इस साल गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान कर्तव्य पथ पर फ्रांस की ऐतिहासिक बैस्टिल डे परेड का नजारा जैसा दिखाई पड़ेगा. मुख्य अतिथि फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों होंगे तो आसमान में भारतीय वायुसेना के रफाल (राफेल) लड़ाकू विमानों के साथ पहली बार फ्रांसीसी रफाल भी गर्जना करते दिखाई पड़ेंगे.
गणतंत्र दिवस के आयोजन की तैयारियों को लेकर रक्षा सचिव गिरधर अरमाने ने बताया कि इस साल कर्तव्य पथ पर फ्रांसीसी सेना का मार्चिंग दस्ता भी हिस्सा लेने जा रहा है. फ्रांसीसी दस्ते में 95 सैनिक और 33 मिलिट्री बैंड के सदस्य होंगे. इसके अलावा कर्तव्य पथ के आसमान में दो फ्रांसीसी वायुसेना के रफाल लड़ाकू विमान और एक ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट (एमआरटीटी) हिस्सा ले रहा है.
पिछले 10 सालों में ये दूसरी बार है कि फ्रांसीसी सेना का मार्चिंग दस्ता गणतंत्र दिवस परेड का हिस्सा बन रहे हैं. वर्ष 2015 में भी फ्रांस की सेना का एक दस्ता गणतंत्र दिवस समारोह का हिस्सा बना था. लेकिन फ्रांसीसी रफाल लड़ाकू विमान पहली बार गणतंत्र दिवस फ्लाई-पास्ट का हिस्सा बन रहे हैं.
खास बात ये है कि पिछले साल फ्रांस की राजधानी पेरिस में आयोजित बैस्टिल डे परेड में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि थे. इस दौरान भारतीय वायुसेना के रफाल लड़ाकू विमानों ने भी पेरिस के आसमान में फ्रांसीसी रफाल फाइटर जेट के साथ फ्लाई-पास्ट में शिरकत की थी. साथ ही भारत के ट्राई-सर्विस मार्चिंग दस्ते ने भी पेरिस की सड़कों पर फ्रांसीसी सैनिकों के साथ कदम-ताल किया था.
इस साल गणतंत्र दिवस परेड में भारतीय वायुसेना के मार्चिंग दस्ते में एक ऐसी महिला ऑफिसर भी शामिल है जिन्होंने बैस्टिल डे परेड समारोह में भी हिस्सा लिया था. स्क्वाड्रन लीडर सुमिता यादव अपनी पांच महिला साथियों के साथ वायुसेना के मार्चिंग दस्ते की कमान संभाल रही हैं (आसमान छूने को तैयार देश की फाइटर आसमा (RD Parade Part-2).
वायुसेना के मुताबिक, इस साल कर्तव्य पथ पर होने वाले फ्लाई-पास्ट में फ्रांसीसी रफाल और ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट के अलावा भारत के कुल 55 विमान हिस्सा ले रहे हैं. इनमें 51 वायुसेना के हैं और पांच थलसेना और नौसेना के हैं. हिस्सा लेने वाले एयरक्राफ्ट में 29 फाइटर जेट हैं, 17 हेलीकॉप्टर और एक हेरिटेज विमान है.
इस साल पहली बार स्वदेशी लड़ाकू विमान एलसीए तेजस फ्लाइंग-फॉर्मेशन में दिखाई पड़ेगा. पहली बार चार तेजस लड़ाकू विमान कर्तव्य पथ पर डायमंड फॉर्मेशन में नजर आएंगे. इस फॉर्मेशन को तेजस ही नाम दिया गया है. हालांकि, वर्ष 2016 में पहली बार एलसीए तेजस ने फ्लाई-पास्ट में हिस्सा लिया था लेकिन वो एक सिंगल एयरक्राफ्ट था.
पहली बार गणतंत्र दिवस फ्लाई-पास्ट में हाल ही में वायुसेना में शामिल किए गए सी-295 मिलिट्री ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट भी दिखाई पड़ेगा. सी-295 के साथ दो सी-130 एयरक्राफ्ट भी अर्जन फॉर्मेशन में दिखाई देंगे. फ्लाई-पास्ट में भारतीय वायुसेना के छह रफाल लड़ाकू विमान वजरांग (बजरंग) फॉर्मेशन में उल्टा वाइन-गिलास बनाते हुए दिखाई पड़ेंगे.
फ्लाई-पास्ट की शुरुआत चार मी-17 हेलीकॉप्टर से होगी. एक हेलीकॉप्टर पर तिरंगा लगा होगा तो बाकी तीन पर सेना के तीनों अंगों यानी थलसेना, वायुसेना और नौसेना के फ्लैग लगे होंगे. ये हेलीकॉप्टर कर्तव्य पथ पर मौजूद 75 हजार लोगों की भीड़ पर फूलों की बरसात करेंगे. इस दौरान राष्ट्रपति और सशस्त्र सेनाओं की सुप्रीम कमांडर द्रोपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सीडीएस जनरल अनिल चौहान और सेना के तीनों अंगों के प्रमुख भी मौजूद रहेंगे.
हर साल की तरह इस बार भी सुखोई फाइटर जेट त्रिशूल फॉर्मेशन बनाते हुए दिखाई पड़ेंगे. फ्लाइट पास्ट का समापन विजय फॉर्मेशन से होगा जिसमें एक रफाल लड़ाकू विमान शो स्टॉप ओवर की तरह आसमान में मैन्युवर करता दिखाई देगा.
| ReplyForwardAdd reaction |
| ReplyForwardAdd reaction |
| ReplyForwardAdd reaction |


Leave feedback about this