भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ता तनाव दुनिया के लिए भी चिंता का विषय बन गया है. दुनिया के कई देशों ने आशंका जताई है कि भारत और पाकिस्तान में किसी भी वक्त युद्ध शुरु हो सकता है. यूएनएससी के मंच पर भी पहलगाम नरसंहार और भारत-पाकिस्तान के तनाव का शोर सुनाई दिया है.
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने भारत और पाकिस्तान से शांति की अपील करते हुए कहा है कि, “मैं दोनों देशों की सरकारों और लोगों का बहुत सम्मान करता हूं और उनके प्रति बहुत आभारी हूं, इसके साथ ही संयुक्त राष्ट्र के काम में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए भी, खासकर संयुक्त राष्ट्र शांति स्थापना के लिए लेकिन मुझे यह देखकर दुख होता है कि दोनों देशों के रिश्ते इतने खराब हो गए हैं.”
सैन्य टकराव से बचना जरूरी, संयम से काम लें भारत और पाकिस्तान: गुटेरेस
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में कहा, “भारत और पाकिस्तान दोनों देशों को सैन्य टकराव से बचना जरूरी है, जो आसानी से नियंत्रण से बाहर हो सकता है, खास तौर पर इस महत्वपूर्ण समय में. अब अधिकतम संयम और युद्ध की कगार से पीछे हटने का समय है. दोनों देशों के साथ अपने निरंतर संपर्क में यही मेरा संदेश रहा है. कोई गलती न करें, सैन्य समाधान कोई समाधान नहीं है, और मैं शांति की सेवा में दोनों सरकारों को अपना आशीर्वाद देता हूं. संयुक्त राष्ट्र किसी भी ऐसी पहल का समर्थन करने के लिए तैयार है जो तनाव कम करने की कूटनीति और शांति के लिए नई प्रतिबद्धता को बढ़ावा दे.”
नागरिकों को निशाना बनाना अस्वीकार्य, आरोपियों को वैध तरीकों से न्याय के कटघरे में लाना चाहिए:गुटेरेस
संयुक्त राष्ट्र के महासचिव ने कहा, “मैं 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए भयानक आतंकी हमले के बाद की भावनाओं को समझता हूं. मैं एक बार फिर उस हमले की कड़ी निंदा करता हूँ और पीड़ितों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं. नागरिकों को निशाना बनाना हर हाल में अस्वीकार्य है, और जिम्मेदार लोगों को विश्वसनीय, वैध तरीकों से न्याय के कटघरे में लाया जाना चाहिए.”
हम बाद में सोचेंगे, पहले मारेंगे: पीटीआई नेता
भारत के हमले से डरे पाकिस्तान ने नेशनल असेंबली का विशेष सत्र बुलाया. इस सत्र में इमरान खान की पीटीआई नेता उमर अयूब ने भारत और पीएम मोदी के बारे में अनाप शनाप बकवास की है. पाकिस्तान संसद के विशेष सत्र में उमर अयूब ने कहा कि “हम बाद में सोचेंगे, पहले मारेंगे. उनके विमानों को मार गिराया जाएगा. शहबाज शरीफ घुटने टेक रहे थे, मोदी को करारा जवाब चाहिए, तभी होश में आएंगे. हिटलर को रोकने के लिए चर्चिल जैसे मजबूत व्यक्ति की जरूरत थी. आज मोदी को रोकने के लिए पीटीआई के संस्थापक (इमरान खान) की जरूरत है. आप कह रहे हैं कि भारत कभी भी हमला कर सकता है. भारत ब्रह्मोस मिसाइल से हमला करेगा. भारत ने मिसाइल का परीक्षण किया, हमारी प्रतिक्रिया क्या थी. भारत चखोटी, शिंक्यारी में हमला कर सकता है. हमारा जवाब भारत का चेहरा तोड़ना होना चाहिए.”


Leave feedback about this