कनाडा अलावा अमेरिकी धरती पर छिपे भारत विरोधी, खालिस्तानी आतंकियों पर एफबीआई ने लिया है एक्शन. अमेरिका की खुफिया एजेंसी एफबीआई ने भारतीय मूल के 8 गैंगस्टर्स खालिस्तानियों को गिरफ्तार किया है, जो अमेरिका में रहकर भारत के खिलाफ साजिश रच रहे थे. जिन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, वो एनआईए की मोस्टवांटेड और वांटेड लिस्ट में शामिल थे.
एफबीआई की छापेमारी, भारत विरोधियों पर शिकंजा
अमेरिका में इन दिनों एफबीआई ने समर हीट कैंपेन शुरु किया है. एफबीआई डायरेक्टर काश पटेल के मुताबिक इस कैंपेन का लक्ष्य अमेरिका के लोगों को भयमुक्त रखना है
11 जुलाई को सैन जोक्विन काउंटी शेरिफ ऑफिस की एजेंट यूनिट ने स्टॉकटन पुलिस, मंटेका पुलिस, स्टैनिस्लास काउंटी शेरिफ और एफबीआई की स्वाट टीम ने साथ मिलकर सैन जोक्विन काउंटी के 5 अलग-अलग जगहों पर एक साथ छापेमारी की. ये कार्रवाई एक गैंग से जुड़े किडनैपिंग और टॉर्चर केस के सिलसिले में की गई.
गिरफ्तार किए गए गैंगस्टर्स में से भारत का मोस्टवांटेड पवित्तर सिंह बटाला भी शामिल है, जिसका कनेक्शन बीकेआई के खतरनाक आतंकी लखबीर सिंह लांडा और पाकिस्तान में छिपे आतंकी हरविंदर सिंह रिंदा से है.
इन वांटेड खालिस्तानी गैंगस्टर्स को पकड़ा गया है
एफबीआई ने जिन लोगों को पकड़ा है, उनमें दिलप्रीत सिंह, अर्शप्रीत सिंह,अमृतपाल सिंह, विशाल, पवित्तर सिंह बटाला, गुरताज सिंह,मनप्रीत रंधावा और सरबजीत सिंह शामिल हैं. पकड़े गए गैंगस्टर्स से 5 ऑटोमैटिक गन, 1 असॉल्ट राइफल और मैगजीन, 15 लाख से ज्यादा कैश बरामद किया है. इसके अलावा कई तरह के दस्तावेज भी बरामद हुए हैं, जिसे एफबीआई ने अपने कब्जे में लिया है.
लखबीर सिंह लांडा का करीबी और एनआईए का मोस्टवांटेड है पवित्तर बटाला
पकड़े गए लोगों में बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) के कुख्यात आतंकी लखबीर सिंह लांडा का करीबी पवित्तर सिंह बटाला भी शामिल है. एनआईए के फाइल में पवित्तर का नाम मोस्टवांटेड की लिस्ट में है.
पिछले महीने 22 जून को एनआईए ने पवित्तर सिंह के करीबी जतिंदर जोती के खिलाफ चार्जशीट दायर की थी. इस चार्जशीट के मुताबिक, जतिंदर जोती, खालिस्तानी आतंकी लखबीर सिंह लांडा और पवित्तर सिंह के इशारे पर पंजाब में खालिस्तानी एजेंट्स को हथियार मुहैया करवा रहा था.
ये हथियार मध्यप्रदेश से हथियार तस्कर बलजीत सिंह राणा सप्लाई करता था, जिनका इस्तेमाल पंजाब के अलग-अलग शहरों के खालिस्तानी गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए किया गया.
एनआईएन की जांच में खुलासा हुआ था कि सारे आरोपी वीपीएन के जरिए जुड़े हुए थे, ताकि ट्रेस न किया जा सके. शक है कि पवित्तर सिंह के तार खालिस्तान आतंकी हरविंदर रिंदा से भी जुड़े हो सकते हैं.
एनआईए ने एफबीआई के साथ शेयर की है खालिस्तानी गैंगस्टर्स और आतंकियों की लिस्ट
बताया जा रहा है कि एफबीआई के साथ भारत की जांच एजेंसी एनआईए ने वांटेड गैंगस्टर्स और आतंकियो की लिस्ट साझा की है. माना जा रहा है कि एनआईए के अनुरोध पर एफबीआई ने भारतीय मूल के 8 अपराधियों को पकड़ा है, जो अमेरिका में बैठकर भारत में बड़ी वारदातों को अंजाम दे रहे थे. यह गैंग अमेरिका में रह कर किडनैपिंग और वसूली का काम भी कर रहा था.
माना जा रहा है कि एनआईए गिरफ्तार पवित्तर सिंह बटाला के प्रत्यर्पण के लिए एफबीआई से संपर्क कर सकती है.


Leave feedback about this