Breaking News Middle East War

ट्रंप नहीं तेहरान करेगा युद्ध का अंत, ईरान की दो टूक

ईरान के मोर्चे पर अमेरिका को जबरन युद्ध में धकेलने के आरोप में घिरे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का दावा है कि जल्द ही ये युद्ध हो जाएगा समाप्त.  ट्रंप ने अपने ताजा बयान में कहा है कि युद्ध समझो खत्म है, क्योंकि ईरान की वायुसेना, नौसेना सब बर्बाद हो चुके हैं.

वहीं ट्रंप के इस बयान पर ईरान की ओर से पलटवार किया गया है. ईरान ने कहा है कि हम तय करेंगे की युद्ध कब खत्म होगा. शुरू अमेरिका ने किया था, अंत ईरान तय करेगा.

28 फरवरी से मिडिल ईस्ट में युद्ध भड़का हुआ है. अमेरिका-इजरायल का सैन्य दांव उल्टा पड़ता दिख रहा है, क्योंकि अयातुल्ला खामेनेई और सभी सैन्य शीर्ष के मारे जाने के बाद भी ईरान पूरी ताकत से जवाब दे रहा है, जिसके बाद खाड़ी देशों में हड़कंप मचा हुआ है. अमेरिकी सैनिकों के साथ-साथ आम नागरिकों की भी जान जा रही है.

युद्ध लगभग खत्म, ईरान का सबकुछ तबाह: ट्रंप

ट्रंप के अनुसार, “ईरान के पास अब न तो नौसेना बची है और न ही एयरफोर्स, उनके मिसाइल भंडार और ड्रोन बनाने की फैक्ट्रियां भी तबाह कर दी गई हैं.”

फ्लोरिडा में प्रेसकॉन्फ्रेंस करते हुए ट्रंप ने कहा, “ईरान मिडिल ईस्ट पर कब्जा करने और इजरायल को खत्म करने की योजना बना रहा था. हमने इसे सही समय पर रोक दिया. हमें इसमें शामिल होने पर बहुत गर्व है. अमेरिका ने ईरान में कुछ बिजली उत्पादन स्थलों को निशाना बनाने से फिलहाल परहेज किया है, लेकिन अगर ईरान सहयोग नहीं करता है तो वह ऐसा करेगा. अगर ईरान ने अब कोई ‘चालाकी’ की तो उस देश का नामोनिशान मिटा दिया जाएगा और दुनिया फिर कभी ईरान का नाम नहीं सुनेगी.”

ईरान की ड्रोन और मिसाइल क्षमता सब खत्म: ट्रंप

राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि “अपने इजरायली सहयोगियों के साथ मिलकर, हम तकनीकी कौशल और सैन्य शक्ति के जबरदस्त प्रदर्शन से दुश्मन को कुचल रहे हैं. ईरान की ड्रोन और मिसाइल क्षमता पूरी तरह से नष्ट हो चुकी है. नौसेना खत्म हो चुकी है. सब कुछ समुद्र की गहराई में डूबा हुआ है. हमने 46 जहाजों को नष्ट कर दिया है. उनके आतंकवादी नेता मारे जा चुके हैं. हम तब तक पीछे नहीं हटेंगे जब तक दुश्मन पूरी तरह से और निर्णायक रूप से हार नहीं हो जाता.”

ट्रंप बोले, कि “हमने कई मायनों में जीत हासिल कर ली है, लेकिन अभी पर्याप्त जीत नहीं मिली है. हम इस दीर्घकालिक खतरे को हमेशा के लिए खत्म करने वाली अंतिम विजय प्राप्त करने के लिए पहले से कहीं अधिक दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं. अमेरिका मानव इतिहास का सबसे महान और असाधारण राष्ट्र है और अब दुष्ट आतंकवादियों और पागलों से किसी भी तरह से खतरा नहीं झेलेगा.”

अमेरिका नहीं हम तय करेंगे युद्ध का अंत: आईआरजीसी

अमेरिकी राष्ट्रपति के युद्ध खत्म करने वाले बयान को लेकर आईआरजीसी ने हुंकार भरी है. आईआरजीसी ने कहा है, “अमेरिका-इजरायल ने युद्ध शुरु किया है, लेकिन ये युद्ध खत्म कब होगा, ये ईरान तय करेगा. हम अमेरिका के आगे नहीं झुकेंगे. पूरे दम से लड़ेंगे और बदला लेकर रहेंगे.”

आईआरजीसी ने एक बार फिर कहा है कि “हमारी मिसाइल और ड्रोन ताकत से दुनिया अनजान है. ऐसी ऐसी मिसाइलें हैं, जिन्हें दुनिया ने देखा तक नहीं होगा.”

अमेरिका ने हमें वेनेजुएला समझ लिया था, लेकिन ट्रंप पर अपने किए पर बच नहीं सकते: लारीजानी

इससे पहले ईरान के सुरक्षा प्रमुख अली लारीजानी ने  भी ट्रंप को लेकर धमकी दी थी. लारीजानी ने कहा था कि “ट्रंप अब फंस चुके हैं. उन्हें अयातुल्ला खामेनेई की मौत की सजा मिलकर रहेगी. उनका मुद्दा था… ईरान का पूरी तरह से टूटना.” 

लारीजानी ने कहा कि “वॉशिंगटन ईरान में वेनेजुएला जैसी स्थिति बनाने की कोशिश कर रहा है. मुझे लगता है कि अमेरिकियों की सबसे बड़ी समस्या यह है कि वे पश्चिम एशिया, खासकर ईरान के संदर्भ को नहीं समझते हैं. उनकी सोच थी कि यह वेनेजुएला जैसा होगा… वे हमला करेंगे, कंट्रोल कर लेंगे और सब खत्म हो जाएगा, लेकिन अब वे फंस गए हैं.”

आपको बता दें कि आईआरजीसी लगातार मिसाइल और ड्रोन हमले कर रहा है. खाड़ी देशों में अमेरिका से जुड़े सैन्य बेस के साथ-साथ उन इमारतों को भी टारगेट कर रहा है, जो अमेरिका या इजरायल से जुड़ी हुई है. युद्ध अपने 11वें दिन में प्रवेश कर चुका है. लेकिन अमेरिका-इजरायल हमलों से थम नहीं रहें, तो ईरान झुकता नहीं दिख रहा.

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *