Breaking News Conflict India-Pakistan Islamic Terrorism Kashmir

एलओसी पर भारी फायरिंग, पाकिस्तानी सेना पर टूटा कहर

आतंकियों के कैंप पर हुई भारत की एयर स्ट्राइक से बौखलाए पाकिस्तान ने एलओसी के रिहायशी गांवों पर फायरिंग की है, जिसमें 15 भारतीयों की मौत हुई है, जबकि 45 लोग घायल हैं. वहीं भारतीय जवाबी कार्रवाई में 10 पाकिस्तानी सैनिकों के मौत की खबर है. भारतीय सेना पाकिस्तान की ओर से हो रहे युद्धविराम उल्लंघनों पर कड़ी नजर रख रही है.

थलसेना प्रमुख लगातार स्थानीय सैन्य इकाइयों के संपर्क में हैं और पाकिस्तानी सेना की गतिविधियों की निगरानी कर रहे हैं. सेना को खुली छूट दी गई है कि पाकिस्तानी सेना के खिलाफ एक्शन ले सकें.

बौखलाए पाकिस्तान ने की एलओसी के गांवों पर भारी फायरिंग, 15 की मौत

भारतीय सेना की एयरस्ट्राइक के बाद पाकिस्तानी सेना ने पुंछ और तंगधार क्षेत्रों में स्थानीय लोगों पर गोलीबारी की है. जम्मू कश्मीर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास स्थित गांवों को निशाना बनाकर पाकिस्तान ने भारी गोलाबारी की, जिसमें चार बच्चों सहित 15 लोगों की मौत हुई है.

पाकिस्तान की ओर से की गई गोलीबारी में लोगों के घरों को काफी नुकसान पहुंचा है. लोगों के घरों की खिड़कियों के शीशे टूट गए और दीवारों में दरारें आ गईं हैं. प्रशासन ने बताया कि पाकिस्तानी सेना ने 06-07 मई की रात को जम्मू-कश्मीर के सामने नियंत्रण रेखा और अंतरराष्ट्रीय सीमा के पार चौकियों से गोलाबारी की

राजौरी में नियंत्रण रेखा के पास रहने वाले लोगों में खौफ, बंकर में जाने के निर्देश

पाकिस्तानी सेना ने राजौरी में नियंत्रण रेखा पर संपत्तियों को काफी नुकसान पहुंचाया है. आसपास के गांवों के लोगों ने अपने घर छोड़ दिए और सुरक्षित स्थानों पर चले गए. प्रभावित क्षेत्र अब खाली हैं और घरों पर ताले लगे हैं.

पाकिस्तानी फायरिंग में गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा साहिब का दरवाजा टूट गया है और शीशों को नुकसान पहुंचा है. जिला गुरुद्वारा प्रबंधक समिति के अध्यक्ष नरिंदर सिंह के मुताबिक, “पुंछ जिले के विभिन्न इलाकों में सीमा पार से की गई गोलाबारी में 12 लोगों की जान चली गई, जिसमें से 5 लोग सिख समुदाय के हैं.” नरिंदर सिंह ने कहा, “गुरुद्वारा सुरक्षित है, ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है.”

भारतीय सेना की जवाबी कार्रवाई, अमित शाह ने दिया नागरिकों को निकालने के आदेश

भारतीय सेना ने सीमा पार से हो रही गोलीबारी का मुंहतोड़ जवाब दिया है. सेना के पलटवार में कुपवाड़ा, रोजौरी-पुंछ सेक्टर में कई पाकिस्तानी सेना की चौकियों को काफी नुकसान पहुंचा है. 

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नियंत्रण रेखा और अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास से नागरिकों को निकालने का आदेश दिया है. अमित शाह सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ)के महानिदेशक दलजीत सिंह चौधरी, जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से फोन पर लगातार संपर्क में हैं.

बीएसएफ डीजी से पीएम मोदी ने की मीटिंग

आतंकी शिविरों पर सटीक हमले के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोवल के साथ बैठक की और सीमावर्ती क्षेत्रों की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया.

प्रधानमंत्री मोदी ने सीमा सुरक्षा बल के महानिदेशक दलजीत सिंह चौधरी से सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी कदम उठाने को कहा है.

बीएसएफ महानिदेशक दलजीत सिंह ने प्रधानमंत्री कार्यालय में पीएम मोदी से मुलाकात की और आगे की रणनीति और भारत की सीमाओं की सुरक्षा की समीक्षा की. आपको बता दें कि भारत-पाकिस्तान अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर बीएसएफ के जवान तैनात हैं. 

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Leave feedback about this

  • Rating

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.