मिडिल ईस्ट में युद्ध जैसे हालात बने हुए हैं. अमेरिका किसी भी वक्त ले सकता है एक्शन. ऐसे में भारत ने अपने नागरिकों को फौरन ईरान छोड़ देने के लिए कहा है. भारतीय दूतावास ने सोमवार को एक एडवाइजरी जारी करके सलाह दी है कि भारतीय किसी भी उपलब्ध परिवहन संशाधनों के जरिये आज ही ईरान छोड़ दें.
अमेरिका और ईरान के बीच ओमान की मध्यस्थता में परमाणु मुद्दे पर अगली वार्ता 26 फरवरी को जिनेवा में होगी. लेकिन इस एडवाइजरी के बाद अमेरिकी हमले की और प्रबल आशंका बढ़ गई है. माना जा रहा है कि अगले एक-दो दिनों में अमेरिका, तेहरान पर अटैक कर देगा.
वहीं ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने कहा है, हम अमेरिका की गतिविधियों पर करीबी नजर बनाए हुए हैं और किसी भी संभावित अटैक के लिए सभी जरूरी तैयारियां कर ली गई हैं.
फौरन छोड़ दें ईरान: भारतीय दूतावास
तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने अपने नागरिकों को तत्काल किसी भी हालत में ईरान छोड़ देने को कहा है. दूतावास ने अपनी एडवाइजरी में लिखा, “भारत सरकार द्वारा 5 जनवरी 2026 को जारी की गई एडवाइजरी के क्रम में और ईरान में विकसित हो रही मौजूदा स्थितियों को देखते हुए वर्तमान में ईरान में मौजूद भारतीय नागरिकों (छात्र, तीर्थयात्री, व्यापारी और पर्यटकों) को उपलब्ध परिवहन साधनों (व्यावसायिक उड़ानों व अन्य) के जरिये आज ही ईरान छोड़ने की सलाह दी जाती है.”
दूतावास ने कहा, “सभी भारतीय नागरिक और पीआईओ (भारतीय मूल के व्यक्ति) उचित सावधानी बरतें, विरोध प्रदर्शन या प्रदर्शन वाले क्षेत्रों से दूर रहें, ईरान में भारतीय दूतावास के संपर्क में बने रहें तथा किसी भी विकास के लिए स्थानीय मीडिया की निगरानी करते रहें. ईरान में सभी भारतीय नागरिकों से अनुरोध है कि वे अपने यात्रा और आव्रजन दस्तावेज, जिसमें पासपोर्ट और आईडी शामिल हैं, हमेशा अपने पास तैयार रखें. इस संबंध में किसी भी सहायता के लिए वे भारतीय दूतावास से संपर्क करें.”
हेल्पलाइन नंबर जारी, रजिस्ट्रेशन कराने की अपील
दूतावास ने कहा है, कि “ईरान में मौजूद सभी भारतीय नागरिक, जिन्होंने अभी तक भारतीय दूतावास में अपना पंजीकरण नहीं कराया है, उनसे अनुरोध है कि वे इस लिंक पर रजिस्ट्रेशन कराएं. अगर किसी भी कारणवश ईरान से रजिस्ट्रेशन न हो तो भारत में उनके परिवार से अनुरोध है कि वो नागरिक का रजिस्ट्रेशन करवाए.”
https://www.meaers.com/request/home
भारतीय दूतावास ने इमरजेंसी संपर्क हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए है.
मोबाइल नंबर: +989128109115; +989128109109+989128109102; +989932179359
ईमेल: cons.tehran@mea.gov.in
दूतावास ने सलाह दी है कि नागरिक दिए गए गाइडलाइन्स का पालन करें.
10 दिनों का इंतजार नहीं करेंगे अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप, व्हाइट हाउस ने तैयारी पूरी की
पिछले दिनों ट्रंप ने तेहरान को 10 दिनों का समय दिया था. कहा था कि अगर 10 दिनों में न्यूक्लियर समझौते पर ईरान नहीं माना तो अटैक किया जाएगा. लेकिन आशंका है कि अमेरिका सोमवार या मंगलवार से ईरान पर हमला शुरु कर सकता है.
बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों में कई अमेरिकी फाइटर जेट को मध्य-पूर्व की ओर जाते हुए देखा गया है. इन फाइटर्स के साथ-साथ कई एरियल रिफ्यूलिंग टैंकर भी मिडिल ईस्ट गए हैं. इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि अमेरिका, इजरायल के साथ मिलकर एक बड़े ऑपरेशन की तैयारी में है. अमेरिका को दो घातक युद्धपोत ईरान में हैं, क्रूजर और पनडुब्बियां भी इलाके में भेजे हैं.
पूर्व सीआईए अधिकारी ने खुलासा किया है कि “अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने भले ही ईरान को 10 दिन का समय दिया हो, लेकिन वह इसका पालन शायद ही करें. व्हाइट हाउस में उनके एक साथी ने बताया कि हमले की पूरी तैयारी हो चुकी है.”

