पसंख्यकों के प्रति हिंसा या असहिष्णुता की घटनाओं की निंदा करता है और बांग्लादेश में सभी की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अंतरिम सरकार द्वारा उठाए गए कदमों का स्वागत करते हैं. हम इस पर नजर रख रहे हैं. हम यही उम्मीद करते हैं. और ये जारी रहेगा.”

  • यूरोप के ट्रैप में नहीं फंसेगा इटली: जॉर्जिया मेलोनी

इटली की संसद में प्रधानमंत्री मेलोनी ने युद्ध, शांति समझौता और टैरिफ को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की जमकर तारीफ की और ब्रिटेन के पीएम कीर स्टार्मर और फ्रांसीसी राष्ट्रपति को खूब सुनाया. मेलोनी ने कहा, “कुर्सी संभालते ही ट्रंप ने पूरे यूरोप को अस्त-व्यस्त कर दिया. पूरी दुनिया आज अमेरिका के फैसले से प्रभावित है. ट्रंप से लड़ाई करना फायदेमंद नहीं है. इटली, यूरोप के ट्रैप में नहीं फंसने वाला है. हम अपना रास्ता खुद अख्तियार करेंगे.” रूस-यूक्रेन के युद्ध का जिक्र करके मेलोनी ने कहा, “लाखों लोग युद्ध की वजह से मारे गए हैं. ऐसे में हमारा काम दोनों के बीच शांति स्थापित करना है ना कि आग को और सुलगाना है.”

  • श्रीलंका में अदाणी ग्रीन एनर्जी के खिलाफ दायर याचिका वापस

श्रीलंका में अदाणी ग्रीन एनर्जी को राहत. अदाणी ग्रीन एनर्जी योजनाओं के खिलाफ दायर 5 याचिकाओं को अटॉर्नी जनरल द्वारा दायर एक प्रस्ताव के बाद वापस ले लिया गया है. कंपनी द्वारा श्रीलंका के निवेश बोर्ड को पवन ऊर्जा परियोजनाओं से पीछे हटने की सूचना देने के बाद यह प्रस्ताव लाया गया है. 

  • बड़ी कंपनी में पाकिस्तान समर्थित नारे लिखे गए, 02 गिरफ्तार

कर्नाटक के रामनगर में एक बड़ी कंपनी के टॉयलेट में लिखे गए पाकिस्तान के समर्थन में नारे. अहमद हुसैन और सादिक नाम के आरोपियों को किया गया गिरफ्तार. मामला टोयोटा ऑटोमोबाइल कंपनी का है. कंपनी ने अपने सारे कर्मचारियों को वॉर्निग दी है कि अगर पाकिस्तान के समर्थन में भारत विरोधी नारे लिखे गए को कानूनी एक्शन लिया जाएगा. पुलिस गिरफ्तार कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है.

  • मोसाद में रिक्रूटमेंट, नौकरी करने का मौका

दुनिया की सबसे खतरनाक और शार्प खुफिया एजेंसी मोसाद ने हमास संग चल रहे युद्ध के बीच भर्ती अभियान शुरु किया है. मोसाद ने वीडियो जारी करके नए एजेंट्स की तलाश शुरु की है. मोसाद ने खुद को एक बेहतरीन खुफिया एजेंसी बताते हुए वीडियो में कहा है कि उनके यहां काम करने के तरीके सबसे बेहतरीन है. साथ ही नौकरी करने वाले कर्मी यहां खुश हैं और उनकी जिंदगी भी सुरक्षित है. पिछले साल मोसाद के 2 ऑपरेशन ने चौंका कर रख दिया था, पहला ईरान में हमास चीफ हानिया की हत्या और बेरूत में सीरियल पेजर धमाके, जिन्हें मोसाद ने ही अंजाम दिया था.

  • गाजा में युद्ध शुरु होने से बेन ग्वीर ने की सरकार में वापसी

गाजा पट्टी पर किए गए भारी हवाई हमलों में 400 से ज्यादा फिलिस्तीनियों की मौत के बाद, कट्टरपंथी यहूदी पावर पार्टी के नेता इतमार बेन-ग्वीर फिर से प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की सरकार में शामिल हो गए हैं. युद्धविराम लागू होने के बाद ग्वीर ने इस्तीफा दे दिया था.बेन-ग्वीर युद्ध को पूरी तरह से फिर से शुरू करने के समर्थक हैं. बेन ग्वीर की वापसी से नेतन्याहू सरकार एक बार फिर से मजबूत हो गई है.

जासूसी के आरोप में चीनी इंजीनियर को मौत की सजा

चीनी इंजीनियर को विदेशी जासूसी एजेंसियों को सीक्रेट जानकारी बेचने के आरोप में मौत की सजा सुनाई गई है. रिसर्च संस्थान के इंजीनियर की पहचान लियू के रूप में हुई है. चीन के राष्ट्रीय सुरक्षा अधिकारियों ने जासूसी मामले की जांच की जिसमें पाया गया कि लियू ने अवैध रूप से गुप्त जानकारियों की नकल की और उन्हें विदेशी जासूसी एजेंसियों को बेचा. लियू को जासूसी और दुश्मनों को संवेदनशील जानकारियां देने के लिए दोषी ठहराया गया था और अब उसे मौत की सजा सुनाई गई है.

  • सेकेंड वर्ल्ड वॉर के आखिरी पायलट का निधन

नहीं रहे ब्रिटेन युद्ध के आखिरी जीवित पायलट जॉन पैडी हेमिंग्वे. 105 वर्ष की उम्र में पायलट जॉन पैडी का डबलिन में निधन हो गया. पायलट जॉन पैडी ने द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान नाजी वायु सेना के खिलाफ लड़ाई लड़ी थी. जॉन पैडी हेमिंग्वे जब 20 साल के थे तब उन्होंने रॉयल एयर फोर्स ज्वाइन किया था, आरएएफ ने बताया कि अगस्त 1940 में जर्मन विमानों के साथ हवाई लड़ाई के दौरान हेमिंग्वे ने हिम्मत और जोश का परिचय दिया, उन्हें 1941 में वीरता के लिए विशिष्ट फ्लाइंग क्रॉस से सम्मानित किया गया था.

  • सोमालिया में राष्ट्रपति को मारने की कोशिश, धमाके में बचे राष्ट्रपति

सोमालिया की राजधानी मोगादिशु में राष्ट्रपति भवन के पास एक बम विस्फोट के बाद मची अफरातफरी. राष्ट्रपति की इस धमाके में बाल-बाल बची जान. सरकार के मुताबिक, यह हमला आतंकवादी समूह अल-शबाब ने राष्ट्रपति हसन शेख मोहम्मद के काफिले को निशाना बनाकर किया. बताया जा रहा है कि इस धमाके में 3 लोगों की मौत हुई है. अल-शबाब समूह सरकार विरोधी गतिविधियों में शामिल है और सरकारी अधिकारियों और सैन्य कर्मियों पर हमले करता है. 

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.