ऑस्ट्रियाई रक्षा विशेषज्ञ और एविएशन एक्सपर्ट टॉम कूपर ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में भारतीय वायुसेना की जमकर तारीफ करते हुए, खुलासा किया है कि उन्होंने इस बात के सबूत देखे हैं कि भारत ने पाकिस्तान के 5 से ज्यादा विमानों को गिराया है. वहीं टॉम कूपर ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और पाकिस्तानी जनरल असीम मुनीर की बातों को 5-6 साल के बच्चों जैसी हरकत करार दी है. कूपर ने कहा है कि ट्रंप और मुनीर की बातें बचकानी हैं.
हमने 5 से ज्यादा पाकिस्तानी विमानों के गिरने के सबूत देखे: टॉम कूपर
ऑस्ट्रियाई एविएशन एक्सपर्ट टॉम कूपर ने ऑपरेशन सिंदूर की जबर्दस्त सफलता की पुष्टि करते हुए कहा, “हमने न केवल 5, बल्कि इससे भी ज्यादा पाकिस्तानी विमानों के मार गिराए जाने के सबूत देखे हैं. हमने इस बात के भी सबूत देखे हैं कि जमीन पर भी कई पाकिस्तानी विमान नष्ट हुए. पहले भारत सरकार या वायुसेना की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया था, इसलिए हमने ये पुष्टि नहीं की थी, लेकिन हमें इसके बारे में मई से ही पता था कि पाकिस्तान को भारतीय वायुसेना ने तगड़ा नुकसान पहुंचाया है.”
ऑपरेशन सिंदूर से भारत की रक्षा क्षमता वैश्विक मंच पर सशक्त दिखी: टॉम कूपर
भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमरप्रीत सिंह द्वारा 5 पाकिस्तानी जेट्स के मार गिराए जाने की पुष्टि पर कूपर ने बड़ा बयान दिया है. कूपर ने ऑपरेशन सिंदूर को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि “यह भारत के लिए सामरिक, परिचालन और रणनीतिक स्तर पर एक बड़ी उपलब्धि है. एयर डिफेंस सिस्टम एस-400 की इस कामयाबी ने भारत की रक्षा क्षमता को वैश्विक मंच पर और मजबूत किया है.”
एयरफोर्स चीफ ने पहली बार दावा किया कि 5 पाकिस्तानी विमान गिराए
ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने यह दावा किया कि “भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पांच पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों और एक बड़े विमान को मार गिराया. एयर चीफ मार्शल ने कहा कि भारतीय वायुसेना ने लगभग 300 किलोमीटर की दूरी से पाकिस्तान के निगरानी विमान को मार गिराया, वायुसेना की श्रेष्ठता को दर्शाता है. इसने दुश्मन को एक बड़ा मनोवैज्ञानिक झटका दिया.”
अब ऑस्ट्रियाई विशेषज्ञ ने इस बात की पुष्टि की है कि पाकिस्तान के और भी विमान गिराए गए थे, जिसके सबूत उन्होंने देखे हैं.
ट्रंप-मुनीर कर रहे बच्चों जैसे हरकत: टॉम कूपर
अमेरिका से पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर की परमाणु धमकी पर कूपर ने कटाक्ष किया है. कूपर ने कहा, “व्हाइट हाउस और इस्लामाबाद के बीच हाल के महीनों की बातचीत 5-6 साल के बच्चों जैसी थी, जैसे वे बहस करें कि किसका बाप ज्यादा ताकतवर है. यह पूरी तरह बचकाना है.”
आपको बता दें कि भारत ने 06-07 मई की देर रात ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था, जिसमें पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में लश्कर और जैश के ठिकानों को नष्ट किया गया था. भारतीय सेना ने आतंकियों पर ये एक्शन 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में लिया था, जिसमें 26 नागरिक मारे गए थे.
पाकिस्तान ने आतंकी संगठन पर किए गए हमले के जवाब देने की कोशिश की और तुर्किए के ड्रोन, चीनी मिसाइलें दागीं, लेकिन चौकस एयर डिफेंस सिस्टम एस 400 ने सभी को आसमान में ही मार गिराया था, पाकिस्तान की इस हरकत के बाद भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तानी एयरफोर्स स्टेशन और सैन्य ठिकानों को ध्वस्त कर दिया, आखिरकार रोते गिड़गिड़ाते पाकिस्तान के डीजीएमओ ने भारतीय सेना के डीजीएमओ को कॉल किया और 10 मई को दोनों देशों ने सीजफायर पर सहमति जताई थी.


Leave feedback about this