Breaking News Classified Reports Viral News

Uber से समझौता वायुसेना की गलती लेकिन अनादर ना करें

भारतीय वायुसेना के उबर कैब को लेकर हुए समझौते का सार्वजनिक रूप से मखौल उड़ाने और मिलिट्री कमांडर्स के लिए असंसदीय शब्दों के इस्तेमाल पर सेना की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है. थलसेना के सह-सेनाध्यक्ष (वाइस चीफ) लेफ्टिनेंट जनरल राजा सुब्रमणि ने कहा है कि आलोचना  स्वीकार है लेकिन अनादर नहीं होना चाहिए. हालांकि, वाइस चीफ ने नेवी और एयर फोर्स की गलती को जरूर माना.

राजधानी दिल्ली में एक कार्यक्रम में बोलते हुए ले. जनरल सुब्रमणि ने कहा कि हमें ये स्वीकार करना होगा कि नौसेना और वायुसेना की इंटेलिजेंस, मॉडिकम यानी थोड़ी कम है. अगर वायुसेना और नौसेना को इंटेलिजेंस के बारे में जानकारी होती तो उबर से समझौते से पहले डाटा प्राइवेसी के बारे में जरुर सोचा होता.

वाइस चीफ ने कहा कि मुझे नहीं लगता कि (समझौते की) गलती होती अगर डाटा-उल्लंघन जैसे परेशानियों के बारे में सोचा होता. ले.जनरल सुब्रमणि ने कहा कि वायुसेना और नौसेना का खुफिया तंत्र ऐसा नहीं है जैसा होना चाहिए.

दरअसल, हाल ही में वायुसेना ने रेडियो कैब उबर से अपने वायुसैनिकों और उनके परिवारों के लिए एक समझौता किया है. इस समझौते के तहत वायुसैनिकों को वाजिब रेट पर उबर ने टैक्सी मुहैया कराने का फैसला किया है. इस समझौते के हस्ताक्षर की तस्वीरें वायुसेना ने जैसे ही अपने एक्स (ट्विटर) अकाउंट पर साझा की, बवाल खड़ा हो गया.

सेना से जुड़े जानकारों ने इस समझौते से वायुसेना और वायु-सैनिकों के डाटा लीक होने का अंदेशा जताया. क्योंकि वायुसेना ने उबर से डाटा-प्राइवेसी से जुड़ा समझौता नहीं किया था. इसके अलावा देश में भी डाटा-प्राइवेसी से जुड़ा कोई कानून नहीं है. डिफेंस एक्सपर्ट ने रूस-यूक्रेन युद्ध का उदाहरण देते हुए बताया कि किस तरह डाटा लीक होने से टॉप मिलिट्री कमांडर्स को टारगेट किया गया है.

विवाद बढ़ता देख वायुसेना ने एक्स से पोस्ट डिलीट कर दी. लेकिन आग में घी डालने का काम किया एक महिला पत्रकार के पॉडकास्ट ने जिसमें चार सोशल-मीडिया इन्फ्लुएंसर ने वायुसेना सहित सशस्त्र सेनाओं का मखौल उड़ाया और मिलिट्री कमांडर्स के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया. क्योंकि एक साल पहले नौसेना ने भी उबर से ठीक इसी तरह का करार किया था. इसी पॉडकास्ट को लेकर ले.जनरल सुब्रमणि ने अपना विरोध जताया है.

Leave feedback about this

  • Rating

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.