Breaking News Geopolitics Middle East

हमास डालेगा हथियार, इजरायली सेना हटेगी पीछे

मिडिल ईस्ट में जारी सैन्य संघर्ष के बीच गाजा के मोर्चे पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा दावा किया है. गाजा पीस बोर्ड बनाने वाले ट्रंप ने घोषणा की है कि हमास हथियार रखने और गाजा से अपनी सेना हटाने को राजी हो गया है. ट्रंप ने कहा है कि हमास के साथ जंग खत्म करने को लेकर अहम डील हुई है.  ट्रंप ने गाजा में शांति लाने के लिए 20 प्वाइंट वाले प्लान की बात कही है, जिसमें गाजा से इजरायली सेना की गाजा से वापसी और हमास के हथियार छोड़ना अहम मुद्दा है.

ट्रंप के मुताबिक 20 सूत्रीय पीस प्लान पर हमास ने हामी भर दी है. हालांकि इजरायल की ओर से इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई है.

माना हमास, गाजा में हटेगी इजरायली सेना

ट्रंप द्वारा गठित किए गए ‘बोर्ड ऑफ पीस’ और मध्यस्थता करने वाले देशों- मिस्र, कतर, तुर्किए और अमेरिका ने घोषणा की है कि हमास ने गाजा पट्टी में अगले चरण के सीजफायर को लागू करने के लिए बनाए गए रोडमैप पर हामी भर दी है.

पहली बार हमास ने आधिकारिक तौर पर अपने सभी हथियार छोड़ने और पीस बोर्ड की शर्तों को मानने के लिए सहमति जताई है. बताया गया है कि हमास के निरस्त्रीकरण के बाद इजरायल भी अपनी सेना को गाजा पट्टी से हटा लेगा.

समझौते की शर्तों पर एक नजर

गाजा पीस बोर्ड में जो शर्ते हैं, उसके मुताबिक

  1. हमास एक चरणबद्ध समझौते के तहत अपने हथियार एक अंतर्राष्ट्रीय स्थिरीकरण बल को सौंपने पर सहमत हो गया है. इस 5,000 सदस्यीय बल की निगरानी एक अमेरिकी जनरल करेंगे.
  2. निरस्त्रीकरण में 200–300 दिन लगेंगे.
  3. सुरंग नेटवर्क को भी निष्क्रिय किया जाएगा.
  4. इजरायली सेना चरणबद्ध तरीके से पीछे हटेगी.
  5. स्थिरीकरण बल एक नई फिलिस्तीनी पुलिस बल को प्रशिक्षण देगा.
  6. फिलिस्तीन में नई सरकार बनेगी, जो इस समझौते के तहत फिलिस्तीनी पुलिस के समन्वय के साथ काम करेगी.

व्हाइट हाउस ने जारी किया बयान

व्हाइट हाउस ने बयान जारी करते हुए कहा, गाजा में शांति लाने के प्रयासों को लेकर मिली कामयाबी पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा- “ बोर्ड ऑफ पीस ने गाजा में हमास और अन्य सभी हथियारबंद गुटों के पूरी तरह से हथियार छोड़ने (डिसआर्मामेंट) के लिए एक ऐतिहासिक समझौता किया है. यह खबर गाजा में स्थायी शांति और सुरक्षा की दिशा में एक बहुत बड़ा कदम है. यह समझौता गाजा में एक नई फिलिस्तीनी सरकार के शासन की दिशा में एक अहम कदम है. ये नई सरकार फिलिस्तीन जनता की मदद के लिए बोर्ड ऑफ पीस के साथ मिलकर काम करेगी.”

गाजा में फिर से आतंक को सिर नहीं उठाने देंगे: ट्रंप

ट्रंप ने कहा- “एक साल पहले गाजा में हिंसक युद्ध और मानवीय संकट था. हमास ने इजरायली बंधकों को बेरहमी से कैद कर के रखा था. हमने ऐतिहासिक प्रगति की है और अभी भी बहुत काम करना बाकी है. दोबारा ऐसे खतरे को सिर नहीं उठाने दिया जाएगा. इस डील के तहत गाजा आखिर में एक ऐसी नई फिलिस्तीनी सरकार के हाथों में होगा जो अपने लोगों की सेवा करेगी.

ट्रंप ने इजरायल की आशंकाओं पर भी बात की. कहा- “इजरायल को वह सुरक्षा मिलेगी जिसका वह हकदार है, क्योंकि गाजा का इस्तेमाल अब आतंकी हमलों के अड्डे के तौर पर नहीं किया जाएगा. जैसे-जैसे हमास हथियार छोड़ेगा, इजरायल की सेना पीछे हट जाएगी.” 

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.